राजस्थान में टीचर्स की छुट्टियों से जुड़ी बड़ी अपडेट, मदन दिलावर ने शिक्षकों के ट्रांसफर के लिए किया ये इशारा

अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के पदाधिकारी आंदोलन की तैयारी में जुटे थे. शिक्षा मंत्री मदन दिलावर से बातचीत के बाद 29 मई का धरना स्थगित कर दिया गया है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर से बातचीत के बाद शिक्षक संगठन ने धरना स्थगित कर दिया.

राजस्थान में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ का आंदोलन टल गया है. शिक्षा मंत्री मदन दिलावर से बातचीत के बाद संगठन ने आंदोलन स्थगित किया है. 6 दिन बाद 29 मई को धरना-प्रदर्शन होना था. इससे पहले शुक्रवार (22 मई) देर रात शिक्षा मंत्री ने संगठन के पदाधिकारियों को बातचीत के लिए बुलाया. शिक्षक लंबे समय से ट्रांसफर पॉलिसी की मांग कर रहे हैं. साथ ही उनकी मांग छुट्टियों से भी जुड़ी हुई है. मदन दिलावर ने तमाम मांगो पर चर्चा की और पदाधिकारियों को आश्वासन दिया. 

जल्द ही जारी होंगे आदेश

प्रदेश अध्यक्ष रमेश पुष्करणा ने बताया कि स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 21 जून की बजाय 29 जून से शुरू करने पर सहमति बनी है. सरकार ने साथ ही 'संस्था प्रधान अधिकृत अवकाश' में कटौती को वापस ले लिया गया है. इस अवकाश को 2 दिन रखा जाएगा, जिसके आदेश जल्द ही जारी किए जाएंगे.

Advertisement

प्रमोशन के मामले में कोर्ट में मजबूती से पक्ष रखेगी सरकार

शिक्षकों के स्थानांतरण (तबादलों) के विषय पर शिक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री से विशेष अनुरोध करने का आश्वासन दिया. दिलावर ने कहा कि शिक्षकों की पदोन्नति के मामले में कोर्ट में प्रभावी पैरवी की जाएगी. इसके लिए शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों और अतिरिक्त महाधिवक्ता को दूरभाष पर निर्देश भी दिए.

गैर-शैक्षणिक कार्यों में नहीं लगेंगे शिक्षक?

वहीं, क्रमोन्नत विद्यालयों में पदों की वित्तीय स्वीकृति दिलाने का भी भरोसा दिया है. तृतीय श्रेणी शिक्षकों व प्रबोधकों की वेतन विसंगति को दूर करने पर भी काम होगा. शिक्षकों की मांग है कि उन्हें गैर-शैक्षणिक कार्यों में ना लगाया जाए. इस मुद्दे पर भी सरकार विचार करेगी. संघर्ष समिति सयोजक सम्पत सिंह ने बताया कि इन तमाम मांगों पर सैद्धांतिक सहमति बनने के बाद आगामी आंदोलन के चरणों को स्थगित करने की घोषणा की गई है. 

यह भी पढ़ेंः NEET पेपर लीक के बाद जान देने वाले छात्र के परिजनों से राहुल गांधी ने पूछे 4 सवाल, मांगें सुनकर बोले- ये तो...