राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने NDTV के 'जल से समृद्धि' कॉन्क्लेव में कहा कि यह विषय केवल राजस्थान का ही नहीं, बल्कि पूरे देश का है. क्योंकि जल ही जीवन है. पुरातन काल में भी जहा जल की उपलब्धता होती थी, वहीं बड़े-बड़े शहर बसते थे. आज भी हम देखें, तो हमारे अधिकांश शहर नदियों के किनारे ही बसे हुए हैं. लेकिन राजस्थान की एक अलग परिस्थिति है. राजस्थान में पानी की भारी कमी रही है. परंतु बीते ढाई वर्षों के अंदर राजस्थान में हमारी सरकार ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं.
'वर्षों से अटकी योजना का शिलान्यास'
सीएम भजनलाल ने आगे कहा कि हमारे पूर्वजों ने यहां पानी को सहेजने का काम किया, लेकिन पानी की कमी के कारण कई लोगों को अन्य जगहों पर पलायन भी करना पड़ा. परंतु आज आप देख रहे हैं कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले ढाई सालों में हमारी सरकार ने जिस तरह से काम किया है, उसके परिणाम सामने हैं. वर्षों से अटकी हुई योजनाएं ERCP 'राम जल सेतु' योजना का MOU हुआ और 17 दिसंबर 2024 को उसका शिलान्यास भी हुआ.
'यमुना जल समझौता जल्द धरातल पर उतरने वाला'
वीडियो संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी तरह शेखावाटी के लिए आवश्यक यमुना जल समझौते का भी MOA हुआ. 34,000 करोड़ रुपये की यह योजना जल्द ही शिलान्यास होकर धरातल पर उतरने वाली है. इसके अलावा, हमारी इंदिरा गांधी नहर से हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर, फलोदी, जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर और नागौर को पीने और सिंचाई का पानी मिल रहा है. हमारी सरकार ने 5,000 करोड़ रुपये के काम कराकर जलापूर्ति को बढ़ाने का काम किया है.
यही नहीं, देवास स्कीम के माध्यम से हमने टनल और एनीकट बनाकर उस पानी को भी उपयोग में लिया, जो पहले व्यर्थ बह जाता था. इससे उदयपुर, चित्तौड़गढ़, राजसमंद और भीलवाड़ा तक पानी पहुंचाने और बीसलपुर बांध को भरने का काम किया जा रहा है. माही डैम परियोजना में लगभग 80,000 हेक्टेयर सिंचाई क्षमता के लिए 4,000 करोड़ रुपये का प्रावधान करते हुए हमने डूंगरपुर और बांसवाड़ा के किसानों को राहत पहुंचाई है.
'राम जल सेतु' योजना से 3,80,000 हेक्टेयर, इंदिरा गांधी नहर से 1,00,000 हेक्टेयर और माही डैम से 80,000 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी. राजस्थान के आम नागरिक को स्वच्छ पेयजल, किसानों को सिंचाई, पशुओं को पानी और उद्योगों को जल मिलेगा. मित्रों, जहां पानी है, वहीं समृद्धि है. मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं राजस्थान की जनता को विश्वास दिलाता हूँ कि आने वाले समय में यहाँ पानी की कोई कमी नहीं रहेगी.
यह भी पढे़ं- यमुना जल समझौता राजस्थान के लिए ‘गेम चेंजर', होगी नई औद्योगिक क्रांति- वासुदेव देवनानी