3 minutes ago

Rajasthan Breaking News Today Live: राजस्थान के लिए आज की सुबह भारी खबर लेकर आई है. ईरान-इजरायल संघर्ष के बीच ओमान के पास एक तेल टैंकर पर हुए हमले में नागौर के 24 वर्षीय दलीप सिंह की मौत हो गई है. मर्चेंट नेवी में कार्यरत दलीप ने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए यह नौकरी जॉइन की थी, लेकिन 1 मार्च को हुए धमाके में उनकी जान चली गई. वहीं, दूसरी ओर राहत भरी खबर दुबई से है, जहां युद्ध के चलते फंसे जोधपुर के 120 श्रद्धालु आज निजी विमान कंपनी की विशेष व्यवस्था से वतन लौट रहे हैं. ये श्रद्धालु कथा वाचक के साथ धार्मिक यात्रा पर गए थे और अब कोच्चि व अहमदाबाद के रास्ते घर पहुंचेंगे.

सियासी गलियारों की बात करें तो होली की छुट्टी के बाद आज सुबह 11 बजे से राजस्थान विधानसभा की बैठक फिर शुरू होगी. सदन में आज 'राजस्थान जन विश्वास उपबंधों का संशोधन विधेयक 2026' और 'राजस्थान दुकान और वाणिज्यिक संस्थान संशोधन विधेयक' पर चर्चा के बाद इन्हें पारित किया जाएगा. डिप्टी सीएम दिया कुमारी के विभागों से जुड़े तीन सवाल भी आज सदन में गूंजेंगे. इधर, लाडनूं में विधायक मुकेश भाकर की शादी का जश्न है, जिसमें शामिल होने दिग्गज नेता सचिन पायलट दोपहर 3:30 बजे पहुंचेंगे. साथ ही, आज प्रदेश भर में राजस्थान पुलिस की पारंपरिक होली का रंग भी देखने को मिलेगा.

Here Are The LIVE Updates of Rajasthan Top News Today

Mar 05, 2026 11:11 (IST)

Rajasthan Police Holi LIVE: 'परफ्यूम लगावे चुन्नी में' गाने पर जमकर थिरकी कोटा पुलिस

टोंक पुलिस लाइन में होली के जश्न के दौरान उस वक्त जबरदस्त उत्साह देखने को मिला जब डीजे पर 'परफ्यूम लगावे चुन्नी में' गाना बजा. इस गाने की धुन पर पुलिस जवान खुद को रोक नहीं पाए और झूमकर डांस किया. जवानों की मस्ती देख जिला कलेक्टर कल्पना अग्रवाल और एसपी राजेश मीणा ने भी उनके परिवार के साथ खुशियां बांटीं, जिससे पूरी पुलिस लाइन मस्ती और भाईचारे के रंग में रंग गई.

Mar 05, 2026 11:07 (IST)

Rajasthan Police Holi LIVE Updates: 2 साल बाद करौली पुलिस लाइन में जमी होली की महफिल, ढोल की थाप पर थिरके एसपी लोकेश सोनवाल

करौली जिला मुख्यालय पर आज पुलिस महकमे ने पूरे उत्साह के साथ होली मनाई. एसपी निज निवास पर शुभकामनाओं के दौर के बाद, करीब 2 वर्ष के अंतराल पर पुलिस लाइन में भव्य होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया. 

इस दौरान एसपी लोकेश सोनवाल स्थानीय परंपरा 'हेला ख्याल' और ढोल-मृदंग की थाप पर पुलिसकर्मियों के साथ जमकर थिरके, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

कार्यक्रम में एएसपी, डिप्टी और विभिन्न थानों के प्रभारियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई दी और पारंपरिक गीतों पर जश्न मनाया.

Mar 05, 2026 11:04 (IST)

Rajasthan Police Holi LIVE: धौलपुर के कलेक्टर और एसपी ने जवानों संग किया भांगड़ा

धौलपुर जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन में आज पुलिस परिवार और प्रशासन ने हर्षोल्लास के साथ होली का पर्व मनाया. ड्यूटी के बाद आयोजित इस कार्यक्रम में जिला कलेक्टर श्री निधि बीटी और पुलिस अधीक्षक विकास सागवान ने पुलिसकर्मियों के साथ डीजे की धुनों पर जमकर ठुमके लगाए और भांगड़ा कर समां बांध दिया.

करीब डेढ़ घंटे तक चले इस उत्सव में दोनों बड़े अधिकारियों ने जवानों को गुलाल लगाकर सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश दिया. कलेक्टर और एसपी ने कहा कि होली मर्यादाओं में रहकर खुशियां बांटने का त्योहार है, जिसे पुलिस महकमे ने आज एक परिवार की तरह सेलिब्रेट किया.

Mar 05, 2026 11:03 (IST)

Rajasthan Police Holi LIVE: उदयपुर आईजी और एसपी ने जवानों संग मनाई होली

उदयपुर में आज पुलिस महकमे ने एक दिन बाद धूमधाम से होली का त्योहार मनाया, जिसमें आईजी गौरव श्रीवास्तव और एसपी योगेश गोयल सहित सभी आला अधिकारी पुलिस लाइन पहुंचे. 

ड्यूटी की थकान मिटाते हुए जूनियर और सीनियर पुलिसकर्मियों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर गले लगाया और होली की बधाई दी. 

पुलिसकर्मियों के विशेष आग्रह पर आईजी और एसपी भी खुद को रोक नहीं पाए और जवानों के साथ फिल्मी गानों पर जमकर डांस किया, वहीं जवानों ने अपने अधिकारियों को कंधों पर उठाकर खूब जश्न मनाया.

गौरतलब है कि होली पर शहर की सुरक्षा में तैनात रहने के कारण पुलिसकर्मी परंपरा के अनुसार अगले दिन अपनी होली मनाते हैं.

Advertisement
Mar 05, 2026 10:55 (IST)

Rajasthan Police Holi LIVE Updates: डूंगरपुर पुलिस लाइन में जमी 'वर्दी वाली होली'

डूंगरपुर जिले में दो दिनों तक जनता की सुरक्षा में तैनात रहने के बाद आज पुलिसकर्मियों ने हर्षोल्लास के साथ होली मनाई. पुलिस लाइन में आयोजित 'होली मिलन' कार्यक्रम में कलेक्टर अंकित कुमार सिंह और एसपी मनीष कुमार खुद मैदान में उतरे और ढोल-कुंडी की थाप पर जवानों के साथ जमकर थिरके.

उत्साह का आलम यह था कि जवानों ने अपने अफसरों को कंधों पर उठा लिया और गुलाल उड़ाते हुए फिल्मी गानों पर डांस किया. इससे पहले सभी थानाधिकारियों ने एसपी निवास पहुंचकर एक-दूसरे को तिलक लगाया, जिसके बाद पुलिस परिवार के सदस्यों के साथ रंग-गुलाल खेलकर इस खास दिन का आनंद लिया गया.

Mar 05, 2026 09:39 (IST)

Rajasthan Road Accident Today LIVE: सड़क से 200 मीटर दूर पशुओं के छप्पर को तोड़ खेत में जा गिरी कार

झुंझुनूं के नवलगढ़ क्षेत्र (ढाणियां पंचायत) में देर रात करीब 3 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जहां सुनारिया कुआं से नवलड़ी की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर हवा में लहराते हुए सड़क से 200 मीटर दूर जा गिरी.

कार ने पहले लाल सिंह की ढाणी में पशुओं के छप्पर को तहस-नहस किया और फिर खेत में पलट गई, जिससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. 

गनीमत रही कि हादसे में कार सवार दो युवकों को मामूली चोटें ही आईं और ग्रामीणों ने धमाके की आवाज सुनकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया. स्थानीय निवासियों के अनुसार, यदि यह हादसा सुबह के समय होता तो बड़ी जनहानि हो सकती थी.

Advertisement
Mar 05, 2026 09:37 (IST)

Jaipur News LIVE: ब्रिक्स देशों की बैठक निरस्त, पर्यटकों के लिए पूरे दिन खुला रहेगा आमेर महल

जयपुर में आयोजित होने वाला ब्रिक्स (BRICS) देशों के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों का कार्यक्रम रद्द हो गया है, जिसके बाद आमेर महल अब आम दिनों की तरह पर्यटकों के लिए पूरे दिन खुला रहेगा.

पुरातत्व निदेशक डॉ. पंकज धरेंद्र द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, पहले इस वीआईपी आयोजन के कारण महल को दोपहर 12 बजे तक ही खोलने का निर्णय लिया गया था, लेकिन अब पर्यटक सुबह से शाम तक भ्रमण कर सकेंगे. साथ ही, शाम को होने वाला प्रसिद्ध 'लाइट एंड साउंड शो' भी अपने निर्धारित समय पर सुचारू रूप से संचालित होगा.

Mar 05, 2026 09:12 (IST)

दुबई में फंसा कोटा का छात्र सिद्धार्थ सुरक्षित भारत लौटा

कोटा का छात्र सिद्धार्थ, जो दुबई में सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था, युद्ध जैसे हालातों के बीच विशेष फ्लाइट से सुरक्षित दिल्ली पहुंच गया है. सिद्धार्थ के फंसने की खबर से चिंतित पिता राजकुमार जैन और पूरा परिवार अब बेटे के सकुशल घर लौटने पर बेहद खुश है. परिजनों ने बताया कि वहां बिगड़ते हालातों के कारण वे लगातार मानसिक तनाव में थे, लेकिन अब सिद्धार्थ की घर वापसी से उत्सव का माहौल है.

Advertisement
Mar 05, 2026 08:56 (IST)

Rajasthan News LIVE: 'बादशाह' चंद्रप्रकाश अग्रवाल के निधन पर आज ब्यावर शहर बंद

ब्यावर के 'बादशाह' के रूप में विख्यात चंद्रप्रकाश अग्रवाल के निधन पर आज जिला व्यापार संघ के आह्वान पर पूरा शहर स्वैच्छिक रूप से बंद रहेगा. व्यापार संघ अध्यक्ष संजय घीया ने व्यापारियों से अंतिम संस्कार तक प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की है, जिसके चलते बाजारों में सन्नाटा पसरा है.

जिला प्रशासन आज उनकी पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें राजकीय सम्मान के साथ श्रद्धांजलि देगा. शहर की सांस्कृतिक पहचान से जुड़े रहे अग्रवाल को विदाई देने के लिए पूरे ब्यावर में शोक की लहर है और अंतिम यात्रा में भारी जनसैलाब जुटने की संभावना है.

Mar 05, 2026 08:46 (IST)

अलवर जिला अस्पताल में 800 बेड भी फुल, गंभीर मरीजों को करना पड़ा इंतजार

अलवर के जिला अस्पताल में 800 से अधिक बेड होने के बावजूद बीती रात सड़क हादसों के बाद पहुंचे मरीजों को बेड के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा. आईसीयू और इमरजेंसी वार्ड फुल होने के कारण परिजनों ने अव्यवस्थाओं पर रोष जताया.

पीएमओ डॉ. सुनील चौहान ने सफाई देते हुए कहा कि प्रोटोकॉल के तहत प्राथमिकता के आधार पर भर्ती की जा रही है. 

अस्पताल प्रशासन ने बताया कि भारी दबाव के कारण यह अस्थायी स्थिति बनी थी और जल्द ही 100 बेड का नया अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर यूनिट शुरू किया जाएगा ताकि भविष्य में गंभीर मरीजों को तत्काल इलाज मिल सके.

Mar 05, 2026 08:44 (IST)

Rajasthan News LIVE: बनेठी के 350 साल पुराने ऐतिहासिक मेले में संजय जैलाफ ने जीती 71 हजार की कुश्ती

कोटपूतली के बनेठी गांव में तंवरावाटी की सांस्कृतिक पहचान माने जाने वाले तीन दिवसीय डूडू मेले का आयोजन हुआ, जिसमें दिल्ली, पंजाब और हरियाणा के सैकड़ों पहलवानों ने दमखम दिखाया. मेले का मुख्य आकर्षण 71 हजार रुपये की 'कामड़े की कुश्ती' रही, जिसमें संजय जैलाफ ने असीम जमालपुर को हराकर खिताब अपने नाम किया.

प्राचीन बालाजी मंदिर से ध्वज यात्रा के साथ शुरू हुए इस पारंपरिक दंगल में 21 हजार और 11 हजार की दर्जनों कुश्तियां हुईं. सांसद राव राजेंद्रसिंह और विधायक हंसराज पटेल की मौजूदगी में संपन्न हुए इस मेले में हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा हरिहरदास के दर्शन किए और सदियों पुरानी अखाड़ा परंपरा का आनंद लिया.

Mar 05, 2026 08:42 (IST)

Rajasthan News LIVE: न्यू मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में हॉकी-डंडे लेकर घुसे 10-15 बदमाश

कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में धुलंडी पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब संतोषी नगर में हुए झगड़े के बाद इलाज कराने पहुंचे युवक पर हमला करने के लिए दूसरा पक्ष हॉकी, डंडे और चाकू लेकर इमरजेंसी वार्ड में घुस गया. नशे में धुत्त 10-15 हुड़दंगियों ने अस्पताल में जमकर तोड़फोड़ की और गेट तोड़ते हुए स्टाफ को धमकाया. सुरक्षाकर्मियों और स्टाफ के विरोध के बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिसे देख बदमाश मौके से फरार हो गए. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

Mar 05, 2026 08:15 (IST)

Rajasthan News LIVE Today: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज बहरोड़ दौरे पर, टीकाराम जूली की माता को देंगे श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज दोपहर बाद बहरोड़ के काठूवास गांव पहुंचेंगे. मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर के जरिए शाम 3:00 बजे निर्धारित हेलीपैड पर उतरेंगे, जहां से वे नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के निवास पर जाकर उनकी माता को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे. मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और काठूवास में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.

Mar 05, 2026 08:14 (IST)

Rajasthan News LIVE: पैंथर की दस्तक, 11 दिन में चौथा मूवमेंट

भाद्राजून क्षेत्र के थुंबा का गोलिया में मंगलवार रात खेत की रखवाली कर रहे किसान कानाराम मीणा को पैंथर दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है. पिछले 11 दिनों में इस पहाड़ी क्षेत्र के आसपास पैंथर का यह चौथा मूवमेंट है, जिससे पहले रामा और बाला गांवों में भी पगमार्क मिल चुके हैं.

वन विभाग के अनुसार, फसल कटाई के दौरान शिकार की तलाश में पैंथर का मूवमेंट बढ़ जाता है, जिसे देखते हुए ग्रामीणों को रात में खेतों पर सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

Mar 05, 2026 08:13 (IST)

Rajasthan News LIVE: अब यूआईटी बदलेगी प्राचीन 'अमृतिया तालाब' की तस्वीर

बालोतरा में अब UIT द्वारा पचपदरा के ऐतिहासिक 'अमृतिया तालाब' के विकास और जीर्णोद्धार का जिम्मा उठाया गया है, जिसके लिए डीपीआर (DPR) तैयार की जा रही है. इस योजना के तहत प्राचीन तालाब की सूरत बदली जाएगी, वहीं क्षेत्र के अन्य तालाबों की दशा सुधारने के लिए भी सीएसआर (CSR) फंड के जरिए कवायद शुरू कर दी गई है.

Mar 05, 2026 08:12 (IST)

Karauli Water Supply Today LIVE: हिंडौन सिटी में आज बिजली कटौती से गहराएगा जल संकट

हिंडौन सिटी में आज बिजली कटौती के कारण पेयजल सप्लाई पूरी तरह प्रभावित रहेगी. सरस डेयरी पंप हाउस पर बिजली आपूर्ति बाधित होने से खारी भंडार उच्च जलाशय से जुड़ी रेशम कॉलोनी, न्यू ब्रह्मपुरी, मंडरावा रोड, नई मंडी और शिव कॉलोनी सहित कई इलाकों में पानी की किल्लत रहेगी. 

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के सहायक अभियंता सुगन सिंह के अनुसार, बिजली बंद रहने से इन क्षेत्रों में जलापूर्ति आंशिक रूप से बंद रखी जाएगी.

Mar 05, 2026 08:11 (IST)

Rajasthan News LIVE: मदद के बहाने रिटायर्ड VDO का ATM कार्ड बदला, 5 मिनट में 80 हजार पार

करौली के बैंक ऑफ बड़ौदा एटीएम पर एक शातिर ठग ने मदद करने के बहाने रिटायर्ड वीडीओ (VDO) का कार्ड बदल लिया और महज 5 मिनट के भीतर खाते से 80 हजार रुपये निकालकर चंपत हो गया. 

पीड़ित को ठगी का अहसास तब हुआ जब उनके मोबाइल पर पैसे कटने के मैसेज आए. पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.

Mar 05, 2026 08:10 (IST)

Rajasthan News LIVE Updates: बालोतरा में 10 मार्च को भरेगा कनाना मेला, गैर नृत्य की मचेगी धूम

बालोतरा के कनाना में आगामी 10 मार्च को प्रसिद्ध वार्षिक मेले का आयोजन होगा, जिसकी तैयारियों में ग्राम पंचायत जुट गई है. इस पारंपरिक मेले में विभिन्न गांवों के गैर नर्तक दल अपनी शानदार प्रस्तुतियां देंगे, जो आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेंगे. प्रशासन और पंचायत द्वारा मेले के दौरान शीतला माता मंदिर में दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं.

Mar 05, 2026 08:09 (IST)

Jalore News LIVE: गणपत सिंह हत्याकांड में 6वें दिन भी धरना जारी, भूख हड़ताल पर बैठी मां

जालोर में गणपत सिंह हत्याकांड के खुलासे की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट के बाहर परिजनों का धरना गुरुवार को छठे दिन भी जारी रहा, जहां पीड़ित की वृद्ध मां अपने बेटे को न्याय दिलाने के लिए भूख हड़ताल पर बैठी हैं. 

राजपूत समाज के समर्थन के बीच परिजनों ने पुलिस पर 18 माह बाद भी आरोपियों को न पकड़ पाने और दबाव में काम करने का आरोप लगाया है. समाज बंधुओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो प्रशासन के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा.

Mar 05, 2026 08:08 (IST)

Rajasthan News LIVE: सदियों पुरानी 'बादशाह की सवारी' को लेकर असमंजस

पाली में सदियों पुरानी 'बादशाह की सवारी' की परंपरा को लेकर इस बार असमंजस की स्थिति बनी हुई है कि सवारी बादशाह की निकलेगी या बाबा श्याम की. 

गौरतलब है कि इस सवारी के निकलने के बाद ही पाली के बाजार खुलते हैं, जहां गुलाल से सराबोर सड़कों पर बादशाह की 'खर्ची' लेने के लिए आमजन के साथ-साथ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का भी हुजूम उमड़ता है.

Mar 05, 2026 08:07 (IST)

Rajasthan News LIVE: 10 हजार का इनामी मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार

सवाई माधोपुर की मानटाउन थाना पुलिस ने 'ऑपरेशन शिकंजा' के तहत बारां के हरनावदा जंगलों से 10 हजार के इनामी तस्कर बद्रीलाल मीणा को गिरफ्तार किया है. 

Mar 05, 2026 08:05 (IST)

Rajasthan News LIVE: अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, 3 गिरफ्तार

भाड़ौती चौकी पुलिस ने अवैध बजरी परिवहन करते हुए तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया है. पुलिस ने आरोपी विक्रम मीणा, मनीष उर्फ मिनेश और विजेंद्र मीणा को गिरफ्तार कर खनन माफियाओं के खिलाफ सख्ती दिखाई है.

Mar 05, 2026 08:04 (IST)

बारां शहर में इस साल पारंपरिक गणगौर की शोभायात्रा नहीं निकाली जाएगी. गणगौर सेवा समिति ने यह कड़ा फैसला नगर परिषद द्वारा प्रस्तावित अनुदान नहीं दिए जाने के विरोध में लिया है. 

गौरतलब है कि बारां में यह लोक पर्व पिछले 128 सालों से हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा था और शोभायात्रा निकाली जा रही थी, लेकिन इस साल अनुदान के अभाव में इस ऐतिहासिक परंपरा पर ब्रेक लग गया है.

Mar 05, 2026 08:03 (IST)

Jodhpur News LIVE: दुबई में फंसे 106 श्रद्धालुओं की वतन वापसी, आज पहुंचेंगे अपने घर

दुबई में फंसे जोधपुर के श्रद्धालुओं के लिए राहत की बड़ी खबर है. बुधवार देर रात 106 श्रद्धालु भारत के लिए रवाना हो चुके हैं और आज उनके जोधपुर पहुंचने का कार्यक्रम है.

75 श्रद्धालु संत अमृता राम के साथ कोच्चि पहुंचे हैं, जबकि 29 श्रद्धालु संत मनोहर दास के नेतृत्व में अहमदाबाद उतरे हैं. 21 अन्य श्रद्धालुओं की फ्लाइट आज दुबई से शेड्यूल है.

कोच्चि और अहमदाबाद पहुंचने के बाद सभी 106 श्रद्धालु आज अलग-अलग माध्यमों से जोधपुर लौटेंगे. श्रद्धालुओं की सुरक्षित वापसी की खबर से परिजनों में खुशी का माहौल है.

Mar 05, 2026 08:02 (IST)

Karauli Police Holi LIVE: करौली पुलिस लाइन में आज मनेगा जिला स्तरीय होली महोत्सव

करौली जिले में आज खाकी पर होली का रंग चढ़ेगा. मंडरायल रोड स्थित पुलिस लाइन परिसर में सुबह 9 बजे से जिला स्तरीय पुलिस होली महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है. पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने जिले के अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी इस उत्सव में शामिल होने का खुला निमंत्रण दिया है. आयोजन को लेकर पुलिस लाइन में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और प्रशासन ने आमजन से इस महोत्सव की शोभा बढ़ाने की अपील की है.

Mar 05, 2026 08:01 (IST)

Rajasthan News LIVE: प्राइवेट अस्पताल में डेढ़ माह के मासूम की मौत, आरोपी नर्सिंग कर्मी हिरासत में

फलोदी के सिटीलाइट निजी अस्पताल में एक डेढ़ माह के शिशु की मौत के मामले में बड़ी खबर आ रही है. बुखार की शिकायत पर मासूम को अस्पताल लाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

परिजनों ने अस्पताल स्टाफ पर दवाई की ओवरडोज देने का आरोप लगाते हुए देर रात तक अस्पताल के बाहर जमकर हंगामा किया. 

सूचना के अनुसार, पुलिस ने देर रात ही आरोपी नर्सिंग कर्मी को हिरासत में ले लिया है. 

आज मृतक शिशु का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा, जिसके बाद पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी.

Mar 05, 2026 08:00 (IST)

Rajasthan News LIVE: थ्रेशर मशीन की चपेट में आने से युवक का हाथ कटा

बूंदी के दबलाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर आई है, जहां थ्रेशर मशीन में काम करते समय एक युवक का हाथ कट गया. हादसा उस समय हुआ जब टोपा का धारधड़ी गांव निवासी मुकेश गुर्जर मशीन से सरसों निकाल रहा था, तभी अचानक उसका हाथ मशीन के अंदर फंस गया. गंभीर रूप से घायल मुकेश को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे कोटा रेफर कर दिया है.

Mar 05, 2026 07:59 (IST)

Rajasthan News LIVE: शेयर मार्केट में मुनाफे का झांसा देकर 17.72 लाख की ठगी

जोधपुर में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां शेयर मार्केट में निवेश कर भारी मुनाफे का झांसा देकर दो युवकों से 17.72 लाख रुपए ठग लिए गए. ठगों ने पीड़ितों को एक वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़कर शेयर बाजार में निवेश के नाम पर अपने जाल में फंसाया. ठगी का अहसास होने पर पीड़ितों ने पुलिस की शरण ली है. महामंदिर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी आधार पर जांच शुरू कर दी है.

Mar 05, 2026 07:58 (IST)

Rajasthan News LIVE: मारोठ में मकान का ताला तोड़कर चोरी, नकदी और जेवर पार

डीडवाना के मारोठ थाना क्षेत्र स्थित बालाजी की ढाणी में चोरी की एक वारदात सामने आई है. यहां अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोरों ने मकान से 8 हजार रुपए नकद और चांदी के कीमती जेवर चुरा लिए. सूचना मिलने पर मारोठ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और चोरों की तलाश शुरू कर दी है.

Mar 05, 2026 07:58 (IST)

Rajasthan Road Accident Today LIVE: अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकराई बाइक, हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत

डीडवाना के नागौर रोड स्थित मेला मैदान के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है, जहां एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से जा टकराई. हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय युवक ठाकर राम गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत बांगड़ अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया. डीडवाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

Mar 05, 2026 07:57 (IST)

Rajasthan Road Accident Today LIVE: दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में 2 युवकों की मौत, एक गंभीर घायल

बूंदी जिले के देई थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर आ रही है. देई-खजूरी करवर-इंद्रगढ़ मार्ग पर बावड़ी गांव के पास दो बाइकों की जबरदस्त भिड़ंत हो गई, जिसमें 2 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद कोटा रेफर किया गया है. सूचना मिलने पर देई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

Mar 05, 2026 07:56 (IST)

Rajasthan Police Holi LIVE: जोधपुर पुलिस लाइन में होली का जश्न रद्द

जोधपुर के बोरानाडा थाने के एक हेड कांस्टेबल की देर रात सालावास रेलवे स्टेशन के पास मालगाड़ी की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई, जिसके चलते जोधपुर पुलिस लाइन में आज होने वाला होली स्नेह मिलन समारोह रद्द कर दिया गया है.

Mar 05, 2026 07:53 (IST)

Khaushyamji LIVE: आज शाम 4 बजे तक बंद रहेंगे बाबा श्याम के पट, जानें दर्शन का नया समय

प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्यामजी में आज बाबा श्याम के दर्शन शाम 4 बजे तक नहीं हो सकेंगे. मंदिर कमेटी के अनुसार, बाबा के तिलक श्रृंगार और विशेष पूजा-अर्चना के चलते पट देर रात से ही बंद हैं. दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु अब शाम 4 बजे के बाद ही दर्शन कर पाएंगे. मंदिर प्रशासन ने भक्तों से सहयोग की अपील की है.