विज्ञापन
20 minutes ago

Rajasthan Breaking News Today Live: राजस्थान के लिए आज की सुबह भारी खबर लेकर आई है. ईरान-इजरायल संघर्ष के बीच ओमान के पास एक तेल टैंकर पर हुए हमले में नागौर के 24 वर्षीय दलीप सिंह की मौत हो गई है. मर्चेंट नेवी में कार्यरत दलीप ने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए यह नौकरी जॉइन की थी, लेकिन 1 मार्च को हुए धमाके में उनकी जान चली गई. वहीं, दूसरी ओर राहत भरी खबर दुबई से है, जहां युद्ध के चलते फंसे जोधपुर के 120 श्रद्धालु आज निजी विमान कंपनी की विशेष व्यवस्था से वतन लौट रहे हैं. ये श्रद्धालु कथा वाचक के साथ धार्मिक यात्रा पर गए थे और अब कोच्चि व अहमदाबाद के रास्ते घर पहुंचेंगे.

सियासी गलियारों की बात करें तो होली की छुट्टी के बाद आज सुबह 11 बजे से राजस्थान विधानसभा की बैठक फिर शुरू होगी. सदन में आज 'राजस्थान जन विश्वास उपबंधों का संशोधन विधेयक 2026' और 'राजस्थान दुकान और वाणिज्यिक संस्थान संशोधन विधेयक' पर चर्चा के बाद इन्हें पारित किया जाएगा. डिप्टी सीएम दिया कुमारी के विभागों से जुड़े तीन सवाल भी आज सदन में गूंजेंगे. इधर, लाडनूं में विधायक मुकेश भाकर की शादी का जश्न है, जिसमें शामिल होने दिग्गज नेता सचिन पायलट दोपहर 3:30 बजे पहुंचेंगे. साथ ही, आज प्रदेश भर में राजस्थान पुलिस की पारंपरिक होली का रंग भी देखने को मिलेगा.

Here Are The LIVE Updates of Rajasthan Top News Today

दुबई में फंसा कोटा का छात्र सिद्धार्थ सुरक्षित भारत लौटा

कोटा का छात्र सिद्धार्थ, जो दुबई में सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था, युद्ध जैसे हालातों के बीच विशेष फ्लाइट से सुरक्षित दिल्ली पहुंच गया है. सिद्धार्थ के फंसने की खबर से चिंतित पिता राजकुमार जैन और पूरा परिवार अब बेटे के सकुशल घर लौटने पर बेहद खुश है. परिजनों ने बताया कि वहां बिगड़ते हालातों के कारण वे लगातार मानसिक तनाव में थे, लेकिन अब सिद्धार्थ की घर वापसी से उत्सव का माहौल है.

Rajasthan News LIVE: 'बादशाह' चंद्रप्रकाश अग्रवाल के निधन पर आज ब्यावर शहर बंद

ब्यावर के 'बादशाह' के रूप में विख्यात चंद्रप्रकाश अग्रवाल के निधन पर आज जिला व्यापार संघ के आह्वान पर पूरा शहर स्वैच्छिक रूप से बंद रहेगा. व्यापार संघ अध्यक्ष संजय घीया ने व्यापारियों से अंतिम संस्कार तक प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की है, जिसके चलते बाजारों में सन्नाटा पसरा है.

जिला प्रशासन आज उनकी पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें राजकीय सम्मान के साथ श्रद्धांजलि देगा. शहर की सांस्कृतिक पहचान से जुड़े रहे अग्रवाल को विदाई देने के लिए पूरे ब्यावर में शोक की लहर है और अंतिम यात्रा में भारी जनसैलाब जुटने की संभावना है.

अलवर जिला अस्पताल में 800 बेड भी फुल, गंभीर मरीजों को करना पड़ा इंतजार

अलवर के जिला अस्पताल में 800 से अधिक बेड होने के बावजूद बीती रात सड़क हादसों के बाद पहुंचे मरीजों को बेड के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा. आईसीयू और इमरजेंसी वार्ड फुल होने के कारण परिजनों ने अव्यवस्थाओं पर रोष जताया.

पीएमओ डॉ. सुनील चौहान ने सफाई देते हुए कहा कि प्रोटोकॉल के तहत प्राथमिकता के आधार पर भर्ती की जा रही है. 

अस्पताल प्रशासन ने बताया कि भारी दबाव के कारण यह अस्थायी स्थिति बनी थी और जल्द ही 100 बेड का नया अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर यूनिट शुरू किया जाएगा ताकि भविष्य में गंभीर मरीजों को तत्काल इलाज मिल सके.

Rajasthan News LIVE: बनेठी के 350 साल पुराने ऐतिहासिक मेले में संजय जैलाफ ने जीती 71 हजार की कुश्ती

कोटपूतली के बनेठी गांव में तंवरावाटी की सांस्कृतिक पहचान माने जाने वाले तीन दिवसीय डूडू मेले का आयोजन हुआ, जिसमें दिल्ली, पंजाब और हरियाणा के सैकड़ों पहलवानों ने दमखम दिखाया. मेले का मुख्य आकर्षण 71 हजार रुपये की 'कामड़े की कुश्ती' रही, जिसमें संजय जैलाफ ने असीम जमालपुर को हराकर खिताब अपने नाम किया.

प्राचीन बालाजी मंदिर से ध्वज यात्रा के साथ शुरू हुए इस पारंपरिक दंगल में 21 हजार और 11 हजार की दर्जनों कुश्तियां हुईं. सांसद राव राजेंद्रसिंह और विधायक हंसराज पटेल की मौजूदगी में संपन्न हुए इस मेले में हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा हरिहरदास के दर्शन किए और सदियों पुरानी अखाड़ा परंपरा का आनंद लिया.

Rajasthan News LIVE: न्यू मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में हॉकी-डंडे लेकर घुसे 10-15 बदमाश

कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में धुलंडी पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब संतोषी नगर में हुए झगड़े के बाद इलाज कराने पहुंचे युवक पर हमला करने के लिए दूसरा पक्ष हॉकी, डंडे और चाकू लेकर इमरजेंसी वार्ड में घुस गया. नशे में धुत्त 10-15 हुड़दंगियों ने अस्पताल में जमकर तोड़फोड़ की और गेट तोड़ते हुए स्टाफ को धमकाया. सुरक्षाकर्मियों और स्टाफ के विरोध के बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिसे देख बदमाश मौके से फरार हो गए. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

Rajasthan News LIVE Today: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज बहरोड़ दौरे पर, टीकाराम जूली की माता को देंगे श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज दोपहर बाद बहरोड़ के काठूवास गांव पहुंचेंगे. मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर के जरिए शाम 3:00 बजे निर्धारित हेलीपैड पर उतरेंगे, जहां से वे नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के निवास पर जाकर उनकी माता को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे. मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और काठूवास में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.

Rajasthan News LIVE: पैंथर की दस्तक, 11 दिन में चौथा मूवमेंट

भाद्राजून क्षेत्र के थुंबा का गोलिया में मंगलवार रात खेत की रखवाली कर रहे किसान कानाराम मीणा को पैंथर दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है. पिछले 11 दिनों में इस पहाड़ी क्षेत्र के आसपास पैंथर का यह चौथा मूवमेंट है, जिससे पहले रामा और बाला गांवों में भी पगमार्क मिल चुके हैं.

वन विभाग के अनुसार, फसल कटाई के दौरान शिकार की तलाश में पैंथर का मूवमेंट बढ़ जाता है, जिसे देखते हुए ग्रामीणों को रात में खेतों पर सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

Rajasthan News LIVE: अब यूआईटी बदलेगी प्राचीन 'अमृतिया तालाब' की तस्वीर

बालोतरा में अब UIT द्वारा पचपदरा के ऐतिहासिक 'अमृतिया तालाब' के विकास और जीर्णोद्धार का जिम्मा उठाया गया है, जिसके लिए डीपीआर (DPR) तैयार की जा रही है. इस योजना के तहत प्राचीन तालाब की सूरत बदली जाएगी, वहीं क्षेत्र के अन्य तालाबों की दशा सुधारने के लिए भी सीएसआर (CSR) फंड के जरिए कवायद शुरू कर दी गई है.

Karauli Water Supply Today LIVE: हिंडौन सिटी में आज बिजली कटौती से गहराएगा जल संकट

हिंडौन सिटी में आज बिजली कटौती के कारण पेयजल सप्लाई पूरी तरह प्रभावित रहेगी. सरस डेयरी पंप हाउस पर बिजली आपूर्ति बाधित होने से खारी भंडार उच्च जलाशय से जुड़ी रेशम कॉलोनी, न्यू ब्रह्मपुरी, मंडरावा रोड, नई मंडी और शिव कॉलोनी सहित कई इलाकों में पानी की किल्लत रहेगी. 

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के सहायक अभियंता सुगन सिंह के अनुसार, बिजली बंद रहने से इन क्षेत्रों में जलापूर्ति आंशिक रूप से बंद रखी जाएगी.

Rajasthan News LIVE: मदद के बहाने रिटायर्ड VDO का ATM कार्ड बदला, 5 मिनट में 80 हजार पार

करौली के बैंक ऑफ बड़ौदा एटीएम पर एक शातिर ठग ने मदद करने के बहाने रिटायर्ड वीडीओ (VDO) का कार्ड बदल लिया और महज 5 मिनट के भीतर खाते से 80 हजार रुपये निकालकर चंपत हो गया. 

पीड़ित को ठगी का अहसास तब हुआ जब उनके मोबाइल पर पैसे कटने के मैसेज आए. पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.

Rajasthan News LIVE Updates: बालोतरा में 10 मार्च को भरेगा कनाना मेला, गैर नृत्य की मचेगी धूम

बालोतरा के कनाना में आगामी 10 मार्च को प्रसिद्ध वार्षिक मेले का आयोजन होगा, जिसकी तैयारियों में ग्राम पंचायत जुट गई है. इस पारंपरिक मेले में विभिन्न गांवों के गैर नर्तक दल अपनी शानदार प्रस्तुतियां देंगे, जो आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेंगे. प्रशासन और पंचायत द्वारा मेले के दौरान शीतला माता मंदिर में दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं.

Jalore News LIVE: गणपत सिंह हत्याकांड में 6वें दिन भी धरना जारी, भूख हड़ताल पर बैठी मां

जालोर में गणपत सिंह हत्याकांड के खुलासे की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट के बाहर परिजनों का धरना गुरुवार को छठे दिन भी जारी रहा, जहां पीड़ित की वृद्ध मां अपने बेटे को न्याय दिलाने के लिए भूख हड़ताल पर बैठी हैं. 

राजपूत समाज के समर्थन के बीच परिजनों ने पुलिस पर 18 माह बाद भी आरोपियों को न पकड़ पाने और दबाव में काम करने का आरोप लगाया है. समाज बंधुओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो प्रशासन के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा.

Rajasthan News LIVE: सदियों पुरानी 'बादशाह की सवारी' को लेकर असमंजस

पाली में सदियों पुरानी 'बादशाह की सवारी' की परंपरा को लेकर इस बार असमंजस की स्थिति बनी हुई है कि सवारी बादशाह की निकलेगी या बाबा श्याम की. 

गौरतलब है कि इस सवारी के निकलने के बाद ही पाली के बाजार खुलते हैं, जहां गुलाल से सराबोर सड़कों पर बादशाह की 'खर्ची' लेने के लिए आमजन के साथ-साथ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का भी हुजूम उमड़ता है.

Rajasthan News LIVE: 10 हजार का इनामी मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार

सवाई माधोपुर की मानटाउन थाना पुलिस ने 'ऑपरेशन शिकंजा' के तहत बारां के हरनावदा जंगलों से 10 हजार के इनामी तस्कर बद्रीलाल मीणा को गिरफ्तार किया है. 

Rajasthan News LIVE: अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, 3 गिरफ्तार

भाड़ौती चौकी पुलिस ने अवैध बजरी परिवहन करते हुए तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया है. पुलिस ने आरोपी विक्रम मीणा, मनीष उर्फ मिनेश और विजेंद्र मीणा को गिरफ्तार कर खनन माफियाओं के खिलाफ सख्ती दिखाई है.

बारां शहर में इस साल पारंपरिक गणगौर की शोभायात्रा नहीं निकाली जाएगी. गणगौर सेवा समिति ने यह कड़ा फैसला नगर परिषद द्वारा प्रस्तावित अनुदान नहीं दिए जाने के विरोध में लिया है. 

गौरतलब है कि बारां में यह लोक पर्व पिछले 128 सालों से हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा था और शोभायात्रा निकाली जा रही थी, लेकिन इस साल अनुदान के अभाव में इस ऐतिहासिक परंपरा पर ब्रेक लग गया है.

Jodhpur News LIVE: दुबई में फंसे 106 श्रद्धालुओं की वतन वापसी, आज पहुंचेंगे अपने घर

दुबई में फंसे जोधपुर के श्रद्धालुओं के लिए राहत की बड़ी खबर है. बुधवार देर रात 106 श्रद्धालु भारत के लिए रवाना हो चुके हैं और आज उनके जोधपुर पहुंचने का कार्यक्रम है.

75 श्रद्धालु संत अमृता राम के साथ कोच्चि पहुंचे हैं, जबकि 29 श्रद्धालु संत मनोहर दास के नेतृत्व में अहमदाबाद उतरे हैं. 21 अन्य श्रद्धालुओं की फ्लाइट आज दुबई से शेड्यूल है.

कोच्चि और अहमदाबाद पहुंचने के बाद सभी 106 श्रद्धालु आज अलग-अलग माध्यमों से जोधपुर लौटेंगे. श्रद्धालुओं की सुरक्षित वापसी की खबर से परिजनों में खुशी का माहौल है.

Karauli Police Holi LIVE: करौली पुलिस लाइन में आज मनेगा जिला स्तरीय होली महोत्सव

करौली जिले में आज खाकी पर होली का रंग चढ़ेगा. मंडरायल रोड स्थित पुलिस लाइन परिसर में सुबह 9 बजे से जिला स्तरीय पुलिस होली महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है. पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने जिले के अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी इस उत्सव में शामिल होने का खुला निमंत्रण दिया है. आयोजन को लेकर पुलिस लाइन में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और प्रशासन ने आमजन से इस महोत्सव की शोभा बढ़ाने की अपील की है.

Rajasthan News LIVE: प्राइवेट अस्पताल में डेढ़ माह के मासूम की मौत, आरोपी नर्सिंग कर्मी हिरासत में

फलोदी के सिटीलाइट निजी अस्पताल में एक डेढ़ माह के शिशु की मौत के मामले में बड़ी खबर आ रही है. बुखार की शिकायत पर मासूम को अस्पताल लाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

परिजनों ने अस्पताल स्टाफ पर दवाई की ओवरडोज देने का आरोप लगाते हुए देर रात तक अस्पताल के बाहर जमकर हंगामा किया. 

सूचना के अनुसार, पुलिस ने देर रात ही आरोपी नर्सिंग कर्मी को हिरासत में ले लिया है. 

आज मृतक शिशु का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा, जिसके बाद पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी.

Rajasthan News LIVE: थ्रेशर मशीन की चपेट में आने से युवक का हाथ कटा

बूंदी के दबलाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर आई है, जहां थ्रेशर मशीन में काम करते समय एक युवक का हाथ कट गया. हादसा उस समय हुआ जब टोपा का धारधड़ी गांव निवासी मुकेश गुर्जर मशीन से सरसों निकाल रहा था, तभी अचानक उसका हाथ मशीन के अंदर फंस गया. गंभीर रूप से घायल मुकेश को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे कोटा रेफर कर दिया है.

Rajasthan News LIVE: शेयर मार्केट में मुनाफे का झांसा देकर 17.72 लाख की ठगी

जोधपुर में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां शेयर मार्केट में निवेश कर भारी मुनाफे का झांसा देकर दो युवकों से 17.72 लाख रुपए ठग लिए गए. ठगों ने पीड़ितों को एक वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़कर शेयर बाजार में निवेश के नाम पर अपने जाल में फंसाया. ठगी का अहसास होने पर पीड़ितों ने पुलिस की शरण ली है. महामंदिर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी आधार पर जांच शुरू कर दी है.

Rajasthan News LIVE: मारोठ में मकान का ताला तोड़कर चोरी, नकदी और जेवर पार

डीडवाना के मारोठ थाना क्षेत्र स्थित बालाजी की ढाणी में चोरी की एक वारदात सामने आई है. यहां अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोरों ने मकान से 8 हजार रुपए नकद और चांदी के कीमती जेवर चुरा लिए. सूचना मिलने पर मारोठ थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और चोरों की तलाश शुरू कर दी है.

Rajasthan Road Accident Today LIVE: अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकराई बाइक, हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत

डीडवाना के नागौर रोड स्थित मेला मैदान के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है, जहां एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से जा टकराई. हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय युवक ठाकर राम गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत बांगड़ अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया. डीडवाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

Rajasthan Road Accident Today LIVE: दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में 2 युवकों की मौत, एक गंभीर घायल

बूंदी जिले के देई थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर आ रही है. देई-खजूरी करवर-इंद्रगढ़ मार्ग पर बावड़ी गांव के पास दो बाइकों की जबरदस्त भिड़ंत हो गई, जिसमें 2 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद कोटा रेफर किया गया है. सूचना मिलने पर देई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

Rajasthan Police Holi LIVE: जोधपुर पुलिस लाइन में होली का जश्न रद्द

जोधपुर के बोरानाडा थाने के एक हेड कांस्टेबल की देर रात सालावास रेलवे स्टेशन के पास मालगाड़ी की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई, जिसके चलते जोधपुर पुलिस लाइन में आज होने वाला होली स्नेह मिलन समारोह रद्द कर दिया गया है.

Khaushyamji LIVE: आज शाम 4 बजे तक बंद रहेंगे बाबा श्याम के पट, जानें दर्शन का नया समय

प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्यामजी में आज बाबा श्याम के दर्शन शाम 4 बजे तक नहीं हो सकेंगे. मंदिर कमेटी के अनुसार, बाबा के तिलक श्रृंगार और विशेष पूजा-अर्चना के चलते पट देर रात से ही बंद हैं. दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु अब शाम 4 बजे के बाद ही दर्शन कर पाएंगे. मंदिर प्रशासन ने भक्तों से सहयोग की अपील की है.

Close