मानसून ट्रफ उत्तर भारत के राज्यों में शिफ्ट होने से राजस्थान में बारिश का दौर कमजोर हो गया है. शुक्रवार (14 अगस्त) को भरतपुर, जयपुर संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि पश्चिमी राजस्थान जोधपुर संभाग के साथ उदयपुर संभाग के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहा. जबकि मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, शुक्रवार सुबह तक बीते 24 घंटे में चित्तौड़गढ़ और माउंट आबू में भारी बारिश हुई. इन दोनों जगह पर सबसे ज़्यादा 98 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.
भरतपुर, करौली समेत कई इलाकों में बारिश
नदबई (भरतपुर) में 26 मिमी, नगर में 47, कुम्हेर में 17, करौली के टोडाभीम में 32, सपोटरा में 17, राजसमंद के रेलमगरा में 24, सवाई माधोपुर के बामनवास 44, वजीरपुर में 13, सिरोही के पिंडवाड़ा में 21, उदयपुर के गोगुंदा में 12 और बांसवाड़ा जिले में 13 मिमी बरसात दर्ज हुई.
आज से बारिश में होगी कमी
शनिवार (15 अगस्त) से राज्य के उत्तरी व उत्तर-पूर्वी भागों को छोड़कर अधिकतर भागों में बारिश की गतिविधियों में कमी होगी. हालांकि, मौसम विभाग ने शनिवार को 18 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग ने राज्य में 18 अगस्त तक पूर्वी राजस्थान में ही हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताते हुए जयपुर, भरतपुर संभाग के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. जबकि जोधपुर, कोटा, उदयपुर, अजमेर और बीकानेर संभाग के एरिया में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है.
यह भी पढ़ेंः पेटीज खाने से छात्र की मौत पर शिक्षा विभाग का एक्शन, अभिभावक संघ ने दिया 3 दिन का अल्टीमेटम