राजस्थान कांग्रेस में एक बार फिर गुटबाजी की तस्वीर नजर आई. मंगलवार (11 अगस्त) को अजमेर से बाड़मेर तक शिकायतों का दौर जारी रहा. कई कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के ऑफिस पहुंचे. इसी दौरान, पार्टी में अनदेखी के आरोप भी गूंजे. बताया जा रहा है कि बाड़मेर के पूर्व विधायक मेवाराम जैन अपने सैकड़ो समर्थकों के साथ पूर्व मंत्री हरीश चौधरी की शिकायतों की लंबी फेहरिस्त लेकर पहुंचे थे. वहीं, अजमेर के पूर्व जिलाध्यक्ष विजय जैन ने डोटासरा से मुलाकात के दौरान नाराजगी जाहिर की. इसे अशोक गहलोत के करीबी धर्मेंद्र राठौड़ के खिलाफ शिकायतों से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि, दोनों ही नेताओं ने सीधे तौर पर इसकी जानकारी नहीं दी.
गुटबाजी करने वाले नेता का नाम भी बताया- मेवाराम जैन
यही नहीं, पूर्व विधायक मेवाराम जैन ने खुलकर बताया कि हम कैसे वापस कांग्रेस को मजबूत करें और आपस में गुटबाजी को कैसे खत्म करें, इस संबंध में सुझाव दिए हैं. कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष से कहा कि बाड़मेर में गुटबाजी बहुत है उसको खत्म करें और कांग्रेस को एकजुट करें. मेवाराम जैन ने हरीश चौधरी का नाम तो नहीं लिया, लेकिन इशारों ही इशारों में कहा, "हमने गुटबाजी करने वाले व्यक्ति का नाम अध्यक्ष को बता दिया है. हम चाहते हैं कांग्रेस एकजुट हो और गुटबाजी नहीं हो. पिछले समय में जो कुछ हुआ उसे भूल जाना चाहिए, जितनी भी गुटबाजी है वो सब खत्म होनी चाहिए."
पीसीसी में बाड़मेर से पूर्व विधायक मेवाराम जी जैन के नेतृत्व में पधारे सैंकड़ों नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। pic.twitter.com/21eo3300e8
— Govind Singh Dotasra (@GovindDotasra) August 11, 2026
अजमेर में बाहरी व्यक्ति नुकसान कर रहा है- विजय जैन
अजमेर के पूर्व जिलाध्यक्ष विजय जैन का कहना है कि हमने अपनी बात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के सामने रखी है. जिन लोगों को अजमेर में उपेक्षित किया गया, उन लोगों ने आज अपनी बात अध्यक्ष के सामने रखी है. पूर्व जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा ने कार्यकर्ताओं को हमेशा तवज्जो दी थी, जो भी फैसला होगा कांग्रेस के हित में रहेगा. अजमेर में जो कार्यक्रम होते हैं, वहां पर कार्यकर्ताओं को दरकिनार किया जा रहा है. वहां पर एक व्यक्ति की वजह से पूरा सिस्टम बिगड़ गया है.
डोटासरा का मैसेज- एक 'जाजम' पर लड़ेंगे चुनाव
तमाम गुटबाजी की शिकायतों पर लगाम लगाने का मैसेज देते हुए डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एकजुट होकर एक जाजम पर बैठकर चुनाव लड़ेगी और किसी भी कार्यकर्ता के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा. हाईकमान का संदेश है कि सबका सम्मान होना चाहिए, जिसका जहां पर अधिकार बनता है उसके अधिकार से वंचित नहीं होने दिया जाएगा.
पीसीसी चीफ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एकजुट है, बाड़मेर में लोकसभा चुनाव को लेकर मनमुटाव हो गया था. उस वक्त मेवाराम जैन कांग्रेस में नहीं थे. आलाकमान ने निर्णय लिया और मेवाराम जैन कांग्रेस में आ गए, सभी एकजुट हैं.
यह भी पढ़ेंः राजस्थान के निकायों में किस जाति से होगा मेयर-सभापति? 13 अगस्त को लॉटरी से होगा फैसला