विज्ञापन

रणथंभौर के होटल में खाना खाने के बाद बिगड़ी विदेशी महिला की तबीयत, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

रणथंभौर टाइगर रिजर्व घूमने आई आयरलैंड की 40 वर्षीय मरियम फ्रांसिस की होटल में अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. उनके साथियों को वो कमरे में बेहोश मिली थीं. आखिर क्या है मौत की असली वजह?

रणथंभौर के होटल में खाना खाने के बाद बिगड़ी विदेशी महिला की तबीयत, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
रणथंभौर में विदेशी महिला पर्यटक की संदिग्ध मौत, होटल के कमरे में मिली बेहोश; दूतावास को दी गई सूचना
NDTV Reporter

Sawai Madhopur News: विश्व प्रसिद्ध रणथंभौर टाइगर रिजर्व (Ranthambore Tiger Reserve) घूमने आई एक विदेशी महिला पर्यटक की बीती गुरुवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से सनसनी फैल गई है. आयरलैंड निवासी 40 वर्षीय महिला पर्यटक मरियम फ्रांसिस (Maryam Francis) अपने दोस्तों के दल के साथ सवाई माधोपुर के होटल रणथंभौर हेरिटेज हवेली (Ranthambhore Heritage Haveli) में ठहरी हुई थीं. जानकारी के अनुसार, रात को खाना खाने के कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जो अंततः जानलेवा साबित हुई.

कमरे में बेहोश मिलीं मरियम

कुंडेरा थाना पुलिस के अनुसार, आयरलैंड का यह पर्यटक दल रणथंभौर भ्रमण के लिए आया हुआ था. बीती रात होटल में रात का खाना (Dinner) खाने के बाद मरियम अपने कमरे में चली गई थीं. कुछ समय बीतने के बाद जब साथियों ने उन्हें देखा, तो वह अपने कमरे में अचेत और बेहोशी की हालत में मिलीं. होटल प्रबंधन और साथी पर्यटकों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए उन्हें एक निजी अस्पताल पहुँचाया, लेकिन स्थिति गंभीर हो चुकी थी.

अस्पताल पहुंचने पर 'ब्रेन डेड' घोषित

प्राइवेट अस्पताल के डॉक्टरों ने मरियम की जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों के मुताबिक, जब महिला को अस्पताल लाया गया, तब वह पहले ही 'ब्रेन डेड' हो चुकी थी. उनकी ईसीजी (ECG) रिपोर्ट भी पूरी तरह फ्लैट आई. हालांकि, मौत की असली वजह अभी एक रहस्य बनी हुई है. क्या यह फूड पॉइजनिंग, हार्ट अटैक या कोई अन्य मेडिकल इमरजेंसी थी? इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा.

पोस्टमार्टम के लिए दूतावास की परमिशन का इंतजार

घटना की सूचना मिलते ही कुंडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. एएसआई रूप सिंह ने बताया कि आयरलैंड और भारतीय दूतावास को घटना की आधिकारिक जानकारी दे दी गई है. दूतावास से अनुमति मिलने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा. फिलहाल पुलिस होटल कर्मियों और मृतका के साथी पर्यटकों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके.

ये भी पढ़ें:- पेट्रोल-डीजल पर ₹13 से ₹3 का 'सुरक्षा कवच', सीएम भजनलाल ने बताया कैसे मिल रही लाखों परिवारों को राहत

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close