विज्ञापन

झालावाड़ के सरकारी स्कूल में शिक्षिकाओं की रील्स वायरल, विभाग ने भेजा नोटिस

राजस्थान में झालावाड़ के भवानीमंडी स्थित राजकीय बालिका स्कूल में शिक्षिकाओं द्वारा क्लासरूम में रील्स बनाने के वीडियो वायरल होने से विवाद खड़ा हो गया है. स्कूल समय में फिल्मी गानों पर शूटिंग के आरोप लगे हैं. शिक्षा विभाग ने नोटिस जारी कर जांच शुरू कर दी है.

झालावाड़ के सरकारी स्कूल में शिक्षिकाओं की रील्स वायरल, विभाग ने भेजा नोटिस
शिक्षिकाओं द्वारा क्लासरूम में रील्स बनाने के वीडियो वायरल होने से विवाद खड़ा हो गया है.

Rajasthan News: राजस्थान में झालावाड़ जिले के भवानीमंडी स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने शिक्षा व्यवस्था पर बहस छेड़ दी है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ महिला शिक्षिकाएं स्कूल परिसर और कक्षा के भीतर फिल्मी गानों और डायलॉग्स पर रील्स बनाती नजर आ रही हैं. बताया जा रहा है कि ये वीडियो स्कूल समय के दौरान ही रिकॉर्ड किए गए.

किताबों की जगह कैमरा, छात्राएं भी दिखीं साथ

वायरल वीडियो में कहीं कॉमिक अंदाज में अभिनय तो कहीं फिल्मी संवाद बोलते दृश्य दिखाई दे रहे हैं. कुछ वीडियो में छात्राएं भी नजर आ रही हैं. आरोप है कि पढ़ाई के समय कक्षा को शूटिंग स्थल की तरह इस्तेमाल किया गया. इससे सवाल उठ रहे हैं कि जहां पढ़ाई होनी चाहिए थी वहां मनोरंजन को प्राथमिकता क्यों दी गई.

नियम सख्त, फिर भी हुई लापरवाही

राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने 1 जुलाई 2024 से स्कूल समय में शिक्षकों के मोबाइल उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध के आदेश जारी किए थे. निर्देशों के अनुसार शिक्षकों को मोबाइल प्रधानाचार्य के पास जमा कराना अनिवार्य है और केवल आपात स्थिति में ही उपयोग की अनुमति है. नियम तोड़ने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रावधान भी है. इसके अलावा हाईकोर्ट भी 16 वर्ष से कम उम्र के विद्यार्थियों के मोबाइल उपयोग पर रोक के निर्देश दे चुका है. ऐसे में यह मामला नियमों की अनदेखी जैसा प्रतीत हो रहा है.

अभिभावकों में नाराजगी, विभाग ने भेजा नोटिस

वीडियो वायरल होने के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई. उनका कहना है कि सरकारी स्कूल बेटियों के भविष्य निर्माण का स्थान है. ऐसे में इस तरह की गतिविधियां शिक्षा की गरिमा के खिलाफ हैं. मामले ने तूल पकड़ा तो ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने संबंधित शिक्षिकाओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है. विभागीय जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी.

यह भी पढ़ें- मेवाड़ यूनिवर्सिटी में नर्सिंग कोर्स की मान्यता को लेकर कश्मीरी छात्रों का अधर में भविष्य, 33 छात्र सस्पेंड

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close