राजस्थान में आज 13 जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है. शनिवार को भरतपुर, धौलपुर, सवाई माधोपुर, करौली और कोटा समेत कई जिलों में करीब एक इंच तक बारिश दर्ज की गई. वहीं टोंक, बूंदी, दौसा, अलवर और चित्तौड़गढ़ के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई. दूसरी ओर, पश्चिमी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने के साथ गर्मी और उमस बढ़ने लगी है. मौसम विभाग के मुताबिक, कुछ जिलों में मौसम अचानक बदल सकता है. कहीं बादल छाने के बाद बारिश हो सकती है, तो कुछ इलाकों में मौसम सामान्य भी रह सकता है.
श्रीगंगानगर में 38 डिग्री के पार तापमान
ऐसे में लोगों को विशेषकर आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत होगी. सबसे अधिक तापमान श्रीगंगानगर में 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार रविवार (16 अगस्त) से प्रदेश में बारिश का दौर और कमजोर हो सकता है. 17 और 18 अगस्त को अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने की संभावना है. हालांकि 19 अगस्त से एक बार फिर पूर्वी राजस्थान के जिलों में बारिश की गतिविधियां शुरू होने के आसार हैं.
राजस्थान में 12 फीसदी कम बारिश
मानसून ट्रफ फिलहाल फिरोजपुर, रोहतक, औरैया और सीधी से होते हुए निम्न दबाव के क्षेत्र के बीच से गुजरकर झारखंड तक फैली हुई है और आगे बंगाल की खाड़ी तक जा रही है. इसके प्रभाव से राजस्थान में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने की संभावना है. प्रदेश में अब तक सामान्य से 12 फीसदी कम बरसात हुई है.
यह भी पढ़ेंः राजस्थान की महिलाओं को सीएम का रक्षाबंधन गिफ्ट, आंगनबाड़ी, आशा सहयोगिनी के लिए भी ऐलान