Rajasthan Budget 11 February 2026 LIVE Updates: राजस्थान की डिप्टी सीएम और फाइनेंस मिनिस्टर दिया कुमारी (Diya Kumari) आज विधानसभा (Rajasthan Assembly) में भजनलाल सरकार का तीसरा पूर्ण बजट (Rajasthan Budget 2026-27) पेश करने जा रही हैं. 'विकसित राजस्थान @2047' के विजन को धरातल पर उतारने के लिए तैयार इस बजट से प्रदेश के युवाओं, किसानों और महिलाओं को भारी उम्मीदें हैं. डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा (Prem Chand Bairwa) ने पहले ही संकेत दे दिए हैं कि यह बजट न केवल प्रदेश के विकास की रफ्तार को तेज करेगा, बल्कि यह मुख्य रूप से आम आदमी की सुरक्षा और सुविधा पर केंद्रित होगा.
युवाओं और महिलाओं के लिए क्या होगा खास?
ठीक 11 बजे सदन में वित्त मंत्री का बजट भाषण शुरू होगा. NDTV को सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस बजट में सरकार 'नया भर्ती कैलेंडर' जारी कर सकती है. इसके अलावा स्किल ट्रेनिंग और प्राइवेट सेक्टर में निवेश बढ़ाकर युवाओं को नए अवसर देने की घोषणा की जा सकती है. साथ ही पेंशन योजनाओं में बढ़ोतरी, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और खाद्य सुरक्षा को लेकर बड़े ऐलान हो सकते हैं. महिलाओं के लिए विशेष स्वरोजगार योजनाओं की भी उम्मीद की जा रही है.
किसानों के लिए सब्सिडी की घोषणा भी संभव
बताया जा रहा है कि इस बार खेती, सिंचाई और पशुपालन सरकार की प्राथमिकता में रहेंगे. गांवों में बुनियादी ढांचा सुधारने और नई कृषि तकनीक के लिए बड़ी सब्सिडी की घोषणा की जा सकती है. उधर, सड़क, एक्सप्रेसवे और शहरी विकास पर भारी निवेश की उम्मीद है. मेट्रो विस्तार और नई पेयजल योजनाओं (जैसे ERCP) के लिए बड़े फंड का प्रावधान किया जा सकता है. राजस्थान में पानी की कमी को देखते हुए 'जल संरक्षण' की पुरानी योजनाओं को बजट बढ़ाया जा सकता है. पर्यावरण को बचाने के लिए नए ग्रीन प्रोजेक्ट्स की भी घोषणा संभव है.
Here are the Live Updates of Rajasthan Budget 2026-27
राजस्थानी संस्कृति के रंग में रंगा बजट सत्र
विधानसभा में बजट पेश करने पहुंचीं उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री दिया कुमारी आज पूरी तरह से राजस्थानी रंग में नजर आ रही हैं. उन्होंने आज के खास मौके पर पारंपरिक फागणिया और बंधेज की पोशाक पहनी है, जो न केवल राजस्थान की समृद्ध संस्कृति का प्रतीक है, बल्कि बजट के इस उत्सव को एक विशेष लोक रंग भी दे रहा है.
NDTV राजस्थान से खास बातचीत में टीकाराम जूली ने कहा, 'हमारा काम सरकार को आईना दिखाना है. जनता की बात को उठाना है. इस सरकार ने अपने पिछले 2 बजट में जो घोषणाएं की थीं, उनमें से 30% भी वो पूरी नहीं कर पाए हैं. 25% योजनाएं ऐसी हैं जो अभी तक शुरू ही नहीं हुई है. फिर ये घोषणाएं क्या सिर्फ एक दिन वाहवाही लुटने के लिए की जाती हैं. ये कैसा समावेशी बजट है जिसने राजस्थान को कर्ज में डुबाकर रख दिया है. बहुत गंभीर स्थिति आने वाली है. आज कर्जा चुकाने के लिए सरकार को नया कर्जा लेना पड़ रहा है.'
Budget 2026 Live: 'सरकार उधार लेकर घी पी रही है'
राजस्थान विधानसभा में बजट 2026 पेश होने से ठीक पहले कांग्रेस विधायक रोहित बोहरा ने कर्ज के मुद्दे पर भजनलाल सरकार को घेरा है. उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा है कि सरकार उधार लेकर घी पी रही है. इस सरकार ने बैंक ऑफ़ महाराष्ट्र और बैंक ऑफ बड़ौदा से 40000 करोड रुपये लेने के लिए एमओयू किया है. कर्ज उतारने के लिए नया कर्ज लेने का खेल आखिर कब तक चलेगा?
Rajasthan Budget 2026-27: 'पिछले 2 बजट की सिर्फ 26 प्रतिशत घोषणाएं पूरी हुईं'
बजट से पहले नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि पिछले 2 बजट की सिर्फ 26 प्रतिशत घोषणाएं पूरी हुई हैं. यह सरकार सिर्फ कर्ज पर कर्जा लिए जा रही है. हर एक राजस्थानी पर 1 लाख रुपये का कर्ज ये लोग ठोक चुके हैं.
महंगाई से गरीब लोग बहुत परेशान हैं. डीजल पेट्रोल पर टैक्स कम करने की बात थी. लेकिन उस पर तो कोई चर्चा ही नहीं हो रही.
जूली बोले बजट में फूलों की बरसात में बच के रहना. पुराने जुमले अभी तक उनके पूरे नहीं हुए. 18 घोषणाएं तो सरकार से करवा दी और बाद में उनका नॉट फीजिबल बता दिया.
सहकार मार्ग पर पुल बनाने की घोषणा पिछले बजट में की गई थी. मुख्यमंत्री रोजाना इस पुल से आ रहे हैं. जूली ने सवाल उठाते हुए कहा कि बजट की घोषणा पर पुल की दिशा में एक कदम भी बढ़े हों तो सरकार बता दें.
Rajasthan Budget 2026 Live: स्पीकर अध्यक्ष वासुदेव देवनानी पहुंचे विधानसभा
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी भी विधानसभा पहुंच चुके हैं. घड़ी में ठीक 11 बजते ही वित्त मंत्री दिया कुमारी सदन में बजट 2026-27 पेश करने वाली हैं. इस दौरान होने वाली घोषणाओं पर ही सबकी नजरें टिकी हुई हैं.
राजस्थान विधानसभा में पहुंची बजट 2026-27 की कॉपी
बजट 2026-27 की कॉपी राजस्थान विधानसभा में पहुंच चुकी हैं. वित्त विभाग के अधिकारी कड़ी सुरक्षा में इन्हें लेकर यहां पहुंचे हैं. फिलहाल 225 कॉपी विधानसभा लाई गई हैं.
अब थोड़ी देर में, बजट के बाद देने के लिए तैयार किए गए डॉक्यूमेंट भी विधानसभा में लाए जाएंगे.
NDTV पर देखें राजस्थान बजट 2026 का लाइव प्रसारण
राजस्थान की भजनलाल सरकार आज अपना तीसरा और इस कार्यकाल का सबसे अहम पूर्ण बजट पेश करने जा रही है. उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री दिया कुमारी सुबह 11 बजे विधानसभा में बजट भाषण शुरू करेंगी, जिसे आप NDTV राजस्थान पर सीधा देख सकते हैं.
इस बार बजट का मुख्य केंद्र 'विकसित राजस्थान @2047' का लक्ष्य है, जिसमें युवाओं के लिए नई भर्तियों के कैलेंडर, किसानों के लिए सम्मान निधि में बढ़ोतरी और महिलाओं के लिए विशेष सुरक्षा एवं स्वरोजगार योजनाओं की बड़ी घोषणाएं होने की उम्मीद है.
विधानसभा के भीतर और बाहर सियासी हलचल तेज है, जहां एक ओर सरकार इसे समावेशी विकास का बजट बता रही है, वहीं विपक्ष भी जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है. राज्य के बुनियादी ढांचे, बिजली, और सामाजिक सुरक्षा पेंशन में संभावित वृद्धि पर भी प्रदेश भर की नजरें टिकी हुई हैं.
Rajasthan Budget 2026 Live: बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कैसा होगा राजस्थान का बजट
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने विश्वास जताया कि आगामी बजट युवाओं, किसानों, महिलाओं और समाज के सभी वर्गों के हित में होगा. उन्होंने कहा, 'यह राज्य के समग्र विकास के लिए समर्पित भजनलाल सरकार का तीसरा बजट होगा. बजट समावेशी होगा और इसमें युवाओं, किसानों, महिलाओं और आम लोगों के हितों का ध्यान रखा जाएगा.'
Budget LIVE Rajasthan: भजनलाल सरकार का रिपोर्ट कार्ड, 2718 में से 900 घोषणाएं पूरी
पिछले दो बजट में भजनलाल सरकार ने कुल 2718 घोषणाएं की थीं. इनमें से 900 पूरी हो चुकी हैं, 1534 प्रगतिरत या प्रशासनिक स्वीकृति की स्थिति में हैं. जबकि 284 घोषणाएं अभी शुरू नहीं हो सकी हैं. वर्ष 2024-25 के बजट में 1277 और 2025-26 के बजट में 1441 घोषणाएं की गई थीं.
Budget 2026 Live: क्या नागौर को मिलेंगी दो दर्जन नई सड़कें? पेट्रोल-डीजल पर वैट घटाने की भी उठी मांग
राजस्थान बजट से ठीक पहले नागौर और डीडवाना-कुचामन के विकास को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को सांसद हनुमान बेनीवाल ने एक महत्वपूर्ण मांग पत्र भेजा है, जिसमें जनता को महंगाई से राहत देने के लिए पेट्रोल-डीजल पर वैट (VAT) घटाने और बूंद-बूंद सिंचाई कनेक्शनों को एक वर्ष में नियमित करने की बड़ी मांग रखी गई है. इस प्रस्ताव में दो दर्जन से अधिक सड़कों के चौड़ीकरण, रेलवे फाटकों पर ROB निर्माण, नए सरकारी कॉलेजों की स्थापना और नागौर में पंचायती राज शोध संस्थान के लिए बजट आवंटन जैसे अहम बिंदु शामिल हैं. अब देखना होगा कि सुबह 11 बजे वित्त मंत्री दिया कुमारी के 'भगवा बैग' से इन क्षेत्रीय मांगों को लेकर क्या सौगातें निकलती हैं.
Rajasthan Budget 2026: आज होने वाले संभावित बड़े ऐलान (Big Expectations)
युवाओं और रोजगार के लिए:-
- करीब 1 लाख नई सरकारी नौकरियों का ऐलान संभव.
- शिक्षा, स्वास्थ्य और पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर भर्ती की तैयारी.
- RAS और कुछ बड़े पदों को छोड़कर अधिकांश भर्तियों में इंटरव्यू प्रक्रिया खत्म हो सकती है.
- संविदा कर्मी की मानदेय (Salary) में बढ़ोतरी का बड़ा प्रावधान संभव.
सामाजिक सुरक्षा और पेंशन:-
- सामाजिक सुरक्षा पेंशन में 15% की बढ़ोतरी संभव.
- बुजुर्ग, विधवा और दिव्यांग पेंशनधारकों को मिलेगा सीधा लाभ.
किसानों और पशुपालकों के लिए:-
- किसान सम्मान निधि' को चरणबद्ध तरीके से ₹12,000 तक ले जाने की तैयारी.
- गेहूं पर MSP बोनस और दूध खरीद पर प्रति लीटर बोनस बढ़ने की उम्मीद.
- बाजरा और ज्वार की सरकारी खरीद का हो सकता है बड़ा ऐलान.
- माइक्रो इरिगेशन और आदिवासी इलाकों के लिए नई सिंचाई योजनाओं पर फोकस.
महिलाओं और ग्रामीण विकास:-
- आंगनवाड़ी और आशा सहयोगियों के मानदेय/प्रोत्साहन राशि में बढ़ोतरी संभव.
- महिलाओं के लिए विशेष डेयरी प्रोत्साहन योजना और स्वयं सहायता समूहों का बजट बढ़ेगा.
इंफ्रास्ट्रक्चर और ट्रांसपोर्ट:-
- जयपुर मेट्रो फेज-2 के पहले पैकेज के लिए बजट का बड़ा प्रावधान.
- नए स्टेट एक्सप्रेस-वे, रिंग रोड फेज-2 और सैटेलाइट टाउन का विकास.
- प्रदेश के बेड़े में शामिल होंगी 1000 नई बसें और इलेक्ट्रिक बसों पर जोर.
नीतिगत और सामाजिक बदलाव:-
- कर्मचारियों के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित 'नई तबादला नीति' का ऐलान संभव.
- दो से ज्यादा बच्चों वालों पर चुनाव लड़ने की रोक हटाने के लिए बिल लाने की घोषणा.
- राज्य वृक्ष खेजड़ी सहित पेड़ों की सुरक्षा के लिए सख्त कानून में बदलाव.
शिक्षा और स्वास्थ्य:-
- नए मेडिकल कॉलेज, अस्पताल और पीएचसी-सीएचसी भवनों का निर्माण.
- जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत के लिए अलग से बड़ा फंड.
Rajasthan Budget 2026-27: इस बार 'ब्राउन' नहीं 'भगवा' कलर का बजट बैग, क्या हैं संकेत
राजस्थान की वित्त मंत्री दिया कुमारी आज सुबह 11 बजे अपना तीसरा बजट पेश करेंगी. बजट पेश होने से पहले ही अपने प्रतीकात्मक संकेतों को लेकर यह बजट चर्चा में है.
पिछले दो बजट सत्रों में वित्त मंत्री जिस पारंपरिक लेदर के भूरे रंग के बैग के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात करने पहुंची थीं, इस बार उस रंग में बदलाव नजर आया है. इस बार दिया कुमारी भगवा रंग का बैग लेकर मुख्यमंत्री से मिलने पहुंची हैं. राजनीतिक गलियारों में इस बदलाव को प्रतीकात्मक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है.
सियासी चर्चाओं में माना जा रहा है कि इस बार के बजट में परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और आस्था से जुड़ी योजनाओं पर विशेष फोकस हो सकता है. धार्मिक पर्यटन, धरोहर संरक्षण और मंदिर विकास से जुड़े प्रोजेक्ट्स को लेकर महत्वपूर्ण घोषणाएं संभव मानी जा रही हैं.
इसके साथ ही राजस्थान के पर्यटन क्षेत्र को लेकर भी खास पैकेज या नई योजनाओं की उम्मीद जताई जा रही है. राज्य सरकार पहले ही पर्यटन को रोजगार सृजन और निवेश आकर्षित करने के बड़े माध्यम के तौर पर पेश करती रही है. ऐसे में बजट में पर्यटन इंफ्रास्ट्रक्चर, हेरिटेज सर्किट, डेजर्ट और वाइल्ड लाइफ टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए प्रावधान किए जाने की संभावना है.
Rajasthan Budget 2026 Live: चूरू की बेटियों ने वित्त मंत्री दिया कुमारी के सामने रखी अपनी 'विशलिस्ट'
राजस्थान बजट पेश होने में अब कुछ ही समय बचा है. इस बीच चूरू से NDTV की खास ग्राउंड रिपोर्ट सामने आई है, जहां युवा बेटियों ने सरकार को अपनी उम्मीदों का आईना दिखाया है. प्रदेश की पहली महिला वित्त मंत्री से इन बेटियों को काफी उम्मीदें हैं. उनकी मांगें कुछ इस प्रकार हैं:-
- डॉक्टरों, नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ के खाली पदों को तुरंत भरने की मांग.
- सरकारी स्कूलों में बदहाल शौचालय और खराब स्वास्थ्य व्यवस्था को सुधारने की अपील.
- केवल डिग्री नहीं, बल्कि डिजिटल कौशल और स्वरोजगार के लिए ठोस सरकारी सहयोग की दरकार.
- घरेलू महिलाओं को घर बैठे काम और डिजिटल मार्केटिंग की ट्रेनिंग के लिए फंड का प्रावधान.
Budget 2026 Live: सीएम भजनलाल शर्मा बोले- 'आज का दिन राजस्थान के लिए ऐतिहासिक होगा'
बजट से पहले राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक्स पर एक ट्वीट किया है. उन्होंने लिखा, 'आज का दिन राजस्थान के लिए ऐतिहासिक होने जा रहा है. पीएम मोदी के सबका साथ, सबका विकास के मंत्र को साकार करता यह बजट प्रदेश की प्रगति का सशक्त रोडमैप सिद्ध होगा. आस्था को सम्मान, अंत्योदय को संबल और अर्थव्यवस्था को नई गति देने वाले इस ऐतिहासिक बजट के लिए उप मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री दिया कुमारी और उनकी पूरी टीम को हार्दिक बधाई. मुझे पूर्ण विश्वास है कि यह बजट राजस्थान के स्वर्णिम भविष्य की सुदृढ़ आधारशिला सिद्ध होगा.'