Rajasthan: नकली खाद-बीज को लेकर एक्शन में मंत्री किरोड़ी लाल मीणा,  कहा- किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं होगा

राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, उर्वरक और कीटनाशक सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाए. उन्होंने बीकानेर में अवैध गोदामों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में सामग्री जप्त की है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा.

Rajasthan News: राजस्थान के कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीज, उर्वरक और कीटनाशक उपलब्ध कराने के लिए कड़ा रुख अपनाया है. बीकानेर में दो दिन चले विशेष अभियान में अवैध कृषि आदानों की भारी मात्रा जप्त की गई. मंत्री ने साफ कहा कि किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं होगा.

बीकानेर में अवैध गोदामों पर छापेमारी

शनिवार और रविवार को बीकानेर के भूरा कॉम्प्लेक्स, समता नगर में गोदारा एग्रो एजेंसी और अन्य गोदामों पर छापेमारी की गई. इन गोदामों में बिना लाइसेंस के भारी मात्रा में बीज, उर्वरक और कीटनाशक रखे मिले. गोदाम मालिक वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके, जिसके बाद चार गोदामों को सील कर दिया गया. इनमें अन्नदाता एग्रो एजेंसी, शिवशक्ति खाद बीज भंडार, जे पी खाद बीज एजेंसी और जमींदार विकास सेवा सहकारी समिति शामिल हैं.

Advertisement

जप्त सामग्री की भारी मात्रा

अभियान में 468.25 क्विंटल बायो स्टीमूलेंट, 6950 किलो उर्वरक, 5560 किलो बीज, 860 लीटर कीटनाशक और 150 किलो सल्फर जप्त किया गया. गुणवत्ता जांच के लिए 16 कीटनाशक, 13 उर्वरक और 3 बीज के नमूने प्रयोगशाला भेजे गए. बीकानेर कोलायत क्रय विक्रय सहकारी समिति को जप्त सामग्री सौंप दी गई.

मंत्री के सख्त निर्देश

डॉ. मीणा ने निरीक्षकों को हर क्षेत्र में नजर रखने और नियमित जांच करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि अवैध बिक्री या उत्पादन की सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई हो. लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी.

कानूनी कार्रवाई शुरू

जप्त सामग्री की सूचना जिला कलेक्टर को दी गई. बीछवाल पुलिस थाने में संबंधित फर्मों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. यह अभियान किसानों को गुणवत्तापूर्ण संसाधन सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम है.

किसानों के लिए संदेश

मंत्री ने किसानों से अपील की कि वे केवल लाइसेंस प्राप्त दुकानों से ही कृषि आदान खरीदें. यह कदम न केवल उनकी फसल की गुणवत्ता बढ़ाएगा, बल्कि उन्हें ठगी से भी बचाएगा.

Advertisement

यह भी पढ़ें- Rajasthan IAS Transfer List: राजस्थान में 62 IAS अफसर के ट्रांसफर, कई जिलों के कलेक्टर भी बदले; देखें लिस्ट