जोधपुर में साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत के मामले में जांच तेज कर दी गई है. जोधपुर पुलिस एक बार फिर फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम के साथ पाल रोड स्थित आश्रम पहुंची है. इस दौरान साध्वी के लिए खाना बनाने वाले सेवादार सुरेश को भी पुलिस अपने साथ आश्रम लेकर पहुंची. इस दौरान पिता वीरम नाथ भी आश्रम में मौजूद रहे.
सेवादार ने ही बनाया था खाना
पुलिस के अनुसार, मौत वाले दिन सुबह साध्वी प्रेम बाईसा के लिए खाना सेवादार सुरेश ने ही बनाया था. इसी एंगल को ध्यान में रखते हुए फॉरेंसिक टीम ने आश्रम से खाने के सैंपल लिए हैं. इस कार्रवाई के दौरान जोधपुर पुलिस कमिशनर ओमप्रकाश भी स्वयं आश्रम पहुंचे. एफएसएल की टीम पहले से ही आश्रम में मौजूद रही. पुलिस अधिकारियों ने पूरे परिसर का निरीक्षण किया, और जांच से जुड़े तथ्यों को दोबारा परखा.
जल्द मौत के रहस्य से उठेगा पर्दा
एनडीटीवी से बातचीत में पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश ने कहा कि पुलिस इस मामले में सभी कड़ियों को जोड़ने की कवायद में जुटी है. उन्होंने कहा कि जोधपुर पुलिस की जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है, और इस मामले में जल्द ही सच्चाई सामने आएगी. पुलिस कमिश्नर के अनुसार, मौत की वजह क्या रही, इसका पता जांच पूरी होने के बाद चल सकेगा.
यह भी पढ़ें: शराब और कोयला महंगा, बीड़ी, जूते और माइक्रोवेव ओवन सस्ते... बजट 2026 में आम लोगों को राहत