राजस्थान में सड़क आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक और बड़े प्रोजेक्ट को मंजूरी मिली है. केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने राजस्थान में नागौर-बीकानेर नेशनल हाईवे को फोरलेन बनाने की मंजूरी दे दी है. इस हाईवे के फोरलेन होने से बीकानेर और नागौर के बीच आवागमन और आसान हो जाएगा. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नागौर-बीकानेर नेशनल हाईवे के फोरलेन करने की मंजूरी मिलने पर कहा कि इस परियोजना से नागौर और बीकानेर सहित नजदीकी क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलेगी.
BOT मॉडल पर होगा फोरलेन
नागौर-बीकानेर हाईवे को फोरलेन करने का यह प्रोजेक्ट लगभग 1359.33 करोड़ रुपये की लागत से बीओटी (टोल) मॉडल पर विकसित किया जाएगा. इस परियोजना के पूरा होने के बाद पश्चिमी राजस्थान की कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी. साथ ही निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और औद्योगिक और पर्यटन गतिविधियों को भी गति मिलेगी.
आर्थिक गतिविधियों को मिलेगी नई ऊर्जा- मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि डबल इंजन सरकार के विजन और सशक्त नेतृत्व में राजस्थान में आधारभूत संरचनाओं के विकास को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है. प्रदेश में आधुनिक, सुरक्षित और सुगम सड़क नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि नागौर-बीकानेर फोरलेन परियोजना से दोनों जिलों सहित आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलेगी.
वहीं, नागौर से सांसद हनुमान बेनीवाल ने इस प्रोजेक्ट को मंजूरी मिलने पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का धन्यवाद दिया है. उन्होंने एक्स पर लिखा, "मुझे नागौर व बीकानेर संसदीय क्षेत्र के नागरिकों के साथ यह जानकारी साझा करते हुए खुशी हो रही है कि नितिन गडकरी ने नागौर से बीकानेर तक राष्ट्रीय राजमार्ग को फोर लेन करने के लिए 1360 करोड़ रुपए की स्वीकृति जारी की है. बेनीवाल ने कहा कि यह मार्ग दो लेन से चार लेन (फोर लेन) सड़क में विकसित होने से आवागमन सुलभ होगा व आम जन को इससे लाभ मिलेगा.
यह भी पढे़ं-