Rajasthan News: सीकर के नेछवा थाना इलाके में गनेडी गांव में एक खेत में खेलने के लिए बनाई गई मिट्टी की सुरंग ढहने से तीन मासूम दोस्तों की मौत हो गई. इनका चौथा साथी भी मरते-मरते बच गया. जिसके चिल्लाने पर ही लोगों को इस बारे में पता चला. फिलहाल तीनों मृतक मासूम बच्चों के शवों को परिजनों को सौंप दिया गया है. इस हादसे में राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रतिक्रिया दी. अशोक गहलोत ने मिट्टी की सुरंग ढहने से 3 बच्चों की मौत को अत्यंत दुखद खबर बताया है.
मिट्टी के नीले पर बच्चों ने बनाई थी सुरंग
जानकारी के अनुसार, घटना बीते दिन दोपहर करीब 12 बजे गनेड़ी गांव की है. यहां एक खेत में मिट्टी के 3 से 4 फीट ऊंचे मिट्टी के टीले के नीचे गांव के बच्चों ने खेलने के लिए मिट्टी की सुरंग बनाई हुई थी. जिससे वह एक तरफ से दूसरी तरफ जाते थे. सोमवार सुबह गांव का रहने वाला होलाश मेघवाल (10) मित्र नानूराम मेघवाल, गौतम सैनी (14) पुत्र रतनलाल सैनी और दीपेश नायक (12) पुत्र भंवरलाल नायक और कृष्ण सुरंग के पास गए.
कृष्ण सुरंग के थोड़ा सा बाहर था. अन्य तीनों दोस्त अंदर चले गए. इसी दौरान अचानक मिट्टी ढह गई और होलाश, गौतम और दीपक उसके नीचे दब गए. कृष्ण के भी पैर मिट्टी में दबे थे. लेकिन उसने मिट्टी में दबे अपने दोस्तों को निकालने की कोशिश की. लेकिन बात नहीं बनी तो चिल्लाने लगा, ऐसे में गांव के लोग वहां पर आ गए. साथ ही नेछवा पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई. पुलिस भी मौके पर पहुंची. जब मिट्टी हटाकर तीनों को निकाला गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. इसलिए तीनों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं.
2 बच्चों के पिता की पहले हो चुकी है मौत
बच्चे होलाश के पिता नानुराम की करीब 1 साल पहले मौत हो चुकी है और परिवार की आर्थिक स्थिति भी ज्यादा ठीक नहीं है. दीपेश के पिता ने भी करीब डेढ़ से 2 साल पहले फांसी का फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया था. दीपेश और होलाश सरकारी स्कूल में पढ़ते थे. मामले में नेछवा थाना SHO कैलाश चंद का कहना है कि खेलने के दौरान यह हादसा हुआ. तीनों के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिए गए हैं.
यह भी पढ़ें-
सुनसान इलाके में खड़ी टॉप मॉडल स्कॉर्पियो में लगी आग, जलकर पूरी तरह से हो गई कबाड़
झुंझुनूं: रिटायर्ड फौजी की हत्या पर पुलिस का एक्शन, आरोपी गिरफ्तार; अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर