राजस्थान में मौसम एक बार फिर सक्रिय हो गया है. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले 2 दिन (8 अप्रैल तक) राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है. आज (7 अप्रैल) विक्षोभ का सर्वाधिक प्रभाव रहेगा. जैसलमेर, फलोदी, जोधपुर, दौसा, जयपुर, बीकानेर, नागौर, पाली, श्रीगंगानगर और आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं पर मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है. इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
मेवाड़ से मारवाड़ तक येलो अलर्ट
हनुमानगढ़, बाड़मेर, चूरू, टोंक, भीलवाड़ा, झुंझुनूं, अजमेर, अलवर, भरतपुर, करौली, धौलपुर, सीकर, बूंदी, भीलवाड़ा, कोटा, सवाईमाधोपुर और आसपास के क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा, तेज हवाएं (40-50 किमी प्रति घंटा) और ओलावृष्टि की संभावना है. कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है.
9 अप्रैल से मिलेगी राहत
वहीं, बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंचने का खतरा बना हुआ है. मौसम विभाग ने किसानों को चेतावनी दी है कि खुले आसमान में पककर तैयार फसलों, कृषि मंडियों और धान मंडियों में खुले में रखे अनाज को ढककर रखें. साथ ही सुरक्षित स्थान पर भंडारण करने की सलाह दी गई है. 9 अप्रैल से अगले 3-4 दिनों तक राज्य के अधिकांश भागों में मौसम शुष्क रहने और तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है.
यह भी पढ़ेंः जयपुर नगर निगम के मेल से भेजता था जॉइनिंग लेटर, सैंकड़ों युवाओं को बनाया शिकार... 3 लाख में करता था सौदा