बीजेपी महिला मोर्चा की अध्यक्ष का तीखा हमला, बोलीं- महिलाओं को वर्गों में बांटने की राजनीति कर रही कांग्रेस

भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष राखी राठौड़ ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल भ्रम फैलाने और महिलाओं को बांटने की राजनीति कर रही है, जबकि भाजपा ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

राजस्थान की भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब केवल भ्रम फैलाने और महिलाओं को वर्गों में बांटने की राजनीति कर रही है. राखी राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस की राजस्थान महिला इकाई द्वारा दिया गया हालिया बयान पूरी तरह हास्यास्पद, तथ्यहीन और केवल राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित है. बिना जानकारी और बिना तथ्यों के आरोप लगाना अब कांग्रेस की पहचान बन चुकी है. उन्होंने कहा कि राज्यसभा में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसे महत्वपूर्ण बिल को टालने का प्रयास किया गया, जो यह साबित करता है कि कांग्रेस की सोच महिलाओं के सशक्तिकरण के खिलाफ रही है. बता दें कि राजस्थान यूनिवर्सिटी में RSS के 'मातृशक्ति संवाद' को लेकर घमासान मचा हुआ है.  

कांग्रेस ने फिर मानसिकता उजागर कर दी

उन्होंने कहा कि जयपुर में आयोजित महिलाओं के सशक्तिकरण कार्यक्रम का विरोध कर कांग्रेस ने अपनी मानसिकता एक बार फिर उजागर कर दी. राखी राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं को सिर्फ वोट बैंक के रूप में देखा है, जबकि भाजपा ने उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए कई ऐतिहासिक योजनाएं शुरू की हैं. प्रधानमंत्री के ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान से हरियाणा और राजस्थान जैसे राज्यों में बालिका अनुपात में उल्लेखनीय सुधार हुआ है.

Advertisement

मोदी सरकार की योजनाओं का भी किया जिक्र

राखी राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना में महिलाओं को संपत्ति का मालिकाना हक मिला, हर घर नल योजना से घर-घर पानी पहुंचाया गया, जनधन खातों से महिलाओं को आर्थिक रूप से जोड़ा गया, उज्ज्वला योजना से धुएं से मुक्ति मिली और ‘लखपति दीदी' योजना ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया.

'मर्दो का प्रदेश' बयान की भी दिलाई याद

राजस्थान में आज लगभग 16 लाख लखपति दीदियां हैं, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में राजस्थान को 'मर्दों का प्रदेश' जैसे तानों का सामना करना पड़ा, लेकिन वर्तमान सरकार में महिला अपराधों में कमी आई है और महिलाओं की सुरक्षा व सम्मान के लिए निरंतर काम किया जा रहा है. राखी राठौड़ ने कहा कि भाजपा के पास सशक्त और समर्पित महिलाओं की टीम है, जो पूरे देश में महिला सशक्तिकरण के लिए काम कर रही है. वहीं कांग्रेस आज भी समाज को बांटने की राजनीति में लगी हुई है.

यह भी पढ़ेंः जयपुरिया अस्पताल पर VIP ड्यूटी का बोझ, CMHO ने पत्र लिखकर खड़े किए हाथ