राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. नेशनल हाईवे-62 पर केंचियां कस्बे के निकट एक निजी एंबुलेंस और भारतीय सेना के एएलएस (ALS) वाहन के बीच हुई भीषण टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.
ट्रक को ओवरटेक करते समय एम्बुलेंस से हुआ हादसा
घटना को लेकर रक्षा जनसंपर्क अधिकारी (राजस्थान), लेफ्टिनेंट कर्नल निखिल धवन ने जानकारी दी. जिसके अनुसार, यह घटना आज( 5 जून) सुबह करीब 5:30 बजे हुई. यह हादसा तब हुआ जब एक एम्बुलेंस, दूसरी तरफ से आ रहे एक ट्रक को ओवरटेक करते समय, सड़क के गलत साइड पर आ गई और सही दिशा में आ रही एक आर्मी गाड़ी (ALS) से सामने जा टकराई।. जिससे मौके पर चीख पुकार मच गई. इस दुर्घटना में तीन की मौत हो गई है.
एंबुलेंस में सवार लोग जयपुर के एक अस्पताल से डिस्चार्ज होकर अपने घर श्रीगंगानगर लौट रहे थे. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एंबुलेंस चालक ने एक ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया, जिससे वह गलत दिशा में चला गया और सामने से आ रहे सेना के ऑपरेशनल कॉन्वॉय के वाहन से टकरा गया.
सेना ने दिखाई तत्परता
हादसा इतना भीषण था कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए. मौके पर मौजूद सेना के जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घायलों को प्राथमिक उपचार दिया और एंबुलेंस की मदद से उन्हें तुरंत सूरतगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया. साथ ही घटना की जानकारी पुलिस को दी.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान श्रीगंगानगर के हिंदुमलकोट इलाके के चक 5बी कोनी गांव के निवासियों के तौर पर हुई है. सदर थाना पुलिस ने तीनों शवों को सूरतगढ़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. हादसे में घायल चार लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. इनमें से दो घायलों को श्रीगंगानगर तथा दो अन्य की गंभीर हालत को देखते हुए बीकानेर रेफर किया गया है. फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें: ऑनलाइन शॉपिंग स्कैम: कैसे गर्म चाय की मदद से Amazon से ठगे 19.87 लाख रुपये, जानें पूरा मामला