विज्ञापन
27 minutes ago

Rajasthan Weather Today, Rain and Storm Alert LIVE News: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) जयपुर ने आज सुबह 09:40 बजे चेतावनी जारी करते हुए राजस्थान के जयपुर और अजमेर सहित 26 से अधिक जिलों में अगले तीन घंटों तक मेघगर्जन और बारिश का अलर्ट दिया है. जयपुर, अजमेर और आसपास के क्षेत्रों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है, जहां हल्की से मध्यम वर्षा के साथ ओलावृष्टि (Hailstorm) की प्रबल संभावना है. इसके अलावा, दौसा, सवाई माधोपुर, करौली और अलवर जैसे जिलों में 40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है, जबकि सीकर, टोंक और उदयपुर सहित 17 अन्य जिलों को 'येलो अलर्ट' पर रखा गया है. इस लाइव ब्लॉग में हम आपको बताएंगे कि राजस्थान में कहां-कहां बारिश हो रही है और हर थोड़ी देर में वहां की ताजा स्थिति से अपडेट कराएंगे.

Here Are The Live Updates of Rajasthan Weather Today

Jaipur Rain LIVE: जयपुर में रुक-रुक कर हो रही बारिश, ओले भी गिरे

राजस्थान की राजधानी में आज सुबह से ही मौसम ने रौद्र रूप अख्तियार कर लिया है. भारी पश्चिमी विक्षोभ के असर से जयपुर और आसपास के इलाकों में तड़के 4 बजे से ही मेघगर्जन और आकाशीय बिजली की कड़क के साथ रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है. शहर के कई हिस्सों में झमाझम बारिश के साथ ओलावृष्टि (Hailstorm) दर्ज की गई है, जिससे सड़कों और खेतों पर सफेद चादर बिछ गई है. 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से चल रही बर्फीली हवाओं ने पारे को धड़ाम से नीचे गिरा दिया है, जिससे फरवरी की गर्मी के बीच कड़ाके की ठंड का अहसास लौट आया है. मौसम विभाग ने जयपुर के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी रखते हुए नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

Today Rajasthan Weather LIVE News: गंगापुर सिटी में बारिश शुरू, किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें

गंगापुर सिटी और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश का दौर शुरू होने से किसानों की धड़कनें तेज हो गई हैं. मौसम में आए इस बदलाव ने विशेष रूप से सरसों और गेहूं की फसल को संकट में डाल दिया है. 

एक ओर मंडियों में बड़ी मात्रा में सरसों खुले आसमान के नीचे पड़ी है, वहीं दूसरी ओर खेतों में कटी हुई फसल भी भीगने की कगार पर है. 

किसानों पर इस बेमौसम बारिश की 'दोहरी मार' पड़ने की आशंका है, क्योंकि एक तरफ उत्पादन की गुणवत्ता प्रभावित होने का डर है तो दूसरी तरफ कटी हुई फसल के खराब होने से भारी आर्थिक नुकसान का खतरा मंडरा रहा है.

Rajasthan Weather Today LIVE Updates: करौली में छाए काले बादल

करौली जिले में सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसका व्यापक असर आज आसमान में छाए घने काले बादलों के रूप में दिखाई दे रहा है. 

विभाग के अनुसार, जिले में 30–40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की प्रबल संभावना है. 

साथ ही, आकाशीय बिजली गिरने का भी अनुमान जताया गया है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और विशेष सावधानी बरतने की अपील की है.

Rajasthan Weather LIVE: झालावाड़ में बदला मौसम, बारिश और सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन

झालावाड़ में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम ने अचानक करवट ले ली है, जिससे समूचे जिले में सर्दी का असर तेज हो गया है. मौसम विभाग ने आज तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है, जिसके चलते आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाओं के चलने से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है. अगले कुछ घंटों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं, जिसे देखते हुए प्रशासन और मौसम केंद्र ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है.

Rajasthan Weather LIVE: ब्यावर में बरसों बाद बरसे चने के आकार के ओले

ब्यावर शहर में आज पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम ने ऐतिहासिक करवट ली है, जहां बरसों बाद झमाझम बारिश के साथ चने के आकार के ओले गिरे हैं. अचानक हुई इस तेज बारिश और ओलावृष्टि से सामान्य जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया और ठंडी हवाओं के चलने से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई. महज दो दिन पहले गर्मी का अहसास कर रहे शहरवासी एक बार फिर गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए, वहीं इस बेमौसम बदलाव और तेज हवाओं ने क्षेत्र के किसानों की फसलों को लेकर चिंता को दोगुना कर दिया है.

Today Rajasthan Weather LIVE News: जालोर में 31 डिग्री के पार पहुंचा पारा, लेकिन 48 घंटे बाद फिर लौटेगी सर्दी

जालोर जिले में सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम के मिजाज में बड़ा बदलाव आया है, जिससे मंगलवार को रात का तापमान 1.3 डिग्री बढ़कर 11.9°C पर पहुंच गया. पिछले पांच दिनों से दिन का पारा लगातार 30 डिग्री के ऊपर (अधिकतम 31.6°C) रहने से गेहूं की फसल को नुकसान की आशंका बनी हुई थी, लेकिन किसानों के लिए राहत की खबर यह है कि विक्षोभ का असर खत्म होते ही तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आएगी. 

कृषि विज्ञान केंद्र के अनुसार, ठंडी हवाएं चलने से फसलों को फायदा होगा और गर्मी की मार से राहत मिलेगी.

Rajasthan Weather Today LIVE Updates: सीकर में बारिश और बादलों की गर्जना ने बढ़ाई किसानों की धड़कनें

सीकर जिले में आज (बुधवार) नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम ने अचानक पलटी मारी है, जिससे सुबह से ही आसमान में काली घटाएं छाई हुई हैं और मेघगर्जना के साथ बूंदाबांदी का दौर जारी है. 

इस बदलाव से तापमान में गिरावट आने के कारण हल्की सर्दी का अहसास फिर से बढ़ गया है, जिससे बाजारों में भी रौनक कम नजर आई. 

मौसम विभाग ने आगामी कुछ घंटों में जिले में हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की है, जो रबी की फसलों के लिए फायदेमंद तो है, लेकिन किसान ओलावृष्टि की आशंका को लेकर चिंतित भी हैं.

Rajasthan Weather LIVE: पिलानी में 2.9mm मावठ, आज के लिए ऑरेंज अलर्ट

झुंझुनू जिले में नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम ने करवट ली है, जिसके चलते देर रात कई इलाकों में मेघगर्जना के साथ मावठ हुई. 

पिलानी मौसम केंद्र पर 2.9 एमएम बारिश दर्ज की गई है. 

मौसम विभाग ने आज (बुधवार) के लिए जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली चमकने और ओलावृष्टि की प्रबल संभावना जताई गई है. 

इस मावठ से रबी की फसलों (गेहूं, जौ, चना) को संजीवनी मिलने की उम्मीद है, जिससे किसानों में खुशी है, 

हालांकि आगामी 2-3 दिनों में तापमान में 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है.

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
Close