1 month ago

Rajasthan Weather 18 February Higlights: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) जयपुर ने आज सुबह 09:40 बजे चेतावनी जारी करते हुए राजस्थान के जयपुर और अजमेर सहित 26 से अधिक जिलों में अगले तीन घंटों तक मेघगर्जन और बारिश का अलर्ट दिया है. जयपुर, अजमेर और आसपास के क्षेत्रों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है, जहां हल्की से मध्यम वर्षा के साथ ओलावृष्टि (Hailstorm) की प्रबल संभावना है. इसके अलावा, दौसा, सवाई माधोपुर, करौली और अलवर जैसे जिलों में 40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है, जबकि सीकर, टोंक और उदयपुर सहित 17 अन्य जिलों को 'येलो अलर्ट' पर रखा गया है. इस लाइव ब्लॉग में हम आपको बताएंगे कि राजस्थान में कहां-कहां बारिश हो रही है और हर थोड़ी देर में वहां की ताजा स्थिति से अपडेट कराएंगे.

Here Are The Live Updates of Rajasthan Weather Today

Feb 18, 2026 23:00 (IST)

Rajasthan Weather LIVE News: बारां में देर रात तेज बारिश के साथ बरसे ओले

राजस्थान के बारां जिले में भी अभी रात को मौसम बिगड़ गया, जिले के कुंजेड गांव में अभी रात के समय तेज हवाओं के साथ तेज बारिश हुई और चने के आकार से बड़े ओले गिरे हैं. इलाके में बारिश होने से इलाके में ठंडक बढ़ी है, तो खेतों में खड़ी फसलों को लेकर किसानों में चिंता बढ़ी है.

Feb 18, 2026 17:49 (IST)

Rajasthan Weather LIVE News: धौलपुर में भी मौसम का मिजाज बदलने से फसल को नुकसान, ऑरेंज अलर्ट जारी

धौलपुर. जिले में बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली और सुबह से ही आसमान में घने बादल छा गए. दोपहर तक रुक-रुक कर हुई बारिश ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया. दिनभर सूर्यदेव के दर्शन नहीं होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को एक बार फिर हल्की सर्दी का एहसास हुआ. मौसम का मिजाज फसल के लिए विपरीत माना जा रहा है. किसान रवि फसल में नुकसान की आशंका व्यक्त कर रहे है. पिछले कई दिनों से तेज धूप और उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को बारिश से राहत मिली है. मौसम विभाग ने पूर्व में ही जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था. विभाग के अनुसार आगामी 24 घंटों में भी मध्यम से तेज बारिश की संभावना बनी हुई है. साथ ही तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की चेतावनी दी गई है. प्रशासन ने भी लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की है.

Advertisement
Feb 18, 2026 17:17 (IST)

Rajasthan Weather LIVE News: करौली में सरसों के खेती को नुकसान बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी

करौली जिले में पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम ने अचानक करवट ले ली है. अभी तक आसमान में घने काले बादल छाए हुए है, जिससे मौसम ठंडा हो गया. कई इलाकों में हल्की बूंदा बांदी दर्ज की गई, वहीं तेज हवा चलने से तापमान में गिरावट आई है. मौसम विभाग ने करौली जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. अलर्ट का असर साफ तौर पर नजर आ रहा है. विभाग के अनुसार जिले में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान जताया गया है. इस बूंदाबादी से किसानों के लिए सरसों में खड़ी एवं कटी हुई फसलों में नुकसान हो सकता है.

Feb 18, 2026 16:20 (IST)

Rajasthan Weather LIVE News: राजसमंद में बारिश और ओलावृष्टि से लोगों को हुई परेशानी

पिछले दो दिनों सेफ लगभग सभी जिलों में मौसम की अनियमित बनी हुई है कभी तेज धूप तो कभी बदल वही किसी-किसी जगह पर हल्की तेज बारिश हो रही है. बीपी रात राजसमंद कुंवारिया सहित आमेट क्षेत्र में करीब 15 मिनट जमकर बारिश हुई. राजसमंद के कलवा क्षेत्र में शाम की बूंदाबांदी के साथ ओले गिरने की भी सूचना मिली है. चने के आकार के ओले गिरने से बच्चे उसमें खेलते नजर आए लेकिन इससे सर्दी भी बढ़ सकती है. जबकि बुधवार शाम होते-होते राजसमंद जिला मुख्यालय पर भी बारिश की शुरुआत हो गई. यह बारिश फसलों के लिए बेहतर है लेकिन इससे मौसमी बीमारियां बढ़ने की आशंका है. यह बूंदाबांदी केवल सूखे खेतों की नमी लौट के लिए लाभदायक हो सकती है.

Feb 18, 2026 13:53 (IST)

राजस्थान के मौसम पर IMD ने जारी किया नया अलर्ट

Feb 18, 2026 13:32 (IST)

Today Rajasthan Weather LIVE News: रींगस में सुबह से झमाझम बारिश और ओलों की मार

शेखावाटी के रींगस में आज सुबह से जारी मूसलाधार बारिश और ग्रामीण इलाकों में हुई भारी ओलावृष्टि ने जनजीवन को पूरी तरह पटरी से उतार दिया है. लगातार हो रही बरसात के चलते पारे में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे कस्बे की सड़कों पर सन्नाटा पसरा है और आमजन की आवाजाही कम हो गई है. 

इस बेमौसम 'वेदर अटैक' ने जहां शादियों के सीजन में खुले आयोजनों में खलल डाला है, वहीं खेतों में खड़ी रबी की फसलों पर ओलों की मार ने किसानों की चिंताएं चरम पर पहुंचा दी हैं. 

Advertisement
Feb 18, 2026 12:50 (IST)

जयपुर में 27mm बारिश, IMD ने बताया राजस्थान को कब मिलेगी ओलों और आंधी से राहत

राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का रौद्र रूप जारी है, जिसे लेकर मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बड़ा अपडेट जारी किया है. 

पिछले 24 घंटों में जयपुर के नारायणा में 27 मिलीमीटर और हनुमानगढ़ के नोहर में 20 मिलीमीटर तक मूसलाधार बारिश दर्ज की गई है. 

आज भी जयपुर, भरतपुर, कोटा और अजमेर संभाग में 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने वाली आंधी, बिजली की कड़क और 'ओलावृष्टि' का कहर जारी रहने की आशंका है. 

हालांकि, निदेशक ने राहत की खबर देते हुए बताया कि 19 फरवरी से मौसम साफ होने लगेगा और अगले 5-6 दिनों तक धूप खिलेगी, लेकिन तब तक किसानों और आम जनता को विशेष सतर्क रहने की सख्त हिदायत दी गई है.

Feb 18, 2026 12:43 (IST)

Rajasthan Weather Today LIVE Updates: कोटा मंडी में भीगा किसानों का करोड़ों का अनाज

हाड़ौती के अन्नदाता पर आज कुदरत ने दोहरी मार मारी है. राजस्थान में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ ने कोटा की भामाशाह अनाज मंडी में तबाही का मंजर पैदा कर दिया, जहां अपनी साल भर की मेहनत यानी सरसों लेकर पहुंचे किसानों के अरमानों पर बेमौसम बारिश ने पानी फेर दिया है. 

खुले आसमान के नीचे रखी करोड़ों की सरसों देखते ही देखते भीग गई. हालांकि किसानों ने आनन-फानन में तिरपालों से फसल को ढंकने की जी-तोड़ कोशिश की, लेकिन मूसलाधार बारिश के आगे उनकी हर कवायद नाकाम साबित हुई. 

अब भीगी हुई सरसों के दाम गिरने के डर और खेतों में खड़ी फसल की बर्बादी ने किसानों की कमर तोड़ दी है, जिससे मंडी से लेकर खेतों तक सिर्फ मायूसी और बर्बादी की तस्वीरें सामने आ रही हैं.

Advertisement
Feb 18, 2026 12:39 (IST)

Rajasthan Weather LIVE: चिड़ावा-पिलानी में गिरे ओले

शेखावाटी के प्रवेश द्वार झुंझुनूं में सक्रिय हुए 'वेस्टर्न डिर्स्टबेंस' ने आज जमकर तांडव मचाया है, जहां चिड़ावा और पिलानी समेत पूरे जिले में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. 

पिलानी में तो कुदरत का ऐसा कहर टूटा कि चने के दाने जितने बड़े ओलों की इतनी भारी बारिश हुई कि देखते ही देखते ज़मीन पर 'सफेद चादर' बिछ गई. 

आसमान से बरसे इन अंगारों ने न केवल रबी की अगेती फसलों (सरसों-गेहूं) को तबाह करने का डर पैदा कर दिया है, बल्कि शादियों के इस सीजन में खुले मैदानों और गार्डन्स में चल रहे आयोजनों में भी भारी खलल डाला है. 

मौसम विभाग के 'ऑरेंज अलर्ट' के बीच बिजली की कड़क और तेज़ हवाओं ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है, जिससे कड़ाके की ठंड की वापसी के साथ ही किसानों के माथे पर चिंता की गहरी लकीरें खिंच गई हैं.

Feb 18, 2026 12:07 (IST)

Jaipur Rain LIVE: जयपुर में रुक-रुक कर हो रही बारिश, ओले भी गिरे

राजस्थान की राजधानी में आज सुबह से ही मौसम ने रौद्र रूप अख्तियार कर लिया है. भारी पश्चिमी विक्षोभ के असर से जयपुर और आसपास के इलाकों में तड़के 4 बजे से ही मेघगर्जन और आकाशीय बिजली की कड़क के साथ रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है. शहर के कई हिस्सों में झमाझम बारिश के साथ ओलावृष्टि (Hailstorm) दर्ज की गई है, जिससे सड़कों और खेतों पर सफेद चादर बिछ गई है. 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से चल रही बर्फीली हवाओं ने पारे को धड़ाम से नीचे गिरा दिया है, जिससे फरवरी की गर्मी के बीच कड़ाके की ठंड का अहसास लौट आया है. मौसम विभाग ने जयपुर के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी रखते हुए नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

Feb 18, 2026 11:35 (IST)

Today Rajasthan Weather LIVE News: गंगापुर सिटी में बारिश शुरू, किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें

गंगापुर सिटी और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश का दौर शुरू होने से किसानों की धड़कनें तेज हो गई हैं. मौसम में आए इस बदलाव ने विशेष रूप से सरसों और गेहूं की फसल को संकट में डाल दिया है. 

एक ओर मंडियों में बड़ी मात्रा में सरसों खुले आसमान के नीचे पड़ी है, वहीं दूसरी ओर खेतों में कटी हुई फसल भी भीगने की कगार पर है. 

किसानों पर इस बेमौसम बारिश की 'दोहरी मार' पड़ने की आशंका है, क्योंकि एक तरफ उत्पादन की गुणवत्ता प्रभावित होने का डर है तो दूसरी तरफ कटी हुई फसल के खराब होने से भारी आर्थिक नुकसान का खतरा मंडरा रहा है.

Feb 18, 2026 11:34 (IST)

Rajasthan Weather Today LIVE Updates: करौली में छाए काले बादल

करौली जिले में सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसका व्यापक असर आज आसमान में छाए घने काले बादलों के रूप में दिखाई दे रहा है. 

विभाग के अनुसार, जिले में 30–40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की प्रबल संभावना है. 

साथ ही, आकाशीय बिजली गिरने का भी अनुमान जताया गया है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और विशेष सावधानी बरतने की अपील की है.

Feb 18, 2026 11:32 (IST)

Rajasthan Weather LIVE: झालावाड़ में बदला मौसम, बारिश और सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन

झालावाड़ में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम ने अचानक करवट ले ली है, जिससे समूचे जिले में सर्दी का असर तेज हो गया है. मौसम विभाग ने आज तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है, जिसके चलते आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाओं के चलने से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है. अगले कुछ घंटों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं, जिसे देखते हुए प्रशासन और मौसम केंद्र ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है.

Feb 18, 2026 11:28 (IST)

Rajasthan Weather LIVE: ब्यावर में बरसों बाद बरसे चने के आकार के ओले

ब्यावर शहर में आज पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम ने ऐतिहासिक करवट ली है, जहां बरसों बाद झमाझम बारिश के साथ चने के आकार के ओले गिरे हैं. अचानक हुई इस तेज बारिश और ओलावृष्टि से सामान्य जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया और ठंडी हवाओं के चलने से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई. महज दो दिन पहले गर्मी का अहसास कर रहे शहरवासी एक बार फिर गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए, वहीं इस बेमौसम बदलाव और तेज हवाओं ने क्षेत्र के किसानों की फसलों को लेकर चिंता को दोगुना कर दिया है.

Feb 18, 2026 11:27 (IST)

Today Rajasthan Weather LIVE News: जालोर में 31 डिग्री के पार पहुंचा पारा, लेकिन 48 घंटे बाद फिर लौटेगी सर्दी

जालोर जिले में सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम के मिजाज में बड़ा बदलाव आया है, जिससे मंगलवार को रात का तापमान 1.3 डिग्री बढ़कर 11.9°C पर पहुंच गया. पिछले पांच दिनों से दिन का पारा लगातार 30 डिग्री के ऊपर (अधिकतम 31.6°C) रहने से गेहूं की फसल को नुकसान की आशंका बनी हुई थी, लेकिन किसानों के लिए राहत की खबर यह है कि विक्षोभ का असर खत्म होते ही तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आएगी. 

कृषि विज्ञान केंद्र के अनुसार, ठंडी हवाएं चलने से फसलों को फायदा होगा और गर्मी की मार से राहत मिलेगी.

Feb 18, 2026 11:18 (IST)

Rajasthan Weather Today LIVE Updates: सीकर में बारिश और बादलों की गर्जना ने बढ़ाई किसानों की धड़कनें

सीकर जिले में आज (बुधवार) नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम ने अचानक पलटी मारी है, जिससे सुबह से ही आसमान में काली घटाएं छाई हुई हैं और मेघगर्जना के साथ बूंदाबांदी का दौर जारी है. 

इस बदलाव से तापमान में गिरावट आने के कारण हल्की सर्दी का अहसास फिर से बढ़ गया है, जिससे बाजारों में भी रौनक कम नजर आई. 

मौसम विभाग ने आगामी कुछ घंटों में जिले में हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की है, जो रबी की फसलों के लिए फायदेमंद तो है, लेकिन किसान ओलावृष्टि की आशंका को लेकर चिंतित भी हैं.

Feb 18, 2026 11:14 (IST)

Rajasthan Weather LIVE: पिलानी में 2.9mm मावठ, आज के लिए ऑरेंज अलर्ट

झुंझुनू जिले में नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम ने करवट ली है, जिसके चलते देर रात कई इलाकों में मेघगर्जना के साथ मावठ हुई. 

पिलानी मौसम केंद्र पर 2.9 एमएम बारिश दर्ज की गई है. 

मौसम विभाग ने आज (बुधवार) के लिए जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली चमकने और ओलावृष्टि की प्रबल संभावना जताई गई है. 

इस मावठ से रबी की फसलों (गेहूं, जौ, चना) को संजीवनी मिलने की उम्मीद है, जिससे किसानों में खुशी है, 

हालांकि आगामी 2-3 दिनों में तापमान में 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है.