Bharatpur News: भरतपुर के खेड़ली मोड़ थाना इलाके में शव चरागाह जमीन में गढ़ा हुआ मिला. शव को पुलिस ने बाहर निकाला. शव की शिनाख्त नहीं हो सकी. जंगल की तरफ आये ग्रामीणों ने जमीन से शव के हाथ पैर निकले देखे तो, उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी. मृतक की उम्र 25 से 30 साल के बीच बताई जा रही है. साथ ही शव के हाथ पर पवन खेड़ली लिखा हुआ है.
भुसावर सर्किल सीओ वीरेंद्र सिंह ने बताया कि आज सुबह सूचना मिली थी कि सामंतपुरा गांव की चरागाह भूमि पर एक शव जमीन दबा हुआ है. मौके पर तुरंत पुलिस की टीम पहुंची. शव के हाथ और पैर जमीन से निकल रहे थे. जिसके बाद मौके पर FSL की टीम को बुलाया गया. FSL की टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए. जिसके बाद शव को भुसावर अस्पताल में रखवा दिया गया है.
हाथ पर पवन खेड़ली लिखा है
शव की शिनाख्त होने पर ही शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा. शव के एक हाथ पर इंग्लिश में पवन खेड़ली लिखा हुआ है. मामले की जांच के बाद ही साफ़ हो पाएगा शव यहां कैसे आया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
दो दिन यह रास्ता था बंद
पास ही गांव जसवर के रहने वाले संजीव ने बताया कि जहां पर शव गढ़ा हुआ मिला है उससे कुछ दूरी पर मेरी बोरिंग है. दो दिन मैं इधर की तरफ आया था तो, यह रास्ता बंद था. जब मैंने पूछा की रास्ता क्यों बंद है तो, पास ही मौजूद क्रेशर वालों ने बताया कि क्रेशर से पत्थर निकाले जा रहे हैं इसलिए यह रास्ता बंद किया गया है. रास्ता बंद होने के कारण संजीव वहां से चला गया.
आज फिर से संजीव अपने बोरिंग पर पहुंचा. पास ही स्थित अपने खेत में संजीव सरसों काट रहा था. जंगल की तरफ घूमने आये व्यक्ति भोपा ने मुख्य बताया कि जमीन में एक व्यक्ति के हाथ पैर निकले दिखाई दे रहे हैं. तब संजीव मौके पर पहुंचा. इतने में गांव के लोग इकट्ठे हो गए. जिसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई.
मृतक की उम्र 25 से 30 साल के बीच
शव मिट्टी में करीब 2 फुट गहरे गड्ढे में दबा हुआ था. शव को निकालने के बाद पुलिस ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों से पूछताछ की लेकिन, किसी ने भी शव की शिनाख्त नहीं कि युवक की उम्र 25 से 30 साल के बीच बताई जा रही है. शरीर पर सिर्फ एक जींस थी. तलाशी के दौरान भी शव से कुछ बरामद नहीं हुआ.