राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) के चुनाव जल्द होंगे. एड-हॉक कमेटी के नवनियुक्त संयोजक मोहित यादव ने बड़े चुनाव सुधार का संकेत दिया है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ निभाया जाएगा. साथ ही एसोसिएशन के लंबित चुनाव जल्द से जल्द कराए जाएंगे. उन्होंने कहा कि हमारा मुख्य ध्यान आरसीए के कामकाज और उसकी दिशा, दोनों को बेहतर बनाने पर है. इसके सकारात्मक परिणाम जल्द ही देखने को मिलेंगे. इसके अलावा, कमेटी के वरिष्ठ सदस्य और जोधपुर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष, धनंजय सिंह खिंवसर ने भी नए नेतृत्व में पूरा विश्वास व्यक्त किया. उन्होंने कहा, "मोहित यादव के नेतृत्व में हमें पूरा विश्वास है कि चुनाव जल्द ही संपन्न हो जाएंगे और एक नए अध्याय की शुरुआत होगी."
पूर्व संयोजक से मतभेद की बात स्वीकारी
पूर्व संयोजक दीनदयाल कुमावत के साथ विवाद पर बात करते हुए मोहित यादव ने स्वीकारा कि उनके बीच मतभेद थे. उन्हंने कहा, "क्रिकेट से जुड़ी गतिविधियों पर इसका कोई बुरा असर नहीं पड़ना चाहिए. हमारे काम करने का तरीका अलग-अलग था, लेकिन हमारा लक्ष्य एक ही था. पहले कुछ लक्ष्यों को हासिल नहीं किया जा सका था. अब हम अपनी नई टीम के साथ मिलकर उन लक्ष्यों को जरूर हासिल करेंगे."
आरसीए को लोकतांत्रिक नेतृत्व मिलने पर जोर
बता दें कि नई गठित एड-हॉक कमेटी में मोहित यादव, धनंजय सिंह खिंवसर, आशीष तिवारी, अरिष्ट सिंघवी और अर्जुन बेनीवाल शामिल हैं. इन सभी सदस्यों ने अपना कार्यभार संभाल लिया है. यादव ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि आरसीए के चुनाव कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी, क्योंकि ये चुनाव पिछले लगभग 2 वर्षों से लंबित पड़े हैं. उन्होंने कहा कि हम इस प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाएंगे. यह सुनिश्चित किया जाएगा कि एसोसिएशन को एक स्थायी और लोकतांत्रिक तरीके से चुना हुआ नेतृत्व मिल सके.
राजस्थान में IPL के कम मैच पर असंतुष्ट
मोहित यादव ने इस बात पर भी असंतोष व्यक्त किया कि इस सीजन में राजस्थान को आईपीएल के केवल चार मैच ही आवंटित किए गए हैं, जिसे उन्होंने अपर्याप्त बताया. उन्होंने अगले वर्ष राज्य के लिए और अधिक मैच हासिल करने हेतु बेहतर योजना बनाने का आश्वासन भी दिया. साथ ही राजस्थान प्रीमियर लीग (आरपीएल) को स्थानीय स्तर पर आयोजित करने के प्रयास भी किए जाएंगे.
यह भी पढ़ेंः RCA में बीजेपी नेताओं के पुत्रों का दबदबा, नई एडहॉक कमेटी की घोषणा, 2 नए चेहरों की एंट्री