वेस्ट एशिया में जारी तनाव के बीच ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के मौत की खबर के बाद भारत में शिया समुदाय में शोक की लहर है. राजस्थान में 'राजस्थान शिया मुस्लिम महासभा' ने 3 दिवसीय शोक की घोषणा की है. वक्ताओं ने खामेनेई के निधन पर गहरा शोक जताते हुए इसे पूरी कौम के लिए अपूरणीय क्षति बताया. कहा गया कि रमजान के महीने में हुई यह शहादत याद रखी जाएगी.
अनुशासन बनाए रखने का आग्रह
महासभा के महासचिव सैय्यद आसिफ अली ने समुदाय से 3 दिन तक शोक मनाने की अपील की. उन्होंने लोगों से शांति और अनुशासन बनाए रखने का आग्रह करते हुए कहा कि धार्मिक कार्यक्रमों के जरिए दिवंगत नेता को याद किया जाएगा.
मजलिस के दौरान वक्ताओं ने अमेरिका पर निशाना साधते हुए इसे इंसानियत का नुकसान बताया. कहा गया कि खामेनेई बेकसूरों और फिलिस्तीनियों के समर्थन में आवाज उठाते थे. समुदाय के लोगों ने उनकी सेवाओं और नेतृत्व को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी.
दुकान और कारोबार बंद रखने की अपील
मौलाना कल्बे जवाद ने भी 3 दिन के शोक का ऐलान किया. उन्होंने दुकानों और कारोबार को स्वेच्छा से बंद रखने की अपील की, साथ ही स्पष्ट किया कि किसी पर किसी तरह की जबरदस्ती नहीं की जानी चाहिए.
आज रात निकालेंगे कैंडल मार्च
मौलाना ने इसे पूरी इंसानियत का नुकसान बताते हुए कहा कि खामेनेई हमेशा मजलूमों और फिलिस्तीनियों के समर्थन में खड़े रहे. आज रात कैंडल मार्च निकाला जाएगा, और देशभर में शोक सभाएं आयोजित की जाएंगी.
यह भी पढ़ें: अलवर में कब्रिस्तान के पास बने मंदिर का शिवलिंग तोड़ा, तनाव की सूचना पर पहुंची पुलिस