रणथंभौर में फिर दिखा टाइगर मूवमेंट, त्रिनेत्र गणेश मंदिर सड़क पर दो घंटे बैठा रहा बाघ

रणथंभौर टाइगर रिजर्व में एक बार फिर टाइगर मूवमेंट से अफरा-तफरी मच गई. त्रिनेत्र गणेश मार्ग पर टाइगर के आने से श्रद्धालु सहम गए और वाहनों की लंबी कतार लग गई. 

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
रणथंभौर टाइगर रिजर्व में एक बार फिर टाइगर मूवमेंट से अफरा-तफरी मच गई.

Rajasthan News: राजस्थान में सवाई माधोपुर के रणथंभौर टाइगर रिजर्व में एक बार फिर टाइगर मूवमेंट ने लोगों की धड़कनें बढ़ा दीं. शुक्रवार को त्रिनेत्र गणेश मंदिर जाने वाले मार्ग पर अचानक टाइगर आरबीटी-2511 मलंग नजर आया, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों में दहशत फैल गई.

जानकारी के अनुसार, टाइगर त्रिनेत्र गणेश मंदिर मार्ग स्थित मिश्र दर्रा गेट के पास चहलकदमी करता दिखाई दिया. उस समय कई पर्यटक जंगल सफारी से लौट रहे थे. टाइगर करीब दस मिनट तक वाहनों के आगे-आगे चलता रहा, जिससे रास्ते पर मौजूद लोग रोमांच और डर दोनों का अनुभव करते रहे.

Advertisement

मंदिर के रास्ते में लगी लंबी कतार

घटना के कुछ देर बाद टाइगर सड़क किनारे बैठ गया और करीब दो घंटे तक वहीं डटा रहा. इस दौरान त्रिनेत्र गणेश मंदिर जाने वाले मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. जाम की स्थिति करीब ढाई घंटे तक बनी रही, जिससे श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

टाइगर के सड़क पर मौजूद रहने से जहां पर्यटक उत्साहित नजर आए, वहीं मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं में भय का माहौल बन गया. स्थिति तब सामान्य हुई जब टाइगर वापस जंगल की ओर चला गया और यातायात फिर से सुचारू हो सका.

आधा दर्जन से अधिक बाघों की रहती है सक्रियता 

गौरतलब है कि त्रिनेत्र गणेश मंदिर का यह मार्ग टाइगर रिजर्व के बीचों-बीच से गुजरता है. इस क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक बाघों की सक्रियता रहती है, जिसके चलते आए दिन इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं.

हालांकि वन विभाग ने पैदल और दोपहिया वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा रखी है, लेकिन चार पहिया वाहनों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए खतरा बना रहता है. वन विभाग की टीम लगातार गश्त करती है और सतर्क रहती है, फिर भी बार-बार हो रहे टाइगर मूवमेंट से लोगों में डर का माहौल बना हुआ है.

Advertisement

यह भी पढ़ें-पुष्कर में 9 दिन तक बिना सोये खड़े रहकर तप कर रहीं रूसी साधिका, 17 साल पहले अपनाया नाथ संप्रदाय