राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने आगामी जिला परिषद, पंचायत समिति और नगर निकाय चुनावों को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस जीतकर आएगी. पार्टी में जहां सर्वसम्मति बनेगी, वहां उसी उम्मीदवार को आगे किया जाएगा और जीतने की क्षमता रखने वाले प्रत्याशियों को प्राथमिकता दी जाएगी. उन्होंने दावा किया कि राजस्थान में मौजूदा माहौल कांग्रेस के पक्ष में है और आगामी चुनावों में पार्टी मजबूती से मुकाबला कर जीत हासिल करेगी.
PAC तय करेगी टिकट- रंधावा
टिकट वितरण को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की ओर से बनाई गई राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) यानी जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्ष सहित संगठन के पदाधिकारियों से चर्चा की जाएगी. इसके अलावा सचिन पायलट और अशोक गहलोत सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से भी सलाह-मशविरा किया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी विधायक या संभावित उम्मीदवार को टिकट का कोई संदेश या लिफाफा भेजने जैसी बात नहीं है.
"राजस्थान की कांग्रेस की आंधी को नहीं रोक पाएंगे"
भाजपा की ओर से राजस्थान कांग्रेस में गुटबाजी के आरोपों पर रंधावा ने पलटवार किया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी और राजस्थान में कांग्रेस की आंधी को कोई नहीं रोक पाएगा. रंधावा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के राजस्थान दौरे और कांग्रेस पर लगाए गए आरोपों को लेकर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि गृह मंत्री को कांग्रेस पर आरोप लगाने के बजाय देश में सामने आ रहे गंभीर मुद्दों पर जवाब देना चाहिए. साथ ही कहा कि जेलों से गैंगस्टर नेटवर्क संचालित होने की बातें सामने आ रही हैं और ऐसे नेटवर्क को रोकने की जरूरत है.
प्रभारी बोले- कांग्रेस को देशभक्ति का प्रमाणपत्र देने की जरूरत नहीं
सोनिया गांधी पर वंदे मातरम् के अपमान के भाजपा के आरोप पर रंधावा ने तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भाजपा से देशभक्ति का प्रमाणपत्र लेने की जरूरत नहीं है. कांग्रेस और गांधी परिवार का देश की आजादी में योगदान रहा है और कांग्रेस लंबे समय से वंदे मातरम् गाती रही है. जो लोग कांग्रेस से देशभक्ति का प्रमाणपत्र मांग रहे हैं, उन्हें पहले अपने इतिहास पर नजर डालनी चाहिए.
यह भी पढ़ेंः '5 ही जगह Gen अल्फा ने किया प्रदर्शन तो पसीने आ गए!' स्कूलों में वीडियो पर लगे बैन पर बोले टीकाराम जूली