पोकरण शहर में गोवंश मिलने के मामले का खुलासा हो गया है. रविवार को गोवंश मिलने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया था. पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए कार्रवाई शुरू की. रविवार (19 जुलाई) देर रात कई इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया. जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो पूरी हकीकत सामने आई. पड़ताल में सामने आया कि 18 जुलाई को चैन पब्लिक गौशाला में एक बछड़े की मौत हुई थी. इसके बाद 19 जुलाई को नगरपालिका की टीम ने मृत बछड़े के अवशेष डम्पिंग यार्ड में डलवाए थे. एक श्वान डम्पिंग यार्ड से गोवंश के अवशेष को उठाकर शहर तक ले आया था.
बछड़े का कटा सिर मिलने से मचा था हड़कंप
इससे पहले, देर रात गाय के बछड़े का कटा सिर मिलने से हड़कंप मच गया था. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध-प्रदर्शन किया था. सूचना मिलने पर पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी ने मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए. लंबी मशक्कत के बाद जब प्रकरण की सच्चाई सामने आई तो पुलिस ने राहत की सांस ली.
पुलिस ने देर रात सर्च ऑपरेशन चलाया.
पुलिस की अपील- अफवाहों से बचें
सीओ बुद्धाराम बिश्नोई के निर्देश पर एसएचओ मनीष सोनी की टीम ने पूरी रात अभियान चलाकर मामले की जांच की. इस संबंध में पुलिस ने नगरपालिका के ठेका कार्मिकों के बयान भी लिए. इसके बाद ही पूरे मामले का खुलासा हुआ. पुलिस ने आमजन से कानून व्यवस्था बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की.
यह भी पढ़ेंः राजस्थान के पर्यटन को मिलेगा नया बूस्ट, जैसलमेर, बांसवाड़ा और पुष्कर बनेंगे वेडिंग डेस्टिनेशन!