विज्ञापन

जयपुर नगर निगम के मेल से भेजता था जॉइनिंग लेटर, सैंकड़ों युवाओं को बनाया शिकार... 3 लाख में करता था सौदा

आरोपी राकेश जीनगर पिछले चार साल से यह गिरोह चला रहा था और जालोर, पाली और सिरोही जिलों के सैकड़ों बेरोजगार युवाओं को अपना शिकार बना चुका है. मामले में और भी पीड़ित सामने आने की संभावना है. 

जयपुर नगर निगम के मेल से भेजता था जॉइनिंग लेटर, सैंकड़ों युवाओं को बनाया शिकार... 3 लाख में करता था सौदा
नौकरी के नाम पर ठगी करने वाला आरोपी

Rajasthan News: प्रदेश में बेरोजगार युवाओं को जालसाजी में फंसाने की कोशिश की जा रही थी. जिन्हें नौकरी के नाम पर लोगों को फंसाया जा रहा था. जालोर जिले में बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है. कोतवाली थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी राकेश जीनगर को गिरफ्तार किया है, जो पिछले करीब चार साल से फर्जीवाड़ा कर रहा था.

ऐसे करता था ठगी का खेल

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को जयपुर नगर निगम और डीएलबी (डायरेक्टोरेट ऑफ लोकल बॉडीज) से जुड़ा अधिकारी बताता था. वह युवाओं को भरोसे में लेकर सरकारी नौकरी दिलाने का वादा करता और बदले में 3 लाख से लेकर 10 लाख रुपये तक वसूलता था. रकम लेने के बाद आरोपी फर्जी ईमेल आईडी के जरिए जॉइनिंग लेटर भेजता था, जिसमें जयपुर नगर निगम के नाम और फर्जी हस्ताक्षर होते थे. इतना ही नहीं, वह युवाओं को शहरी आजीविका केंद्र जैसे स्थानों पर बैठाकर उन्हें यह विश्वास दिलाता रहता था कि उनकी नौकरी लग चुकी है.

सैकड़ों युवाओं को बना चुका शिकार

पुलिस के अनुसार, आरोपी राकेश जीनगर पिछले चार साल से यह गिरोह चला रहा था और जालोर, पाली और सिरोही जिलों के सैकड़ों बेरोजगार युवाओं को अपना शिकार बना चुका है. मामले में और भी पीड़ित सामने आने की संभावना है. 

जालोर में बना रखा था ठिकाना

आरोपी राकेश जीनगर पुत्र पुखराज जीनगर मूल रूप से पाली जिले के तखतगढ़ का निवासी है. फिलहाल वह जालोर के रतनपुरा रोड स्थित शकर वाटिका के पास रह रहा था. यहां वह खुद को शहरी आजीविका केंद्र में योजना प्रभारी बताकर लोगों को गुमराह करता था. 27 मार्च को हरियाली (आहोर) निवासी मुकेश, रणछोड़ और रितिक ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई. पीड़ित रितिक से 10 लाख रुपये, जबकि मुकेश और रणछोड़ से 3-3 लाख रुपये की ठगी की गई थी.

वहीं मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की, बैंक रिकॉर्ड और दस्तावेज खंगाले और आखिरकार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है. आशंका है कि इस गिरोह में और भी लोग शामिल हो सकते हैं. आने वाले दिनों में बड़े खुलासे हो सकते हैं.  जालौर नगर परिषद आयुक्त शिवपाल सिंह ने बताया कि यह मामला मेरे से पहले का है और मैंने कुछ दिन पूर्व ही जॉइनिंग की है जानकारी मिली है उचित जांच करके कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ेंः मोबाइल तो है पर चलता नहीं! राजस्‍थान का ऐसा गांव जहां फोन चलाने 3 किलोमीटर दूर जाते हैं लोग

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close