थार से अपहरण और फिर हत्या, मोबाइल के मामूली विवाद में बुझ गया उलियाना का चिराग

उलियाना के मनखुश मीणा को कल थार में आए बदमाश उठा ले गए थे, आज सुबह खाट का नाला के पास उसकी लाश मिलने से हड़कंप मच गया.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
सवाई माधोपुर में सनसनी: कल शाम हुआ था अपहरण, आज सुबह मोड़ पर पड़ा मिला मनखुश का शव
NDTV Reporter

Sawai Madhopur News: राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले से शनिवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. उलियाना गांव के निवासी मनखुश मीणा की बेरहमी से हत्या कर दी गई है. इस घटना के बाद पूरे जिले में आक्रोश है और अस्पताल की मोर्चरी के बाहर ग्रामीणों का भारी जमावड़ा लगा हुआ है.

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत एक मोबाइल फोन को लेकर हुई थी. परिजनों का आरोप है कि शुक्रवार शाम करीब आधा दर्जन लोग थार गाड़ी में सवार होकर आए और मनखुश का जबरन अपहरण कर ले गए. रात भर तलाश करने के बाद भी उसका सुराग नहीं लगा. आज सुबह सुरवाल थाना क्षेत्र के सेलू गांव चौराहे (खाट का नाला) के पास उसका शव बरामद हुआ.

Advertisement

नामदज FIR दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही सुरवाल, मानटाउन और कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस के अनुसार, मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जो हत्या की ओर इशारा करते हैं. परिजनों ने 3 नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं.

आरोपियों को ढूंढ रही पुलिस

उप पुलिस अधीक्षक, उदय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मोबाइल विवाद की बात सामने आई है. पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

शव लेने से इनकार

फिलहाल, सवाई माधोपुर जिला अस्पताल में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है. परिजनों और ग्रामीणों ने शव लेने से साफ इनकार कर दिया है. उनकी मांग है कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे. पुलिस प्रशासन लगातार समझाइश की कोशिश कर रहा है.

ये भी पढ़ें:- गुटखे के विवाद में तलवार लेकर पीछे दौड़ा शख्स, युवक बच निकला तो फिर चाकू से किया गर्दन पर वार

Advertisement