राजस्थान में शेरनी सुनैना को हुआ 106 डिग्री बुखार, भीषण गर्मी से आई हीटस्ट्रोक की चपेट में

राजस्थान की भीषण गर्मी की मार अब उदयपुर के वन्यजीवों पर भी पड़ने लगी है. सज्जनगढ़ बायलॉजिकल पार्क की शेरनी सुनैना हीटस्ट्रोक और लिवर की समस्या से जूझ रही है .

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
उदयपुर में शेरनी सुनैना हीटस्ट्रोक से बीमार हो गई है.

Rajasthan News: राजस्थान में पड़ रही भीषण गर्मी ने न केवल आम जनजीवन को बल्कि वन्यजीवों को भी बुरी तरह प्रभावित किया है. उदयपुर के तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी का असर अब सज्जनगढ़ बायलॉजिकल पार्क तक पहुंच गया है. यहां की मशहूर शेरनी 'सुनैना' हीटस्ट्रोक का शिकार हो गई है जिसकी वजह से वह काफी बीमार है.

सज्जनगढ़ सेंचुरी में 20 हेक्टेयर में फैली लायन सफारी में शेर सम्राट और शेरनी सुनैना को रखा गया है. जहाँ पर्यटक बंद वाहनों में इन्हें देखने पहुंचते हैं. पिछले कुछ दिनों से गर्मी का पारा 43 डिग्री के पार पहुंच गया है. करीब पांच दिन पहले जब नियमित स्वास्थ्य जांच की गई तो पता चला कि सुनैना ने खाना-पीना छोड़ दिया है. जांच करने पर डॉक्टरों ने पाया कि उसके शरीर का तापमान 106 डिग्री से भी ऊपर चला गया था. फिलहाल डॉक्टरों की एक विशेष टीम उसकी निगरानी कर रही है.

Advertisement

इलाज और स्वास्थ्य की स्थिति

पशु चिकित्सक डॉ. हिमांशु ने बताया कि सुनैना को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया जिससे उसका बुखार तो कम हुआ है लेकिन उसने अभी भी पूरी तरह से खाना शुरू नहीं किया है. उदयपुर पशु चिकित्सालय से आई जांच रिपोर्ट में उसके लिवर में कुछ समस्या सामने आई है. चिकित्सकों का मानना है कि इतनी तेज गर्मी का सीधा असर उसकी सेहत पर पड़ा है. अभी उसे सफारी से अलग रखकर विशेष देखरेख में रखा गया है. 

जांच में जुटी विशेषज्ञों की पूरी टीम

विशेषज्ञों की पूरी टीम यह प्रयास कर रही है कि सुनैना जल्द से जल्द स्वस्थ हो जाए और सामान्य रूप से भोजन लेना शुरू करे. पार्क प्रशासन द्वारा वन्यजीवों को गर्मी से बचाने के लिए अतिरिक्त प्रबंध भी किए जा रहे हैं ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति से बचा जा सके. फिलहाल सुनैना की स्थिति पर डॉक्टर पल-पल की नजर बनाए हुए हैं.

यह भी पढ़ें- Rajasthan: "सीलबंद लिफाफे में पेश हो पीड़िता की तस्वीरें", राजस्थान हाईकोर्ट की फटकार- जांच प्रक्रिया अपमानजनक नहीं हो

Topics mentioned in this article