विज्ञापन
This Article is From Jun 10, 2025

न‍िकाय उप-चुनाव में बीजेपी की 36 में से 28 सीटों पर जीत, मदन राठौड़ बोले- जनता ने खुले मन से स्‍वीकारा 

Rajasthan: बीजेपी प्रदेश अध्‍यक्ष ने कहा क‍ि भाजपा ने पूर्व में प्राप्त सीट से लगभग दोगुनी सीट पर जीत दर्ज करते हुए कुल 36 में से 27 सीट पर कमल खिलाया है, और एक जीत भाजपा समर्थित प्रत्याशी की हुई.

न‍िकाय उप-चुनाव में बीजेपी की 36 में से 28 सीटों पर जीत, मदन राठौड़ बोले- जनता ने खुले मन से स्‍वीकारा 
न‍िकाय उप-चुनाव में जीत के बाद जश्‍न मनाते बीजेपी प्रदेश अध्‍यक्ष मदन राठौड़.

Rajasthan: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष मदन राठौड़ ने सोमवार को कहा कि नगरीय निकायों और पंचायती राज संस्थाओं के उपचुनाव में भाजपा ने 36 में से 28 सीट जीतकर शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने कहा कि भाजपा ने पूर्व में प्राप्त सीट से लगभग दोगुनी सीट पर जीत दर्ज करते हुए कुल 36 में से 27 सीट पर कमल खिलाया है और एक जीत भाजपा समर्थित प्रत्याशी की हुई. उन्होंने कहा कि इस प्रकार कुल 28 सीट भाजपा के खाते में आईं. 

सीएम को जीत का द‍िया श्रेय 

उन्होंने कहा, "यह जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रिय नीतियों एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रतिफल है, जिसे जनता ने खुले मन से स्वीकारा है." राठौड़ ने बताया कि जिला परिषद की छह में से पांच सीट पर भाजपा प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है, इसी प्रकार पंचायत समिति के 18 सीट के उपचुनाव में भाजपा ने 12 पर विजय प्राप्त की, जबकि कांग्रेस को मात्र तीन सीट पर संतोष करना पड़ा.

उनका कहना था कि शेष तीन सीट पर अन्य दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों को जीत मिली है.  नगर पालिका उपचुनाव में भी भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया है.  कुल 12 सीट में से 10 पर भाजपा के प्रत्याशियों ने जीत का परचम लहराया है. 

"जनता ने डोटासरा को द‍िया करारा जवाब"

राठौड़ ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर कटाक्ष करते हुए कहा, "वह आए दिन अनर्गल और बेबुनियाद बयानबाजी कर जनता को गुमराह करने की कोशिश करते हैं, लेकिन अब प्रदेश की जनता ने उन्हें एक बार फिर करारा जवाब दिया है."

सीएम बोले- जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक 

नगर निकाय चुनावों में लक्ष्मणगढ़ – जो स्वयं डोटासरा की विधानसभा सीट है – वहां कांग्रेस प्रत्याशी हार गए. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा क‍ि यह जीत 'डबल इंजन सरकार' की लोक-कल्याणकारी योजनाओं पर देवतुल्य जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है. 

सीएम ने मतदाताओं का जताया आभार 

उन्होंने ‘एक्स' पर लिखा, "भगवामय राजस्थान.  नगर निकाय एवं पंचायतीराज उपचुनाव 2025 में भारतीय जनता पार्टी की प्रचण्ड विजय पर देवतुल्य मतदाताओं का आभार, विजयी हुए समस्त प्रत्याशियों को बधाई एवं सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं को उनके अथक परिश्रम हेतु अभिनंदन है."

यह भी पढ़ें : पायलट-गहलोत की मुलाकात का परिणाम है गुर्जर आंदोलन? कांग्रेस पर साजिश के लगे आरोप

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com