आमेर में अतिक्रमण हटाने पर बवाल, महिला होमगार्ड और कैफे संचालक में हुई जबरदस्त झड़प

राजस्थान में जयपुर के आमेर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान नगर निगम टीम और एक महिला कैफे संचालक के बीच विवाद हो गया. महिला होमगार्ड और संचालक के बीच धक्का मुक्की का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है. रिपोर्ट- रोहन शर्मा

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
जयपुर के आमेर में अतिक्रमण कार्रवाई के दौरान हंगामा हो गया.

Rajasthan News: राजस्थान में जयपुर की ऐतिहासिक नगरी आमेर में नगर निगम की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई के दौरान अचानक माहौल गरमा गया. सड़क किनारे रखे सामान को हटाने पहुंची टीम और एक स्थानीय कैफे संचालक महिला के बीच विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते बहस धक्का मुक्की और गुत्थमगुत्था में बदल गई. घटना से बाजार क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई. आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर जमा हो गए. हालात संभालने के लिए कुछ देर के लिए कार्रवाई रोकनी पड़ी.

सामान जब्त करने को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार निगम की टीम बाजार में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने पहुंची थी. इसी दौरान एक कैफे के बाहर रखा सामान जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई. कैफे संचालक महिला ने इसका विरोध किया और कहा कि उनका सामान नियमों के अनुसार रखा गया है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बहस इतनी बढ़ गई कि निगम टीम में शामिल महिला होमगार्ड और कैफे संचालक आमने सामने आ गईं और हाथापाई की स्थिति बन गई.

दोनों पक्षों ने लगाए आरोप

घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं. कैफे संचालक का कहना है कि बिना पर्याप्त सूचना के कार्रवाई की गई और उनके साथ अभद्र व्यवहार हुआ. वहीं निगम अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई नियमानुसार की जा रही थी और सरकारी काम में बाधा डाली गई. मौके पर मौजूद अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया और बाद में कार्रवाई आगे बढ़ाई गई.

वीडियो वायरल, पुष्टि नहीं

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें दोनों महिलाओं के बीच बहस और धक्का मुक्की दिखाई दे रही है. हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि स्वतंत्र रूप से नहीं की गई है. उल्लेखनीय है कि पर्यटन क्षेत्र होने के कारण आमेर में समय समय पर अतिक्रमण हटाने के अभियान चलते रहे हैं और ऐसे मामलों में पहले भी विवाद सामने आते रहे हैं.

Advertisement

यह भी पढ़ें- Asian Championship: राजस्थान की बेटी ने निशानेबाजी में अपने पहले अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में लहराया परचम