सीकर: छत्तीसगढ़ में ट्रेनिंग के दौरान CISF जवान का निधन, 6 महीने पहले ही लगी थी नौकरी 

छत्तीसगढ़ में ट्रेनिंग के दौरान राजस्थान के CISF के युवा जवान संतोष कुमार वर्मा का निधन हो गया. उनके पैतृक गांव में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया. 

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
ट्रेनिंग के दौरान राजस्थान के CISF के युवा जवान संतोष कुमार वर्मा का निधन हो गया.

Rajasthan News: राजस्थान के सीकर जिले के रहने वाले एक युवा जावन का असमय निधन हो गया. रिंगस के भवानीपुरा निवासी CISF जवान संतोष कुमार वर्मा का छत्तीसगढ़ में ट्रेनिंग के दौरान तबीयत बिगड़ने से निधन हो गया. महज 26 वर्ष की आयु में इस जांबाज के चले जाने से पूरे क्षेत्र में मातम छा गया है. संतोष इसी साल जनवरी 2026 में ही CISF में भर्ती होकर देश की सेवा करने का अपना सपना पूरा करने निकले थे. छत्तीसगढ़ में ट्रेनिंग के दौरान दौड़ते समय उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई.

इसके बाद उन्हें रायपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. संतोष पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थे और उनके पिता मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं.

Advertisement

घर पहुंची जवान की पार्थिव देह

रविवार को जब संतोष की पार्थिव देह उनके गृह क्षेत्र रींगस पहुंची तो वहां का माहौल गमगीन हो गया. परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें शहीद का दर्जा देने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. स्थानीय विधायक सुभाष मील और उपखंड अधिकारी के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अंतिम संस्कार की सहमति दी. इसके बाद रींगस से लेकर पैतृक गांव भवानीपुरा तक एक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई.

सैन्य सम्मान के साथ हुई अंतिम विधाई

इस यात्रा में सैकड़ों युवाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर संतोष को भावभीनी श्रद्धांजलि दी. भवानीपुरा में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया. CISF की टुकड़ी ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया और उनके भाई सुभाष वर्मा ने उन्हें मुखाग्नि दी. विधायक सुभाष मील और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें नमन किया. 

गांव के इस लाल के अंतिम दर्शन के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा. लोग नम आंखों से अपने वीर को अंतिम विदाई देने पहुंचे. विधायक ने गांव में शहीद स्मारक बनाने का भी वादा किया है. 

यह भी पढ़ें- 'मेरे खिलाफ साजिश हुई, कांग्रेस अध्यक्ष बनने से रोका'- अशोक गहलोत का धमाकेदार दावा