क्या मोबाइल में छिपा है साध्वी की मौत का राज? पुलिस ने फोन का मांगा पासवर्ड, पिता ने किया इनकार

सेवादार सुरेश ने पुलिस को बताया कि 28 जनवरी को साध्वी प्रेम बाईसा को जुकाम और गला खराब था. साध्वी ने सुरेश से खाने में दाल बनवाई थी, लेकिन पिता वीरमनाथ खुद दाल लेकर कमरे में गए थे.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

जोधपुर पाल के आरती नगर आश्रम में साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत की जांच में अब उनके मोबाइल अहम कड़ी फोन बन गए हैं. पुलिस जांच के दौरान साध्वी के दो आईफोन और एक सैमसंग मोबाइल को जब्त किया गया है. एसीपी कार्यालय में डीसीपी, एडीसीपी और एसआईटी प्रमुख छवि शर्मा की मौजूदगी में करीब 3 घंटे तक साध्वी के पिता वीरमनाथ से पूछताछ की गई. इसमें मोबाइल फोन के पासवर्ड को लेकर सवाल किए गए. पुलिस सूत्रों के अनुसार, पिता वीरमनाथ बार-बार पासवर्ड की जानकारी होने से इनकार करते रहे.

वीरमनाथ क्यों लेकर गए थे दाल? 

पुलिस को सेवादार सुरेश के बयानों में जानकारी मिली कि 28 जनवरी को साध्वी प्रेम बाईसा को जुकाम और गला खराब था. साध्वी ने सुरेश से खाने में दाल बनवाई थी. पूछताछ में सामने आया है कि आमतौर पर सुरेश ही साध्वी के कमरे में खाना लेकर जाता था, लेकिन 28 जनवरी को पिता वीरमनाथ खुद दाल लेकर कमरे में गए थे. कुछ ही देर बाद साध्वी प्रेम बाईसा को अचानक सांस लेने में परेशानी होने लगी. वह जोर-जोर से कहने लगी थीं कि उन्हें सांस नहीं आ रही है.

जानकारी के मुताबिक, पुलिस की एसआईटी की मौजूदगी में एफएसएल टीम ने आश्रम के कमरे का दोबारा मुआयना किया है. वहां से जरूरी साक्ष्य भी जुटाए. खाना बनाने में इस्तेमाल की गई सामग्री के सैंपल भी जांच के लिए लिए गए हैं. पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश ने बताया कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी साक्ष्य छूट न जाए. इसी कारण दोबारा मौका मुआयना किया गया है.

मौत की हो सकती है ये वजहें

मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया है और हिस्टोपैथोलॉजिकल रिपोर्ट के लिए विसरा एफएसएल भेजा गया है. फिलहाल जांच दो अहम पहलुओं के इर्द-गिर्द घूम रही है. पहला, इंजेक्शन के रिएक्शन से मौत की आशंका और दूसरा खाने में बनी दाल में किसी जहरीले पदार्थ की मिलावट की संभावना. इन्हीं बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए एफएसएल ने खाद्य सामग्री के सैंपल भी जांच के लिए कब्जे में लिए हैं. पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली वजह से पर्दा उठ पाएगा.

Advertisement

यह भी पढ़ेंः साध्वी के पिता बोले- प्रेम बाईसा के साथ उनका ही वीडियो था, पहली बार दिया बयान