Rajasthan: बीच सड़क पर पति ने पत्नी को चाकू से गोदकर मारा, खुद ने भी गला काटकर किया आत्महत्या का प्रयास

बालोतरा के सिवाना में एक पति ने पारिवारिक कलह के कारण पत्नी की चाकू से निर्मम हत्या कर दी. बीच सड़क पर हुई इस खूनी वारदात के बाद पति ने खुद का गला रेतकर आत्महत्या का प्रयास किया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
बालोतरा के सिवाना में एक पति ने पारिवारिक कलह के कारण पत्नी की चाकू से निर्मम हत्या कर दी.

Rajasthan News: राजस्थान में बालोतरा जिले के सिवाना कस्बे से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जीनगर मोहल्ले में एक पति ने पारिवारिक कलह के चलते अपनी पत्नी की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपी पति ने भी खुद का गला रेतकर अपनी जान देने का प्रयास किया. इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.

सड़क पर हुआ खूनी संघर्ष

मिली जानकारी के अनुसार नितेश जीनगर और उसकी पत्नी कांता के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था. बताया जा रहा है कि नितेश ने कांता को घर से बाहर बुलाया और बीच सड़क पर ही चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए. कांता पर हुए अचानक हमले से वह बुरी तरह लहूलुहान हो गई. वहीं वारदात को अंजाम देने के बाद नितेश ने उसी चाकू से अपने गले पर वार कर लिए.

Advertisement

इलाज के दौरान पत्नी ने तोड़ा दम

चीखपुकार सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया. आनन-फानन में दोनों को सिवाना के सीएचसी में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने कांता को मृत घोषित कर दिया. नितेश की हालत गंभीर बनी हुई है जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया है.

दो मासूमों के सिर से उठा मां का साया

सिवाना थानाधिकारी चंद्रवीर सिंह ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार दोनों की शादी करीब दस साल पहले हुई थी और उनके दो बच्चे एक बेटा और एक बेटी भी हैं. आपसी कलह का यह मामला इतना बढ़ गया कि एक परिवार पूरी तरह तबाह हो गया. पुलिस अब उन ठोस कारणों का पता लगाने में जुटी है जिनकी वजह से नितेश ने इतना खौफनाक कदम उठाया. फिलहाल पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है.

यह भी पढ़ें- Rajasthan Leopard Attack: जंजीर से बंधी रह गई कुत्ते की गर्दन, तेंदुआ धड़ अलग करके ले गया; देखें हमले का CCTV फुटेज