Rajasthan News: राजस्थान के सिरोही जिले में पुलिस की दबंगई का मामला सामने आया है. जहां एक मजदूर के पास हेलमेट नहीं था , तो पुलिस वालों ने उसे बुरी तरह पीटा और रोड पर ही पड़ा हुआ छोड़कर चले गए. बताया जा रहा है कि हेलमेट नहीं पहनने पर पुलिसकर्मियों ने उससे 1000 रुपये की मांग की और पैसे नहीं देने पर उसकी पिटाई कर दी.
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
इस पूरी घटना का एक CCTV वीडियो भी सामने आया है जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में दो वर्दीधारी पुलिसकर्मी एक व्यक्ति के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भी चर्चा का माहौल बन गया है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं.
पुलिस अधिकारियों ने जानकारी से किया इनकार
वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उन्हें इस मामले की कोई जानकारी नहीं है. माउंट आबू के डीएसपी गोमाराम ने बताया कि उनके पास इस घटना से संबंधित कोई शिकायत या वीडियो नहीं आया है. आबूरोड सदर थाना अधिकारी प्रदीप डांगा ने भी कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है.
मजदूरी कर लौट रहा था पीड़ित
पीड़ित की पहचान पटेलफली गणका निवासी भरत राम पुत्र बाबाराम गरासिया के रूप में हुई है. भरत राम के अनुसार यह घटना 27 फरवरी की रात करीब 10:30 बजे की है. वह मार्वल क्षेत्र में मजदूरी करने के बाद तलहटी स्थित खेत पर अपने पिता के पास जा रहा था. इसी दौरान सुहागन होटल के पास दो पुलिस कॉन्स्टेबलों ने उसे रोक लिया.
चालान की बात कहकर मांगे रुपये
भरत राम का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने हेलमेट नहीं पहनने का हवाला देकर उससे 1000 रुपये देने को कहा. उस समय उसके पास नकद पैसे नहीं थे. उसने पुलिसकर्मियों से कहा कि वे उसका चालान काटकर रसीद दे दें. यह बात सुनकर दोनों कॉन्स्टेबल कथित रूप से नाराज हो गए.
गाली-गलौज और जातिसूचक शब्दों का आरोप
पीड़ित का कहना है कि इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और डंडों से मारपीट की. उसने आरोप लगाया कि इस दौरान जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया. मारपीट में उसके दोनों पैरों में चोटें आई हैं जिससे उसे चलने और बैठने में परेशानी हो रही है.
शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं
घटना के बाद भरत राम ने 100 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी. उसके अनुसार काफी देर बाद एक महिला पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचीं लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. पीड़ित ने इस मामले की शिकायत माउंट आबू के डीएसपी को भी दी है.
यह भी पढ़ें- नीमकाथाना के महावा गांव में लेपर्ड से दहशत, कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग ने किया रेस्क्यू