LPG Gas Cylinder Crisis in Rajasthan: देश और राज्य में LPG की कमी को लेकर हालात चिंताजनक होते दिख रहे हैं. कई जगहों पर गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी लाइनें लग रही हैं. एक तरफ बढ़ती भीड़ को लेकर सरकार और गैस कंपनियां दावा कर रही हैं कि स्टॉक काफी है. लेकिन इसके बावजूद लोगों में घबराहट दिख रही है. हालात ऐसे हैं कि लोग लगातार गैस सिलेंडर रिफिल करवाकर स्टॉक कर रहे हैं.
बुकिंग के बावजूद सिलेंडर नहीं मिलने से गुस्से में लोग
हालात ऐसे है कि राजधानी जयपुर के सोडाला में स्थित एक गैस एजेंसी पर लंबी लाइन में खड़े लोग लगातार एजेंसी संचालकों से झगड़ते नजर आए. लोगों ने आरोप लगाया कि कई दिनों से बुकिंग के बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं. इनमें से एक महिला निर्मला देवी ने बताया कि उनके घर में 9 लोग हैं. 4 दिन से गैस खत्म है. 27 फरवरी को बुकिंग करवाई थी. लेकिन अभी तक सिलेंडर नहीं आया है. अब वे लकड़ी का चूल्हा जला रहे हैं. बिजली का इंडक्शन भी लाना पड़ा. इसे बाद भी गैस के लिए अब वे यहां लाइन में खड़े हैं, इसी आस से की शायद उन्हें सिलेंडर मिल जाए.
उचित मूल्य से ज्यादा पैसे मांग रहे है
वहीं, गैस सिलेंडर लेने आई परवीन ने भी बताया कि उसने मोबाइल से ऑनलाइन गैस सिलेंडर बुक करने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं हो रहा है. लगातार कई बार कोशिश की. जब यहां आई तो लंबी लाइन लगी हुई देखी. पूछने पर कोई सीधा जवाब नहीं मिल रहा है. सिलेंडर देने वाला व्यक्ति उचित मूल्य से ज्यादा पैसे मांग रहा है.
गैस एजेंसियों के अंदर भीड़
Photo Credit: NDTV
जरूरत से ज्यादा सिलेंडर की मांग कर रहे है लोग
इस बीच, एजेंसी संचालक रतन कांकरिया ने हालातों को लेकर बताया कि घरेलू सिलेंडर का स्टॉक काफी है. हम जल्द से जल्द सभी को सिलेंडर देने की कोशिश कर रहे हैं. घबराहट के कारण लोग अचानक ज्यादा बुकिंग कर रहे हैं नहीं तो ज्यादा संख्या में खरीदने आ रहे हैं. कई लोग सालाना मिलने वाले 12 सिलेंडर से ज्यादा की मांग कर रहे हैं. इस जल्दबाजी और अफरा-तफरी के कारण स्थिति और खराब होती जा रही है. साथ ही, एक साथ इतनी बुकिंग होने के कारण सर्वर डाउन हो रहा है, जिससे दिक्कतें बढ़ रही हैं.
सरकार की अपील हो रही है फेल
बता दें कि कल ( बुधवार) प्रदेश में गैस किल्लत को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बैठक की थी. उन्होंने गड़बड़ी करने वाली एजेंसियों और मुनाफाखोर लोगों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए है. इसके साथ ही सप्लाई सुचारू चलाने के लिए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं. साथ ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आश्वस्त किया कि घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए सिलेंडरों की कमी नहीं है. लोग चिंता न करें.
यह भी पढ़ें: डांडी मार्च की 96वीं वर्षगांठ पर सीएम भजनलाल और अशोक गहलोत ने बापू को किया नमन, श्रद्धांजलि अर्पित कर किया याद