Sawai Madhopur: खाना बनाते समय सिलेंडर में गैस लीक, आग की चपेट में आई बहू को बचाने आए ससुर भी झुलसे

फिलहाल दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है. एंबुलेंस न पहुंचने पर ग्रामीणों ने खुद घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया. इस मामले में प्रशासन ने भी संज्ञान लिया है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

सवाई माधोपुर जिले के भगवतगढ़ कस्बे में खाना बनाते वक्त गैस सिलेंडर लीक होने से भीषण आग लग गई. हादसे में ससुर और बहू दोनों बुरी तरह झुलस गए. दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, भगवतगढ़ निवासी नेमीचंद जैन के घर में यह हादसा शुक्रवार (27 मार्च) को हुआ. उनकी बहू रसोई में खाना बना रही थीं. अचानक गैस सिलेंडर में लीकेज हो गया और आग भड़क उठी. बहू आग की चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से झुलस गईं. 

दोनों आग की लपटों में घिरे  

बहू को बचाने के लिए नेमीचंद जैन जैसे ही रसोई में पहुंचे. वे भी आग की लपटों में घिर गए. देखते-ही-देखते पूरे घर में अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए दोनों घायलों को टेंपो में डालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू कर दिया है. डॉक्टरों के अनुसार, ससुर-बहू दोनों की हालत गंभीर है. दोनों को निगरानी में रखा गया है, इलाज जारी है.

Advertisement

समय पर नहीं पहुंची एंबुलेंस

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस को फोन किया. लेकिन एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंच सकी. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. 

स्थानीय लोगों ने गैस सिलेंडर की नियमित जांच और सावधानी बरतने की अपील की है. साथ ही आपातकालीन सेवाओं (108 एंबुलेंस) की समय पर उपलब्धता को लेकर सवाल भी उठाए हैं. पुलिस और प्रशासन ने मामले की जानकारी ले ली है, आगे की जांच जारी है.

यह भी पढ़ेंः रणथंभौर के होटल में खाना खाने के बाद बिगड़ी विदेशी महिला की तबीयत, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत