री-नीट (Re-Neet) के फर्जी पेपर से छात्रों को ठगने की कोशिश की मामला सामने आया है. भीलवाड़ा की प्रतापनगर थाना पुलिस ने पटेल नगर विस्तार से आरोपी युवक आकाश चौधरी को गिरफ्तार किया है. आरोपी युवक बोगस पेपर बनाकर कमाई करने की फिराक में था. उसने इसके लिए 'पेपर माफिया' नाम से टेलीग्राम चैनल भी बना रखा था. इस संबंध में एसपी ऑफिस को इनपुट मिला था. इसके बाद प्रताप नगर थाना पुलिस को अलर्ट किया गया. सूचना मिलते ही पुलिस ने देर रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
विशेष शाखा से मिला था फर्जीवाड़े का इनपुट
प्रतापनगर थाना प्रभारी सुनील ताडा ने कहा, "एसपी ऑफिस की विशेष शाखा से इनपुट मिला था. सूचना मिली कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम के माध्यम से कुछ युवक भीलवाड़ा में नीट का बोगस पेपर बनाकर बेच रहे है. पेपर बेचने की आरोप में पटेल नगर विस्तार कॉलोनी से आकाश नामक युवक को गिरफ्तार किया है, जिससे पूछताछ जारी है."
बैंक खातों की डिटेल से सामने आएगा सच?
पुलिस ने आरोपी के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि आकाश चुरू जिले का रहने वाला है. उसकी उम्र महज 19 साल है, वो साइंस स्ट्रीम का छात्र है. उसके टेलीग्राम चैनल से 52 लोग जुड़े हुए थे. पुलिस ने उसका मोबाइल जब्त कर लिया है. पूछताछ के लिए उसे थाने लाया गया. भुगतान के लिए खुद के बैंक अकाउंट का क्यूआर कोड भी जोड़ रखा था. ट्रांजेक्शन डिटेल का पता लगाने के लिए बैंक खातों की डिटेल भी खंगाली जाएगी.
VPN के जरिए चला रहा था ऐप
फिलहाल, टेलीग्राम पर भारत में अस्थायी बैन है. बता दें कि NEET परीक्षाओं के कारण 22 जून तक प्लेटफॉर्म पर रोक लगाने का आदेश जारी किया गया था. हालांकि, आरोपी ने इसका भी तोड़ निकाल लिया था. VPN और प्रोक्सी के माध्यम से टेलीग्राम चला रहा था.
यह भी पढ़ेंः मानसून से पहले पूर्वी राजस्थान में जबरदस्त बरसे बादल, आज 20 जिलों में बारिश का अलर्ट