राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की बहुचर्चित सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा 2025 (SI भर्ती परीक्षा 2025) में आज सोमवार, 6 अप्रैल को लगातार दूसरे दिन परीक्षा हो रही है. इस दौरान आज अजमेर के एक परीक्षा केंद्र पर खुद आरपीएससी सचिव रामनिवास मेहता पहुंच गए. उन्होंने वहां परीक्षा व्यवस्था का सख्ती से जायज़ा लिया. व्यवस्था की मुस्तैदी को परखने के लिए उन्होंने खुद अपनी भी जांच करवाई. साथ ही उन्होंने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए भी निर्देश दिए.
सुरक्षाकर्मियों से अपनी जांच करवाई
आरपीएससी सचिव रामनिवास मेहता अजमेर के कचहरी रोड स्थित गुजराती स्कूल परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण करने पहुंचे. मेहता ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों से सख्त लहजे में पूछा कि क्या वे पूरी सतर्कता के साथ अभ्यर्थियों की तलाशी ले रहे हैं. सुरक्षा व्यवस्था की गंभीरता को परखने के लिए उन्होंने खुद आगे बढ़कर अपनी जांच करवाने को कहा. सुरक्षाकर्मियों ने उनका हैंड मेटल डिटेक्टर से पूरा चेकअप किया. उन्हें मेटल डिटेक्टर गेट से भी गुजरवाया.
सुरक्षा जांच करवाते आरपीएससी सचिव- देखिए-:
चाय-नाश्ते की समस्या सुन दिया निर्देश
इसके बाद आरपीएससी सचिव ने परीक्षा केंद्र अधीक्षक से मुलाकात कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली. मेहता ने महिला सुरक्षा कर्मियों से भी परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं और अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया के बारे में जानकारी हासिल की. उन्होंने बताया कि पहली और दूसरी पारी के बीच करीब एक घंटे का अंतर रहता है, जिसमें अभ्यर्थियों को खाने-पीने में दिक्कत की शिकायतें सामने आई हैं. इसके बाद सचिव ने कहा कि परीक्षा केंद्रों के बाहर चाय-नाश्ते की स्टॉल लगाने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि परीक्षार्थियों को राहत मिल सके.
केंद्र में सभी स्टाफ के मोबाइल फोन रखवाए
आरपीएससी सचिव ने कहा कि अब तक परीक्षा का आयोजन बिना किसी गड़बड़ी के सफलतापूर्वक किया जा रहा है. इसका श्रेय ड्यूटी में तैनात सुरक्षाकर्मियों और केंद्र पर मौजूद स्टाफ को जाता है, जो बिना किसी दबाव के अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्र के अंदर और बाहर तैनात स्टाफ के पास मोबाइल फोन नहीं हैं और सुबह 10 बजे के बाद ही प्रश्नपत्र अंदर भेजे जा रहे हैं, जिससे गोपनीयता बनी हुई है.
ये भी पढ़ें-: SI भर्ती: एग्जाम सेंटर पर रोका तो अभ्यर्थी ने खुद ही टी-शर्ट पर चलाई कैंची, बटन तोड़ने के बाद मिली एंट्री