राजस्थान में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया जा रहा है. कई जिलों में गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है. मार्च में ही मई-जून की तरह गर्मी पड़ने लगी है. हलांकि दिन के मुकाबले रात अभी ठंड रहती है.
बाड़मेर का तापमान 40 के पार
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 से 10 डिग्री अधिक है. इस दौरान सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 40.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
अगले चार दिन शुष्क रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा. आगामी 48 घंटों के दौरान तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है. 10 और 11 मार्च को राज्य के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में कहीं-कहीं हीटवेव की स्थिति भी बन सकती है.
तापमान में हल्की गिरावट होने की संभावना
12 मार्च से तापमान में हल्की गिरावट शुरू होने की संभावना जताई गई है. इसके बाद 14 और 15 मार्च को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कुछ इलाकों में मेघगर्जन के साथ हल्की आंधी और बारिश हो सकती है. इस सिस्टम के असर से तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है.
यह भी पढ़ें: पोकरण में सेना का पावर शो, रडार ने ट्रैक किया..मिसाइल ने किया खाक; पलक झपकते ही ढेर हुए दुश्मन के ड्रोन