Rajasthan Dog Attack: राजस्थान में आवारा कुत्तों की दहशत खत्म होने का नाम नहीं ले रही है. आवारा कुत्तों की दहशत को खत्म करने के लिए कोर्ट ने निगमों को आदेश भी दिए थे. लेकिन इसके बावजूद कुत्तों की दहशत बरकरार है और आए दिन बच्चों पर हमले हो रहे हैं. ताजा मामला बूंदी जिले से आया है जहां चौथी क्लास की मासूम छात्रा पर आवारा कुत्ते ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. बच्ची का इलाज अस्पताल में चल रहा है.
बूंदी जिले के तालेड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां चौथी कक्षा में पढ़ने वाली एक मासूम बालिका पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया. हमले में बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई. घायल बालिका की पहचान कर्ति सेन के रूप में हुई है, जो तालेड़ा क्षेत्र के एक राजकीय विद्यालय में कक्षा चौथी की छात्रा है.
कब और कहां हुआ कुते का हमला
जानकारी के अनुसार कर्ति विद्यालय से घर लौट रही थी, तभी रास्ते में अचानक कुछ आवारा कुत्तों ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया. बालिका के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कुत्तों को भगाकर उसे छुड़ाया. तब तक कुत्तों ने उसके शरीर के कई हिस्सों पर काट लिया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. परिजनों को सूचना मिलने पर तुरंत बालिका को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए कोटा के एमबीएस अस्पताल रेफर कर दिया गया. वर्तमान में कर्ति का उपचार एमबीएस अस्पताल में चल रहा है.
चिकित्सकों के अनुसार बालिका के शरीर पर कई जगह गहरे घाव हैं, लेकिन उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है.
ग्रामीणों में आक्रोश
ग्रामीणों ने बताया कि इलाके में लंबे समय से आवारा कुत्तों की समस्या बनी हुई है, लेकिन इस ओर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. लोगों का कहना है कि स्कूल आने-जाने वाले बच्चों के लिए यह बड़ा खतरा बन चुका है. ग्रामीणों और अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजा जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों. वहीं पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है.
यह भी पढ़ेंः झालावाड़ के सरकारी स्कूल में शिक्षिकाओं की रील्स वायरल, विभाग ने भेजा नोटिस