2 months ago

Rajasthan News: राजस्थान में शनिवार को हुई रीट (REET) परीक्षा में सुरक्षा के ऐसे इंतजाम हैं कि परिंदा भी पर नहीं मार सकता. कड़ाके की ठंड और कोहरे के बीच परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के कोट और स्वेटर के मोटे बटन कैंची से काट दिए गए, तो कहीं हाथ में बंधा रक्षा-सूत्र (कलावा) तक उतरवा दिया गया. अभ्यर्थियों को मेटल डिटेक्टर से गुजरने के बाद ही प्रवेश मिला. राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष मेजर जनरल आलोक राज खुद मैदान में हैं और सुरक्षा मानकों का आलम यह है कि केंद्र में प्रवेश से पहले उनकी भी सघन तलाशी ली गई.

REET Mains की पहली पारी में जिस तरह से 'टाइम मैनेजमेंट' और 'बदले हुए पैटर्न' ने अभ्यर्थियों को चौंकाया, उसे देखते हुए दूसरी पारी के छात्रों में थोड़ा तनाव साफ देखा जा रहा है. कई अभ्यर्थियों को पेपर टफ़ लगा. कुछ का कहना था कि पेपर का लेवल RAS के लेवल का था. परीक्षा केंद्र के बाहर चर्चा थी कि पहली पारी का पेपर 'लेंदी' (Lengthy) था, इसलिए दूसरी पारी के छात्र पहले से ही मानसिक रूप से तैयार होकर अंदर गए हैं. छात्र इस बार 'टाइम मैनेजमेंट' पर फोकस कर रहे हैं ताकि पहली पारी जैसी गलती (समय की कमी) न दोहराई जाए.

REET 2026 परीक्षा शेड्यूल और आंकड़े

विवरणआंकड़े/जानकारी
कुल अभ्यर्थी9.54 लाख
कुल पद7,759 (लेवल 1 और 2)
परीक्षा केंद्र760 (14 जिलों में)
शिफ्ट 1 (Morning)सुबह 10:00 से दोपहर 12:30
शिफ्ट 2 (Evening)दोपहर 3:00 से शाम 5:30

ये थी अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण गाइडलाइंस

अगर आपकी परीक्षा अगली पारियों में है, तो इन 3 बातों का विशेष ध्यान रखें वरना एंट्री नहीं मिलेगी:-

1. समय का विशेष ध्यान

परीक्षा शुरू होने से ठीक 1 घंटे पहले केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा. देरी से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी सूरत में प्रवेश नहीं दिया जाएगा.

2. जरूरी दस्तावेज (Documents)

  • प्रोविजनल ई-प्रवेश पत्र साथ लाएं.
  • आधार कार्ड या अन्य वैध आईडी (फोटो 3 साल से ज्यादा पुरानी न हो).
  • एक नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो.

3. नया ड्रेस कोड (Dress Code 2026)

  • बड़े बटन, चैन या फूल वाले कपड़े न पहनें. सादे कपड़े पहनें.
  • जूते के बजाय पतली सोल वाली चप्पल या सैंडल पहनकर आएं.
  • महिला अभ्यर्थी किसी भी तरह के आभूषण (कान की बाली, अंगूठी, हार) पहनकर न आएं.

Here Are The Live Updates of REET Exam 2026

Jan 17, 2026 18:59 (IST)

हिंडौन सिटी बस स्टैंड पर अव्यवस्था

करौली ज़िले के हिंडौन सिटी बस स्टैंड पर अव्यवस्थाओं को लेकर शुक्रवार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में दिखाया गया है कि REET परीक्षा देने जा रहे छात्रों को बसों के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा. वायरल वीडियो और सामने आई जानकारी के अनुसार, बस स्टैंड पर टिकट विंडो करीब ढाई घंटे तक बंद रहने के आरोप लगाए गए हैं. इससे छात्र-छात्राओं और अन्य यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. मजबूरी में कई यात्रियों को निजी वाहनों से सफर करना पड़ा, जहां निजी वाहन चालकों द्वारा मनमाना किराया वसूलने के भी आरोप लगाए जा रहे हैं.

Jan 17, 2026 18:34 (IST)

बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन मटेरियल की दुकान संभालती है प्रियंका

प्रियंका गोनेर रोड पर बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन मटेरियल की दुकान संभालती हुई REET परीक्षा की तैयारी कर रही थी. सबसे बड़ी बेटी होने के नाते खासकर पिता की मौत के बाद वह छोटे भाई-बहनों की पढ़ाई का खर्च चलाने के लिए काम करती थी. उसके परिवार के अनुसार, वह भविष्य के सुनहरे सपनों के साथ घर से निकली थी, लेकिन इस हादसे के बाद अब प्रियंका के परिवार पर बड़ी मुसीबत आ गई है. 

Jan 17, 2026 18:30 (IST)

'पेपर आरएएस स्तर का रहा'

झुंझुनूं जिले में रीट परीक्षा का पहला दिन पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुआ. जिले के कुल 39 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें अभ्यर्थियों की उपस्थिति 93.37 प्रतिशत दर्ज की गई. परीक्षार्थियों के अनुसार इस बार का पेपर आरएएस स्तर का रहा और पिछले साल की तुलना में अधिक कठिन महसूस हुआ. वहीं, कई अभ्यर्थियों ने जिले से बाहर परीक्षा केंद्र मिलने पर आने-जाने में दिक्कत और अतिरिक्त परेशानी होने की बात भी कही.

Jan 17, 2026 16:27 (IST)

रीट परीक्षा देने आई अभ्यर्थी को कार ने मारी टक्कर

राजधानी जयपुर में हवा सड़क रोड स्थित यश विद्या मंदिर माध्यमिक विद्यालय के बाहर रीट देने आई अभ्यर्थी प्रियंका सैनी को एक कार ने टक्कर मार दी. घटना के दौरान प्रियंका अपने भाई के साथ परीक्षा केंद्र के बाहर इंतजार कर रही थीं, जब अचानक एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी.टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रियंका के पैर में गंभीर चोट आई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह हवा सड़क  रोड पर परीक्षा केंद्र के बाहर बैठी हुई थीं जब यह हादसा हुआ. परिवार और आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें जयपुर के प्रमुख एसएमएस अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है.

Advertisement
Jan 17, 2026 15:12 (IST)

REET 2026 LIVE: दूसरी पारी का एग्जाम शुरू

REET Mains की दूसरी पारी के लिए परीक्षार्थी केंद्रों के भीतर प्रवेश कर चुके हैं और परीक्षा शुरू हो चुकी है. पहली पारी में जिस तरह से 'टाइम मैनेजमेंट' और 'बदले हुए पैटर्न' ने अभ्यर्थियों को चौंकाया, उसे देखते हुए दूसरी पारी के छात्रों में थोड़ा तनाव साफ देखा जा रहा है.

परीक्षा केंद्र के बाहर चर्चा थी कि पहली पारी का पेपर 'लेंदी' (Lengthy) था, इसलिए दूसरी पारी के छात्र पहले से ही मानसिक रूप से तैयार होकर अंदर गए हैं. छात्र इस बार 'टाइम मैनेजमेंट' पर फोकस कर रहे हैं ताकि पहली पारी जैसी गलती (समय की कमी) न दोहराई जाए.

Jan 17, 2026 13:20 (IST)

REET Mains Controversy: 'समय से पहले छीन लिए पेपर', भरतपुर के परीक्षा केंद्र पर मचा बवाल

राजस्थान की सबसे बड़ी परीक्षा REET लेवल-1 के बीच भरतपुर से एक बड़ी और विवादित खबर सामने आ रही है. अमर विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल पर अभ्यर्थियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया है. छात्रों का दावा है कि उन्हें परीक्षा पूरी करने के लिए पूरा समय नहीं दिया गया और तय वक्त से पहले ही उनकी ओएमआर (OMR) शीट ले ली गई. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है.

Advertisement
Jan 17, 2026 13:15 (IST)

REET Mains 2026 Analysis: पहली पारी में REET Mains एग्जाम देकर आए अभ्यर्थियों ने क्या बताया?

राजस्थान की सबसे बड़ी शिक्षक भर्ती परीक्षा (REET Mains) की पहली पारी संपन्न हो चुकी है. परीक्षा केंद्रों से बाहर निकलते अभ्यर्थियों के चेहरों पर थोड़ी चिंता और थोड़ी राहत, दोनों देखी गई. कोटा में NDTV राजस्थान से बात करते हुए अभ्यर्थियों ने पेपर के पैटर्न को लेकर चौंकाने वाले दावे किए हैं.

बदला हुआ पैटर्न: अभ्यर्थियों का कहना है कि इस बार बोर्ड ने परीक्षा का पूरा पैटर्न ही बदल दिया है. सवालों का चयन पहले की तुलना में बिल्कुल अलग था.

हाई स्टैंडर्ड पेपर: परीक्षार्थियों के अनुसार, पेपर का लेवल काफी हाई रहा. सवाल सीधे पूछने के बजाय घुमावदार थे, जिसने अभ्यर्थियों के दिमाग की कसरत करा दी.

समय का अभाव: अधिकांश अभ्यर्थियों का एक ही दर्द था— 'टाइम मैनेजमेंट'. पेपर इतना लेंदी (Lengthy) था कि कई लोगों को सवाल हल करने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाया.

Jan 17, 2026 10:45 (IST)

REET 2026 LIVE: झुंझुनूं में कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने संभाली कमान

झुंझुनूं जिले के 39 केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण जारी है. कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग खुद केंद्रों का दौरा कर रहे हैं. जिले में 6 विशेष उड़नदस्ते और पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय की टीम चप्पे-चप्पे पर नजर रख रही है.

Advertisement
Jan 17, 2026 10:02 (IST)

REET Mains Exam LIVE: पहली पारी की परीक्षा शुरू

रीट लेवल-1 की पहली पारी की परीक्षा शुरू हो चुकी है. यह पेपर दोपहर 12:30 बजे तक चलेगा. परीक्षा केंद्रों के बाहर अब शांति है, सुरक्षाकर्मी तैनात हैं.

Jan 17, 2026 09:51 (IST)

REET News LIVE: परीक्षा केंद्रों के गेट बंद

नियम के मुताबिक परीक्षा शुरू होने से ठीक 1 घंटा पहले यानी सुबह 9 बजे एंट्री बंद कर दी गई. जयपुर और कोटा के कई केंद्रों पर 5-10 मिनट की देरी से पहुंचे अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया गया.

Jan 17, 2026 09:50 (IST)

REET LIVE: आलोक राज की हुई चेकिंग

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष मेजर जनरल आलोक राज आज सुबह जयपुर के सुभाष चौक स्थित परीक्षा केंद्र पहुंचे. खास बात यह रही कि सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए वहां उनकी भी पूरी जांच की गई। उन्होंने व्यवस्थाओं पर संतोष जताया.

Jan 17, 2026 09:49 (IST)

REET Mains Exam LIVE: हाथ के धागे और मोटे बटन वाले स्वेटर उतरवाए

जयपुर और कोटा के कई केंद्रों से खबर आ रही है कि जिन अभ्यर्थियों ने हाथ में मौली (धागा) बांधी थी या जिनके कपड़ों पर बड़े और फैंसी बटन थे, उन्हें अंदर जाने से पहले उसे हटाने को कहा गया. ठंड के बावजूद कई केंद्रों पर अभ्यर्थियों को मोटे ऊनी जैकेट उतारकर तलाशी देनी पड़ेगी.

Jan 17, 2026 09:47 (IST)

REET Mains LIVE: कोटा में 60 केंद्रों पर 70 हजार अभ्यर्थी

कोटा जिले में आज से शिक्षक भर्ती परीक्षा का बड़ा आयोजन हो रहा है. यहां कुल 60 केंद्र बनाए गए हैं जिनमें 34 सरकारी और 26 प्राइवेट स्कूल/कॉलेज शामिल हैं. आज की पारी में कोटा में करीब 16,828 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं.

Jan 17, 2026 09:46 (IST)

REET 2026 LIVE: सुबह की कड़ाके की ठंड और अभ्यर्थियों का जोश

जयपुर समेत पूरे प्रदेश में आज सुबह काफी ठंड रही, लेकिन अभ्यर्थी सुबह 7:30 बजे से ही केंद्रों पर जुटने शुरू हो गए थे. केंद्रों पर मेटल डिटेक्टर से गहन जांच के बाद ही एंट्री दी जा रही है.