एलडीसी भर्ती परीक्षा में नकल कांड, CCTV ने खोली पोल, रिलीवर समेत 5 के खिलाफ FIR

जांच कमेटी ने एग्जाम सेंटर के सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य तथ्य खंगालने के बाद रिपोर्ट तैयार कर ली है. रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन की ओर से मामला दर्ज करवाया गया है.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
जैसलमेर के स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल परीक्षा केंद्र पर कथित नकल प्रकरण मामले में एक्शन.

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से एलडीसी भर्ती परीक्षा में नकल कांड में एफआईआर दर्ज हो गई है. 5 जुलाई को आयोजित लिपिक ग्रेड द्वितीय (LDC) भर्ती परीक्षा के दौरान जैसलमेर के स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल परीक्षा केंद्र पर कथित नकल प्रकरण में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. जिला शिक्षा अधिकारी महेश कुमार बिस्सा की रिपोर्ट पर कोतवाली थाना पुलिस ने केंद्रीय अधीक्षक, दो वीक्षक, एक रिलीवर और एक अभ्यर्थी सहित कुल 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस ने मुख्य आरोपी रिलीवर पदम सिंह और अभ्यर्थी मनु कंवर को डिटेन कर लिया है तथा जल्द गिरफ्तारी की तैयारी की जा रही है. कोतवाली थाना पुलिस ने एफआईआर संख्या 0136/2026 राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम, 2022 की धारा 3/10, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) एवं 61(2) के तहत दर्ज की है. थानाधिकारी सुरजाराम ने मामला दर्ज होने की पुष्टि की है.

इनके खिलाफ दर्ज हुआ मामला

एफआईआर में परीक्षा केंद्र के केंद्रीय अधीक्षक उम्मेद सिंह, रिलीवर पदम सिंह, वीक्षक भीम सिंह, जालम सिंह तथा अभ्यर्थी मनु कंवर पत्नी लक्ष्मण सिंह को नामजद किया गया है. पुलिस ने मुख्य आरोपी रिलीवर पदम सिंह को डिटेन कर लिया है. वहीं जिस अभ्यर्थी की कथित रूप से मदद की गई, उसे भी सखी केंद्र में रखा गया था.

Advertisement

जैसलमेर LDC परीक्षा में नकल कांड पर जांच जारी.

इससे पहले, अनियमितता के आरोप सामने आने के बाद कर्मचारी चयन बोर्ड के निर्देश पर जिला कलेक्टर अनुपमा जोरवाल ने 3 सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया था. एसडीएम जैसलमेर भरत गुर्जर की अध्यक्षता में गठित इस कमेटी में सीओ सिटी रूप सिंह इंदा और जिला शिक्षा अधिकारी महेश कुमार बिस्सा सदस्य थे. कमेटी ने परीक्षा केंद्र के सीसीटीवी फुटेज, दस्तावेजों और संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ के बाद मंगलवार देर शाम अपनी रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपी. रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया.

CCTV फुटेज में क्या मिला?

विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार जांच के दौरान मिले सीसीटीवी फुटेज में रूम नंबर-10 में तैनात रिलीवर पदम सिंह अभ्यर्थी मनु कंवर से प्रश्नपत्र लेते हुए दिखाई दिए. दावा है कि उन्होंने प्रश्नपत्र करीब 6-7 मिनट तक अपने पास रखा और बाद में उसे वापस अभ्यर्थी को सौंप दिया. इसी आधार पर नकल कराने और परीक्षा की गोपनीयता भंग करने के आरोप लगाए गए हैं.

यह है मामला

5 जुलाई को जैसलमेर जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर दो पारियों में LDC भर्ती परीक्षा आयोजित हुई थी. स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल केंद्र पर 10 कमरों में कुल 240 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था थी. प्रत्येक कमरे में 24 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे थे.बताया गया कि शाम करीब 4 बजे रूम नंबर-10 में नकल कराए जाने की चर्चा शुरू हुई, लेकिन आरोप है कि केंद्रीय अधीक्षक ने इसे गंभीरता से नहीं लिया. करीब 5 बजे फ्लाइंग स्क्वॉड के पहुंचने पर अभ्यर्थियों ने मामला उठाया, जिसके बाद अधिकारियों को सूचना दी गई. परीक्षा समाप्त होने के बाद एडीएम परसराम ने आरोप लगाने वाले और आरोपित सभी लोगों के बयान लिए. जांच की प्रक्रिया देर शाम तक चलती रही.

कांग्रेस ने उठाया मुद्दा

परीक्षा के अगले दिन 6 जुलाई को जैसलमेर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर द्वारा सोशल मीडिया पर मामला उठाए जाने के बाद यह प्रकरण राजनीतिक रूप से भी गरमा गया. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, पूर्व मंत्री हरीश चौधरी, पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई. एनएसयूआई और कांग्रेस ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी.

Advertisement

पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेंवतदान चारण को मामले का जांच अधिकारी नियुक्त किया है. पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी. अब इस मामले में जांच अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेंवतदान चारण,सीओ सिटी रूप सिंह व कोतवाली टीम स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल पहुंची है और जिला शिक्षा अधिकारी के बयान ले रही है.साथ ही FSL टीम को भी साक्ष्य जुटाने के लिए मौक़े पर बुलाया गया है.

यह भी पढ़ेंः जयपुर में 4 महीने के भीतर दूसरी बार जमीन की कीमतों में होगा उछाल, रजिस्ट्री से होम लोन पर क्या होगा असर?

Advertisement