बीहड़ों में लंबे समय से सक्रिय नेटवर्क पर करौली पुलिस ने शिकंजा कसा है. राजस्थान-एमपी बॉर्डर की पहाड़ियों में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात डकैत भवानी केवट को गिरफ्तार किया. उटगिरी और हसनपुर की दुर्गम पहाड़ियों में पुलिस ने कार्रवाई को अंजाम दिया. जंगल में 4 घंटे तक चले ड्रामे के बाद आरोपी ने हथियार डाल दिए. उसके कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं. राजस्थान पुलिस ने स्पेशल ऑपरेशन चला रखा है, जिसके तहत सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय माफिया और वांटेड क्रिमिनल पर शिकंजा कसा जा रहा है. पुलिस को देखते ही भवानी केवट ने हथियार लहराना शुरू कर दिया और जंगल की ओर भागने लगा. उसने गिरफ्तारी से बचने के लिए हवा में फायरिंग भी शुरू कर दी. ग्रामीणों और पुलिस की टीम ने मिलकर उसे चारों ओर से घेर लिया, जिससे उसके भागने के सभी रास्ते बंद हो गए.
2 दिन तक पुलिस ने की रेकी
पुलिस ने इस कार्रवाई से पहले दो दिनों तक लगातार रेकी की. एसपी लोकेश सोनवाल ने बताया कि करणपुर थाना पुलिस को उसके जंगलों में छिपे होने का खुफिया इनपुट मिला था. इसके बाद थाना प्रभारी देवेश कुमार जाटव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उटगिरी और हसनपुर की पहाड़ियों में लगातार निगरानी शुरू की.
भीड़ बढ़ता देख घबरा गया डकैत
इसी बीच बुधवार (6 मई) को स्थानीय ग्रामीणों ने भी संदिग्ध व्यक्ति को जंगल में देखा, जिसके बाद स्थिति अचानक तेज हो गई. ग्रामीणों ने आरोपी का पीछा किया और पुलिस को सूचना दी. भीड़ बढ़ते ही आरोपी ने दो बार हवा में फायरिंग कर ग्रामीणों को डराने की कोशिश की, लेकिन वो चंगुल में फंस गया था. करीब चार घंटे तक चली इस घेराबंदी के दौरान आरोपी लगातार भागता रहा.
कैंसर पीड़ित है भवानी
आखिरकार उसने हथियार डाल दिए और पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल, पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया. उसके खिलाफ मध्यप्रदेश और राजस्थान में हत्या, डकैती, लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट जैसे कई गंभीर मामलों में केस दर्ज है.
यह भी पढ़ेंः जयपुर के नामी ज्वेलर से गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग ने मांगी 5 करोड़ की रंगदारी, वॉट्सऐप पर मैसेज भेजकर दी धमकी