राजस्थान में होंडा बनाएगा पहला इलेक्ट्रिक वाहन, CM भजनलाल शर्मा ने किया मॉडल का अनावरण

राजस्थान के टपूकड़ा स्थित होण्डा संयंत्र में इस साल से इलेक्ट्रिक वाहनों का उत्पादन शुरू होने जा रहा है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मौजूदगी में कंपनी ने अपने पहले ईवी मॉडल का अनावरण किया, जिससे प्रदेश में ग्रीन मोबिलिटी और निवेश को नई गति मिलेगी.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
राजस्थान के टपूकड़ा स्थित होण्डा संयंत्र में इस साल से इलेक्ट्रिक वाहनों का उत्पादन शुरू होने जा रहा है.

Rajasthan News: राजस्थान के अलवर जिले के टपूकड़ा स्थित होण्डा कार्स इंडिया लिमिटेड के संयंत्र में जल्द ही इलेक्ट्रिक वाहनों का उत्पादन शुरू होने जा रहा है. कंपनी इसी साल अपने पहले इलेक्ट्रिक मॉडल का निर्माण यहां शुरू करेगी. इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान होण्डा के पहले ईवी मॉडल (होण्डा  अल्फा) का अनावरण किया.

जापान दौरे के बाद निवेश को मिली गति

मुख्यमंत्री ने बताया कि सितंबर 2024 में ‘राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट' की तैयारियों के तहत जापान दौरे के दौरान उन्होंने होण्डा के शीर्ष प्रबंधन को राजस्थान में इलेक्ट्रिक वाहन निर्माण और निवेश के लिए आमंत्रित किया था. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया फॉर द वर्ल्ड' के आह्वान का उल्लेख करते हुए राज्य में बेहतर आधारभूत सुविधाएं देने का भरोसा भी दिलाया था.

Advertisement

ग्रीन मोबिलिटी और रोजगार पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में हरित ऊर्जा और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा दिया जा रहा है. राजस्थान सरकार भी ग्रीन मोबिलिटी को आगे बढ़ाने और युवाओं के लिए ज्यादा रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए प्रतिबद्ध है.

उन्होंने कहा कि राजस्थान में सौर ऊर्जा की अपार संभावनाएं हैं. ऐसे में यहां इलेक्ट्रिक वाहनों का उत्पादन शुरू होना राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति देगा और पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता भी कम होगी.

प्रदेश की नीतियों से बढ़ा निवेशकों का भरोसा

मुख्यमंत्री ने बताया कि राजस्थान सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठा रही है. ईवी खरीद पर अनुदान दिया जा रहा है, सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए निवेश को आसान बनाया गया है और प्रदेश में चार्जिंग स्टेशन भी तेजी से स्थापित किए जा रहे हैं. इसके अलावा 15 साल से पुराने वाहनों को स्क्रैप कराने और नए वाहन खरीदने पर ‘राजस्थान वाहन स्क्रैपिंग नीति' के तहत छूट भी दी जा रही है.

2007 से राजस्थान से जुड़ा है होण्डा का रिश्ता

मुख्यमंत्री ने कहा कि होण्डा का राजस्थान से जुड़ाव काफी पुराना है. वर्ष 2007 में टपूकड़ा संयंत्र का शिलान्यास हुआ था और 2014 में यहां से वाहनों का उत्पादन शुरू हुआ. अब 2026 में इलेक्ट्रिक वाहनों के पहले उत्पादन के लिए इसी संयंत्र का चयन होना प्रदेश के लिए गर्व की बात है.

Advertisement

भारत से विदेशों तक भेजे जाएंगे ईवी

होण्डा कार्स इंडिया लिमिटेड के प्रेसिडेंट और सीईओ ताकाशी नाकाजिमा ने बताया कि टपूकड़ा संयंत्र भारत में कंपनी का महत्वपूर्ण उत्पादन केंद्र है. यहां से तैयार होने वाले इलेक्ट्रिक वाहन घरेलू बाजार के साथ कई देशों में निर्यात भी किए जाएंगे.

उन्होंने बताया कि कंपनी ने अपने सप्लायर्स और दोपहिया संयंत्रों के माध्यम से राजस्थान में ऑटो और ऑटो पार्ट्स की मजबूत सप्लाई चेन का पूरा इकोसिस्टम तैयार कर लिया है. बैठक में जापान से आए होण्डा प्रतिनिधिमंडल के सदस्य, मुख्य सचिव वी. निवास और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे.

Advertisement

यह भी पढ़ें- लव स्टोरी का खूनी अंजाम, प्रेमिका के घरवालों ने कुल्हाड़ी से किया वार, जिंदगी-मौत की जंग लड़ा रहा प्रेमी