Ratangarh News: राजस्थान के चूरू जिले के रतनगढ़ कस्बे में गुरुवार सवेरे बदमाशों ने कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ा दीं. वार्ड संख्या 21 में रहने वाले कांग्रेस नेता और पार्षद राजेंद्र बबेरवाल के घर पर दो बाइक सवार हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी.
वीडियो कॉल पर कन्फर्म की लोकेशन
वारदात को बेहद शातिराना ढंग से अंजाम दिया गया. जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 5:30 बजे दो अज्ञात युवक बाइक से पहुंचे. बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पहले वीडियो कॉलिंग के जरिए मकान की लोकेशन और जानकारी पक्की की, फिर पार्षद के मुख्य दरवाजे को निशाना बनाकर एक के बाद एक करीब एक दर्जन से अधिक फायर किए. गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन मकान के गेट पर गोलियों के गहरे निशान बदमाशों की मंशा बयां कर रहे हैं.
जांच में जुटा पुलिस जाब्ता
फायरिंग की सूचना के बाद डीएसपी इंसार अली और सीआई गौरव खिड़िया पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे. राजेंद्र बबेरवाल पार्षद होने के साथ-साथ प्रॉपर्टी व्यवसायी भी हैं, ऐसे में पुलिस रंजिश और धमकी समेत तमाम एंगल से मामले की जांच कर रही है.
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद से रतनगढ़ में भय का माहौल है. पुलिस ने बदमाशों की तलाश में जिले भर में नाकाबंदी करवाई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पड़ोसी पार्षद दिनेश कुमावत ने बताया कि फायरिंग की आवाज से पूरा इलाका सहम गया. फिलहाल पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
बयान देने से बच रही पुलिस
फायरिंग की इस घटना के संबंध में जब पुलिस अधिकारियों से बात करने की कोशिश की गई तो वे कोई भी बयान देने से बचते नजर आए और नाकाबंदी कराने की बात कहते रहे. उन्होंने कहा कि आरोपियों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं.
ये भी पढ़ें:- NEET आरोपी दिनेश बिंवाल को लेकर बीजेपी-कांग्रेस में ठनी, राठौड़ ने झाड़ा पल्ला तो जूली ने पेश किए सबूत