अभिषेक चौधरी या अनिल चोपड़ा, किसके सिर सजेगा राजस्थान यूथ कांग्रेस का ताज?

राजस्थान यूथ कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव में अभिषेक चौधरी और अनिल चोपड़ा के बीच सीधा मुकाबला नजर आ रहा है. हालांकि अभी चुनावी प्रक्रिया काफी लंबी है. इंटरव्यू के बाद ही फाइनल नाम घोषित होगा.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
यूथ कांग्रेस अध्यक्ष पद के दावेदार अभिषेक चौधरी और अनिल चोपड़ा.

राजस्थान यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला अब सीधा दो बड़े चेहरों के बीच सिमट गया है. नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 22 उम्मीदवारों में से मुख्य लड़ाई अभिषेक चौधरी और अनिल चोपड़ा के बीच है. मुकुल खींचड़ ने नामांकन नहीं भरा, जिससे मुकाबला और भी रोचक हो गया है. दोनों उम्मीदवारों को चुनावी लिहाज से भी काफी अनुभव रहा है. अनिल चोपड़ा 2024 में जयपुर ग्रामीण लोकसभा सीट से केवल 1615 वोट से हारे थे, जबकि अभिषेक चौधरी 2023 के विधानसभा चुनाव में झोटवाड़ा से भाजपा के कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के खिलाफ 96,055 वोट लेकर मजबूती से लड़े थे. 

छात्र राजनीति से शुरू किया सफर

अभिषेक चौधरी 2012 में लॉ कॉलेज छात्रसंघ अध्यक्ष बने और 2020 में एनएसयूआई राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष बने. वहीं अनिल चोपड़ा 2014 में राजस्थान विश्वविद्यालय छात्रसंघ अध्यक्ष रहे और बाद में एनएसयूआई के राष्ट्रीय सचिव भी बने.

Advertisement

गुटबाजी का असर भी दिखेगा!

अभिषेक चौधरी को गोविंद सिंह डोटासरा और अशोक गहलोत खेमे का माना जाता है, जबकि अनिल चोपड़ा सचिन पायलट गुट से जुड़े हैं. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यूथ कांग्रेस में पायलट गुट का दबदबा रहा है, इस लिहाज से अनिल चौपड़ा को बढ़त मिलती दिख रही है. हालांकि, ब्लॉक जुड़वाने के मामले में अभिषेक चौधरी आगे माने जा रहे हैं. उन्होंने 500 से ज्यादा ब्लॉक जुड़वाए हैं, जबकि अनिल चोपड़ा ने करीब 350 ब्लॉक जुड़वाए हैं. मुकुल खींचड़ को मनाना, अनिल चोपड़ा के लिए चुनौती हो सकता है, क्योंकि उनके पीछे मुकेश भाकर जैसे नेता माने जाते हैं.

टॉप-3 उम्मीदवारों का दिल्ली में होगा इंटरव्यू

फिलहाल, चुनाव की प्रक्रिया भी लंबी है. राजस्थान यूथ कांग्रेस के सह प्रभारी कपिल देसाई ने बताया कि नामांकन की जांच के बाद एक महीने का समय सदस्य बनाने और वोटिंग के लिए होगा. टॉप 3 उम्मीदवारों का दिल्ली में इंटरव्यू होगा, जिसके बाद प्रदेश अध्यक्ष का नाम घोषित किया जाएगा.

यह भी पढ़ेंः बेंड की धुन मे डूबे किरोड़ीलाल मीणा, बीजेपी के स्थापना दिवस पर पार्टी कार्यालय में उत्साह; दिखा ऐसा नजारा