विज्ञापन
This Article is From Apr 06, 2026

Rajasthan Weather: अप्रैल में सर्दी की वापसी! राजस्थान में तापमान 12.9 डिग्री तक पहुंचा, 15 जिलों में पारा 20 डिग्री से कम

धौलपुर के बाड़ी कस्बे में सर्वाधिक 40 मिमी बारिश दर्ज की गई. राजस्थान के कई हिस्सों में तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है. लूणकरनसर में न्यूनतम पारा 15.5 और अजमेर में 17.8 डिग्री तक पहुंच गया. 

Rajasthan Weather: अप्रैल में सर्दी की वापसी! राजस्थान में तापमान 12.9 डिग्री तक पहुंचा, 15 जिलों में पारा 20 डिग्री से कम

राजस्थान के मौसम में एक बार फिर करवट ली है. पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई. कुछ इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं की गतिविधि भी दर्ज की गई. न्यूनतम तापमान में भी 4 डिग्री से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे गर्मी का असर फिलहाल नहीं दिख रहा है. माउंट आबू और फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री दर्ज किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान में कुछ स्थानों पर छिटपुट वर्षा हुई, जबकि पूर्वी हिस्सों में बारिश की गतिविधि ज्यादा रही. राज्य में सबसे अधिक बारिश धौलपुर जिले के बाड़ी कस्बे में 40 मिमी दर्ज की गई. कई जगहों पर मेघगर्जन के साथ 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं. 

अजमेर में तापमान 4.4 डिग्री 

राज्य के 15 जिलों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है. जबकि लूणकरनसर में पारा 15.5 डिग्री रहा. अधिकतम तापमान कोटा और चित्तौड़गढ़ में 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अजमेर में तापमान 4.4 डिग्री गिरकर 17.8 डिग्री तक पहुंच गया. 

अगले 2 दिन ओलावृष्टि का अलर्ट

मौसम विज्ञान विभाग (IMD), जयपुर केंद्र ने 5 से 9 अप्रैल तक के लिए चेतावनी जारी की है. 5 अप्रैल को जैसलमेर, बाड़मेर और आसपास के इलाकों में मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश और 20-30 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं की संभावना है. 6 और 7 अप्रैल को कई जिलों में मध्यम चेतावनी (ऑरेंज अलर्ट) जारी की गई है. तेज हवाएं और कहीं-कहीं ओले गिरने की भी आशंका है. 8 और 9 अप्रैल को कुछ पूर्वी जिलों में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है, जबकि पश्चिमी भाग शुष्क रह सकते हैं.

किसानों और आमजन को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने किसानों को खेतों में पकी फसल और सब्जियों की सुरक्षा का खास ध्यान रखने की सलाह दी है. तेज हवाओं और संभावित ओलावृष्टि से बचाव के लिए सतर्कता बरतने की जरूरत है. दोपहिया वाहन चालकों को भी सावधानी बरतने की अपील की गई है. 

इस मौसम परिवर्तन से गर्मी का असर कुछ कम हुआ है, लेकिन दिन के तापमान में अभी भी उतार-चढ़ाव बना हुआ है. मौसम विभाग लगातार निगरानी रखे हुए है और आने वाले दिनों में और अपडेट जारी करेगा.

यह भी पढ़ेंः रविंद्र भाटी और छोटू सिंह रावणा के बीच टकराव की क्या है वजह, जो आर-पार के मूड में रावणा राजपूत समाज

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com