Rajasthan News Updates 14 february 2026: राजस्थान में पारा चढ़ने के साथ ही गर्मी शुरू हो चुकी है. मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में सर्दी कमजोर होगी. तापमान सामान्य से ऊपर जा सकता है. कई जिलों में बादल छाने की वजह से तापमान गिर सकता है. अभी भी सुबह-शाम ठंड महसूस हो रही है. सीकर, चूरू और फतेहपुर में सबसे ज्यादा ठंडक रही. बाड़मेर, जोधपुर, पाली और चित्तौड़गढ़ को छोड़कर अधिकतर जिलों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा. कहीं-कहीं बारिश की संभावना है. राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) की बोर्ड परीक्षाएं भी जारी हैं. 10वीं और 12वीं बोर्ड की मुख्य परीक्षाएं 12 फरवरी से शुरू हो चुकी है.
साध्वी प्रेम बाईसा (Sadhvi Prem Baisa) की संदिग्ध मौत के मामले में फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की रिपोर्ट (FSL Report) आने के बाद अब मेडिकल बोर्ड पर निगाहें हैं. 11 दिन बाद एफएसएल रिपोर्ट के बाद अब विसरा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मेडिकल बोर्ड अपनी अंतिम राय देगा. उधर शनिवार को साध्वी की मौत को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की. जिसमें उन्होंने साध्वी प्रेम बाईसा के मौत की वजह बताई है. आज दिनभर में क्या है खास, पढ़िए लाइव ब्लॉग में पल-पल की अपडेट
लुंबाराम चौधरी की कार हादसे की शिकार
त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करने के लिए जाते समय भाजपा सांसद लुम्बाराम चौधरी की कार में जलकर खाक हो गई. घटना नासिक से 40 किमी पहले रात में करीब 12 बजे हुआ. शार्ट सर्किट की वजह से कार में कुछ गंध आने पर रोकवाया गया.
बीकानेर में चलती स्कॉर्पियो में लगी आग
बीकानेर में बीछवाल थाना क्षेत्र के शोभासर के पास शनिवार को सड़क पर चलती स्कॉर्पियो में अचानक आग लग गई. इस दौरान आग लगने के कुछ ही मिनटों में स्कॉर्पियो धूं-धूं कर जलने लगी. स्कॉर्पियो सवार ड्राइवर ने कूद कर अपनी जान बचाई है. फिलहाल गाड़ी में अचानक आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है.
सेना का वाहन पलटने से 2 जवान घायल
अजमेर-मेड़ता सिटी रोड पर शनिवार को डांगावास के पास सेना का एक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार दो सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद 108 एंबुलेंस की मदद से अजमेर रेफर किया गया. घायल सैनिकों में रुटसिंह और पुष्पेन्द्र सिंह नागौर से अजमेर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान डांगावास के पास उनका वाहन पलट गया.
बारां में बिजली विभाग की बड़ी कार्रवाई
बारां जिले में बिजली विभाग की बड़ी कार्रवाई हुई है. 640 अवैध डीसी-पीडीसी आंकड़े हटाए. साथ ही बकाया बिल जमा नहीं करने पर 16 बिजली कनेक्शन काट दिए गए. बिजली चोरी व अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए अंता, केलवाड़ा, छबड़ा, अटरू द्वितीय, बारां सिटी में विद्युत निगम ने यह कार्रवाई की है.
राजस्थान में 12 हजार से अधिक रोजगार का रास्ता साफ
राजस्थान में बड़े निवेश को गति देने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को मुख्यमंत्री निवास पर बोर्ड ऑफ इन्वेस्टमेंट की 6वीं बैठक आयोजित हुई. जिसमें 46 हजार करोड़ रुपये की 10 अल्ट्रा मेगा परियोजनाओं को कस्टमाइज्ड पैकेज की स्वीकृति दी गई. इन परियोजनाओं से प्रदेश में 12 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान है.
सीएम भजनलाल से हेमा मालिनी ने की मुलाकात
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को मुख्यमंत्री निवास पर सांसद हेमा मालिनी से मुलाकात की. सीएम ने हेमा मालिनी के साथ मुलाकात की तस्वीर अपने एक्स हैंडल पर साझा की.
12 साल से फरार बदमाश गिरफ्तार
करौली में 12 साल से फरार 5 हजार का इनामी बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गया. आरोपी को बाड़मेर से गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने अवैध 12 बोर कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ युवक को गिरफ्तार किया है. इसके अलावा लड़की बनकर फर्जी आईडी से ऑनलाइन ठगी करने वाला बाल अपचारी को भी पकड़ा गया है.
मदन राठौड़ का डोटासरा पर पलटवार
पीसीसी चीफ गोबिंद सिंह डोटासरा के बयान पर मदन राठौड़ ने पलटवार किया है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि अब कांग्रेस को ट्रबल होने वाली है. कांग्रेस भ्रम की राजनीति करती है, लेकिन जनता काम चाहती है और भजनलाल सरकार ने काम किया है.
साध्वी की मौत रिपोर्ट में हुआ खुलासा
जोधपुर में साध्वी प्रेम बाईसा की मौत से जुड़े मामले में पुलिस कमिश्नर ओम प्रकाश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान उन्होंने कहा कि रिपोर्ट के अनुसार, साध्वी की मौत कार्डियक अरेस्ट और सांस की बीमारी से होने से हुई है. पहले से अस्थमा होने और सांस क़ी बीमारी होने के बावजूद कंपाउंडऱ द्वारा लापरवाही बरती गईं.
2 करोड़ के अवैध अफीम के पौधे जब्त
करौली में पुलिस ने 6067 किलो अवैध अफीम के हरे पौधे जब्त किए गए हैं. सरसों की फसल के बीच अफीम की खेती छिपाकर की जा रही थी. पुलिस ने कैलादेवी क्षेत्र से दो आरोपी को भी गिरफ्तार किया है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 2 करोड़ रुपये की कीमत आंकी गई है.
कूनो नेशनल पार्क से निकलकर फिर राजस्थान पहुंचा चीता
मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से फिर से एक चीता निकलकर राजस्थान के बारां जिले की सीमा में आ गया है. कूनो नेशनल पार्क और बारां वन मंडल की टीमें चीता kp2 की निगरानी कर रही हैं. जानकारी के अनुसार, बारां वन मंडल की किशनगंज रेंज के जंगल में चीता KP2 पहुंचा है. इससे पहले दिसंबर 2025 में बारां जिले में एक सप्ताह से ज्यादा चीता KP2 समय रहा था.
जयपुर पुलिस ने 2 तस्करों को किया गिरफ्तार
जयपुर पुलिस की सीएसटी टीम ने ड्रग्स माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है. पुलिस थाना दौलतपुरा और श्यामनगर में संयुक्त अभियान चलाकर दो तस्करों तनिष्क शर्मा और प्रतिभा को गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों के कब्जे से करीब 3 लाख रुपए की कीमत की 29.28 ग्राम एमडी, 1.30 ग्राम स्मैक और 19,000 रुपए की बिक्री राशि बरामद हुई.
पहली कार्रवाई दौलतपुरा थाना पुलिस ने नेशनल हाईवे-48 पर देवनारायण ढाबे के सामने की और 24 वर्षीय तनिष्क शर् को गिरफ्तार किया. श्यामनगर थाना क्षेत्र में बदरवास चौराहे के पास प्रतिभा (22) की गिरफ्तारी हुई.
उदयपुरः कांग्रेस नेताओं के इस्तीफे
पंचायत चुनाव से पहले उदयपुर ग्रामीण में कांग्रेस को झटका लगा है. सायरा प्रधान सहित कई कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थामा. सायरा में राजकीय महाविद्यालय भूमि पूजन और शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान सदस्यता ली. इसमें सायरा क्षेत्र के 5 सरपंच और कई पूर्व सरपंच शामिल हुए. बीजेपी के सदस्यों ने मेवाड़ी पगड़ी, उपरणा व तिलक लगाकर स्वागत किया.
प्रेम बाईसा के डॉक्टर की पर्ची को लेकर सस्पेंस
प्रेम बाईसा के डॉक्टर की पर्ची को लेकर सस्पेंस बरकरार है. किस डॉक्टर ने इजेक्शन लिखा. सस्पेंस बरकरार है. कम्पाउंडर ने बताया कि पर्ची दिखाई थी. प्रेम बाईसा के पिता विरमनाथ ने डॉक्टर की पुरानी पर्ची बताई. विरमनाथ का कहना था कि कोई डॉक्टर की पर्ची नहीं थी. ऐसे में पुलिस के सामने बड़ा सवाल कि कौन बोल रहा सच ? यदि इंजेक्शन के रिएक्शन से हुई मौत तो कौन जिम्मेदार ? इंजेक्शन लिखने वाला डॉक्टर था कौन?
जैसलमेर में मिला भ्रूण, मोर्चरी में रखवाया
जैसलमेर के किशनघाट क्षेत्र में आज सुबह साई बाबा मंदिर के पास भ्रूण मिला. मंदिर के समीप दर्शनार्थियों कों पत्थरों के बीच दिखाई दिया. उन्होंने लोगों को जानकारी दी. सूचना पर भारी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए. सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौक़े पर पहुंची. भ्रूण कों कब्जे में लेकर राजकीय जवाहिर चिकित्सालय की मोर्चरी रखवाया. पुलिस जांच में जुटी है.
डीडवाना: लाडनूं में नेशनल हाईवे पर कार ने खाई पलटी
डीडवाना के लाडनूं में नेशनल हाईवे पर कार ने पलटी खाई. कार सवार हनुमान राम की हादसे में मौत हुई. इस हादसे में करीब 6 यात्री घायल हुए. सूचना के बावजूद मौके पर नहीं 108 एंबुलेंस नहीं पहुंची.
जानकारी के मुताबिक, कार सवार लोग झलालड़ गांव से सुजानगढ़ शादी समारोह में जा रहे थे. इसी दौरान हादसा हो गया. मौके पर मौजूद सुशील मेघवाल ने निजी वाहन से लाडनूं अस्पताल पहुंचाया. फिलहाल घायलों का इलाज जारी है.
तस्कर भूटाराम एनकाउंटरः शव के पोस्टमार्टम के लिए परिजन राजी
तस्कर भूटा राम उर्फ भुट्टो के एनकाउंटर मामले में परिजन और प्रशासन के बीच सहमति बन गई है. 2 दिन पहले पुलिस मुठभेड़ में तस्कर की मौत हो गई थी. इसके बाद से ही परिजनों का आक्रोश नजर आ रहा था. प्रशासनिक स्तर पर लंबी बातचीत के बाद सहमति बन गई है. न्यायिक मजिस्ट्रेट सिद्धार्थ सांदू की निगरानी में पोस्टमार्टम किया जाएगा.
RGHS योजना में गड़बड़ी का मामला
राजस्थान सरकार ने RGHS योजना में अनियमितताओं के खिलाफ एक बार फिर कड़ा रुख अपनाया है. सीकर में 7 डॉक्टरों को निलंबित कर दिया गया है. जबकि एक अस्पताल और एक डायग्नोस्टिक सेंटर के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है. सूत्रों के अनुसार, करीब 10 अन्य डॉक्टर रडार पर हैं. इस मामले में 15 कर्मचारी भी चिह्नित किए गए हैं, जो RGHS कार्ड का दुरुपयोग कर फर्जी क्लेम उठा रहे थे. जांच में सामने आया कि अतिरिक्त जांच लिखना, पर्चियां बदलना और महंगी दवाइयां शामिल है. अब तक राज्य सरकार ने 21 FIR दर्ज कराई हैं.
मथुरा सांसद हेमा मालिनी उदयपुरवाटी में
हेमा मालिनी उदयपुरवाटी में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंची हैं. होटल के बाहर प्रशंसकों की भीड़ उमड़ी. आसपास के गांवों से लोग भी अभिनेत्री की झलक पाने पहुंचे.
केकड़ी की माइंस में पैंथर का मूवमेंट
केकड़ी में पैंथर मूवमेंट के चलते दहशत है. मेवदाकलां क्षेत्र में पैंथर की लगातार बढ़ती गतिविधियों ने परेशानी पैदा कर दी है. काला भाटा माइंस बेल्ट में पिछले एक माह से पैंथर की नियमित मूवमेंट सामने आ रही है. यह इलाका संभावित ‘मूवमेंट कॉरिडोर’ के रूप में देखा जाने लगा है. वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे के पास रात 12:16 बजे और आज सुबह 5:30 बजे, 2 बार पैंथर का मूवमेंट रिकॉर्ड किया गया है. लोगों की नाराजगी इस बात को लेकर भी है कि पिंजरे लगाने के बावजूद जमीनी स्तर पर आक्रामक सर्च ऑपरेशन नहीं दिख रहा है.
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह भीलवाड़ा पहुंचे
कांग्रेस के सीडब्ल्यूसी सदस्य दिग्विजय सिंह भीलवाड़ा पहुंचे. यहां पूर्व मुख्यमंत्री शिवचरण माथुर की जन्म शताब्दी पर कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे. दिग्विजय सिंह महिला आश्रम कार्यक्रम में शिरकत करेंगे.
खाटूश्यामजी के धींगपुर में युवक की मौत
खाटूश्यामजी के ग्राम पंचायत धींगपुर में 25 वर्षिय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. धींगपुर निवासी दिनेश कुमार की मौत हुई. पुलिस ने सूचना मिलने पर शव को कब्जे में लेकर राजकीय उप-जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया.
झालावाड़ में सड़क हादसा, युवक घायल
भवानीमंडी बाईपास पर भीषण सड़क हादसे में एक युवक घायल हो गया. ट्रक की टक्कर से सुनेल निवासी आयुष चोटिल हो गया. भवानीमंडी में प्राथमिक उपचार के बाद उसे झालावाड़ स्थित जिला अस्पताल रेफर किया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बेरवा का रींगस दौरा
उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बेरवा रींगस पहुंचे. विधायक सुभाष मील के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया. डिप्टी सीएम जयपुर से झुंझुनूं के लिए रवाना होते समय रींगस ठहरे. यहां एनएच-52 पर सालासर होटल के सामने उनका स्वागत किया गया.
कुत्ते को लेकर विवाद में चाकूबाजी, दो युवक घायल
झालावाड़ के असनावर थाना क्षेत्र में रातादेवी रोड स्थित एक ढाबे पर कुत्ते के विवाद में चाकूबाजी हो गई. ढाबे पर मौजूद लोगों के बीच कुत्ते को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जिसने देखते ही देखते झगड़े का रूप ले लिया. बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया. हमले में अकलेश पुत्र मांगीलाल जाति मेघवाल निवासी अकतास और भरत पुत्र सुमन निवासी पनवासा घायल हो गए. दोनों घायलों को तुरंत असनावर अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में उन्हें झालावाड़ जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.
वरिष्ठ साहित्यकार व वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अरुण माथुर का निधन
डा. अरुण माथुर का शुक्रवार रात जिला चिकित्सालय में निधन हो गया, वे 85 वर्ष के थे. स्वास्थ्य खराब होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली. डॉ. माथुर चिकित्सा सेवा के साथ-साथ साहित्य, लेखन और कला जगत में भी सक्रिय भूमिका में रहे.
इन जिलों में मंत्रियों के दौरे के कार्यक्रम
- बालोतरा में उद्योग राज्यमंत्री केके विश्नोई बीजेपी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे. इस दौरान बजट घोषणाओं के संबंध में मीडिया को भी संबोधित करेंगे. कल गुड़ामालानी में सामाजिक कार्यक्रम प्रस्तावित है.
- सिरोही जिले में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल का दौरा प्रस्तावित है. आज वो आबू रोड पहुंचेंगे. इसके बाद ब्रह्माकुमारीज संस्थान जाएंगे. संस्थान के शांतिवन में आयोजित शिवरात्रि महोत्सव में हिस्सा लेने के बाद विशाल डायमंड हॉल में हजारों लोगों कों सम्बोधित भी करेंगे. आबू रोड के कार्यक्रम के बाद दोपहर 12 बजे उदयपुर के लिए रवाना होंगे.
साध्वी प्रेम बाईसा की मौत में बड़ा अपडेट
साध्वी प्रेम बाईसा मौत मामले में नया अपडेट सामने आया है. विश्वसनीय सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक, पुलिस को अंतिम पोस्टमार्टम रिपोर्ट सौंप दी गई है. रिपोर्ट में अस्थमा अटैक से मौत की आशंका जताई गई है. सांस रुकना संभावित कारण माना गया है. बता दें कि 28 जनवरी को आश्रम में संदिग्ध मौत हुई थी.
होली पर बारां से होकर गुजरेगी स्पेशल ट्रेन
होली पर चलने वाली सोगरिया -दानापुर स्पेशल ट्रेन बारां से होकर गुजरेगी. इससे स्थानीय लोगों के लिए त्यौहारी सीजन में बड़ी राहत मिलेगी. 28 फरवरी और 7 मार्च को ट्रेन संचालित की जाएगी. इससे बारां आने-जाने वाले लोगों को फेस्टिवल सीजन में फायदा मिलेगा.
नागौर में सड़क हादसा
नागौर के सुरपालिया थाना क्षेत्र में सड़क हादसा हुआ. तेज रफ्तार कार मोड़ पर बेकाबू होकर पलटी. हादसे में 3 युवक गंभीर रूप से घायल हुए. एक युवक को नागौर रेफर करते वक्त मौत हो गई, जबकि दो घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है. बताया जा रहा है कि सभी युवक गुजरात के रहने वाले हैं और सालासर बालाजी दर्शन कर लौट रहे थे.
रींगस में रेलवे स्टेशन पर बंदरों का आतंक
रींगस रेलवे स्टेशन परिसर में रेल यात्रियों और श्याम भक्तों की सुरक्षा में लापरवाही सामने आई है. टिकट बुकिंग क्षेत्र में आवारा पशुओं का जमावड़ा दिख रहा है. आगामी दिनों में आयोजित होने वाले 'खाटू श्याम फाल्गुन मेले' से पहले इस तरह की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.
भीलवाड़ा में बजरी माफिया के अड्डे पर छापा
भीलवाड़ा में सुबह होते ही खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया. बजरी माफियाओं पर शिकंजा कसने के लिए डीएसटी टीम ने कोटडी उपखंड के सांकरीया खेड़ा गांव में छापा मारा. इस दौरान 3 सेपरेटर मशीन, 5 ट्रैक्टर और एक जेसीबी जब्त की है. पुलिस की सूचना पर माइनिंग विभाग की टीम भी जांच के लिए पहुंच रही है.
श्रीगंगानगर में ग्राम विकास अधिकारी की पिटाई
श्रीगंगानगर में ग्राम विकास अधिकारी से मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि पंचायत कार्यालय में घुसकर 2 भाईयों ने ग्राम विकास अधिकारी से मारपीट की.
अजमेर में नाबालिग छात्रा ने सुसाइड की कोशिश की
अजमेर में कम हाइट को लेकर तानों से आहत नाबालिग छात्रा ने लाल डिग्गी तालाब में छलांग लगा लगी. गनीमत रही कि मौके मौजूद पर लोगों ने उसकी जान बचा ली. परिजनों को उसने मानसिक तनाव की बात बताई, जिसके बाद परिवार ने स्कूल प्रशासन से शिकायत की. परिजनों ने काउंसलिंग और कार्रवाई की मांग उठाई है.
अजमेर में डीजल चोरी के शक में शख्स की पिटाई
अजमेर में एक युवक को डीजल चोरी के शक में भीड़ ने पीटा. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल है. युवक भीड़ के सामने गिड़गिड़ाते हुए माफी मांगता रहा, लेकिन लोगों ने उसकी नहीं सुनी. अब वायरल फुटेज के आधार पर पुलिस कार्रवाई कर रही है.
लोकसभा अध्यक्ष 6 दिन कोटा दौरे पर
स्पीकर ओम बिरला कोटा पहुंचे हैं. कोटा प्रवास के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. कनवास में प्रस्तावित राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के शिलान्यास और 132 केवी जीएसएस के लोकार्पण समारोह में शामिल होंगे. रविवार को महाशिवरात्रि के मौके पर बिरला संसदीय क्षेत्र में आयोजित विभिन्न धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे.
भीलवाड़ा: बेटे ने बुजुर्ग मां को करवाई अनूठी कांवड़
भीलवाड़ा में एक युवक ने 80 साल की बुजुर्ग मां को कांवड़ में बैठाकर 15 किलोमीटर की पदयात्रा पूरी की. युवक आसींद क्षेत्र के दूधिया गांव का रहने वाला है. जानकारी के मुताबिक, युवक की मां दृष्टिहीन है और उनकी इच्छा पूरी करने के लिए युवक ने यह अनूठी कावड़ यात्रा करवाई. लोग युवक की तुलना श्रवण कुमार से कर रहे हैं और इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है.