Rajasthan Heatwave: नौतपा शुरू भी नहीं हुआ और टूटे रिकॉर्ड! चित्तौड़गढ़ में पारा 46.3°C पार, मौसम विभाग की चेतावनी से सहमे लोग

राजस्थान में मई महीने में ही सूरज की तपिश ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. नौतपा शुरू होने से पहले ही पारा 46 डिग्री के पार पहुंच गया है, जिसने आने वाले दिनों के लिए चिंता बढ़ा दी है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
राजस्थान में नौतपा शुरू होने से पहले ही भीषण गर्मी पड़ने लग गई है.

Rajasthan Heat wave: उत्तर भारत में इस समय सूरज की किरणें आग बरसा रही हैं. राजस्थान में भीषण गर्मी ने आम जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है. चौंकाने वाली बात यह है कि अभी तो नौतपा शुरू भी नहीं हुआ है और उससे पहले ही रेगिस्तानी धरती उबलने लगी है. ऐसे में लोग सोचकर ही परेशान हैं कि जब नौतपा आएगा तो गर्मी का क्या हाल होगा.

चित्तौड़गढ़ रहा सबसे गर्म

प्रदेश में पिछले तीन-चार दिनों से दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी भारी बढ़ोतरी देखी जा रही है. पश्चिमी राजस्थान में भयंकर लू चल रही है. इस सीजन में चित्तौड़गढ़ 46.3 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा है. इसके अलावा श्रीगंगानगर में 45.9 डिग्री, अलवर में 45.8 डिग्री और पिलानी में पारा 45.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राजधानी जयपुर भी इससे बच नहीं पाई, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री तक जा पहुंचा है.

Advertisement

दिन-रात उमस और तपिश

मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक बीकानेर मंडल, शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर के उत्तरी जिलों और भरतपुर व कोटा संभाग में फिलहाल राहत की कोई उम्मीद नहीं है. अगले 4-5 दिनों तक दिन का पारा 44 से 45 डिग्री के बीच रहेगा. सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि रात का तापमान भी सामान्य से दो-तीन डिग्री ज्यादा चल रहा है, जिससे लोगों को चौबीसों घंटे उमस और भयंकर तपिश झेलनी पड़ रही है. ग्रामीण इलाकों में पानी की किल्लत और बिजली कटौती ने इस समस्या को और बढ़ा दिया है.

क्या है नौतपा और क्यों लग रहा है डर?

ज्योतिष और मौसम विज्ञान के अनुसार जब सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करता है, तो उसके अगले 9 दिनों को 'नौतपा' कहा जाता है. माना जाता है कि इस दौरान सूर्य पृथ्वी के सबसे नजदीक होता है और सबसे ज्यादा गर्मी पैदा करता है. साल 2026 में नौतपा 25 मई से शुरू होकर 2 जून तक चलेगा. लोग इससे इसलिए डर रहे हैं क्योंकि अभी से पारा 46 डिग्री पार है, तो नौतपा में लू और हीटस्ट्रोक का खतरा कई गुना बढ़ जाएगा, जिससे डिहाइड्रेशन की गंभीर समस्या हो सकती है.

दिल्ली में 2024 के बाद सबसे गर्म दिन 

गर्मी का यही क्रूर रूप दिल्ली में भी देखने को मिला. राजधानी के सफदरजंग और पालम में तापमान 45.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.7 डिग्री ज्यादा है. वहीं दिल्ली के रिज स्टेशन पर पारा 46.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार साल 2024 के बाद मई के महीने में दिल्ली का यह सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया है.

यह भी पढ़ें- राजस्थान में पारा 46 डिग्री के पार, रेगिस्तानी हवाओं ने दिल्ली-NCR को बनाया 'भट्टी'; अगले 5 दिन ऑरेंज अलर्ट

Advertisement
Topics mentioned in this article