राजस्थान की ओर मानसून तेजी से बढ़ रहा है, और अगले कुछ दिनों में प्रदेश में प्रवेश करने की संभावना है. कई क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहेगा. 29 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. रविवार को उदयपुर संभाग समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहा. इसकी वजह से तापमान में कमी है.
गर्मी से लोग परेशान
दूसरी ओर प्रदेश के कई इलाकों में गर्मी लोगों को हाल बेहाल कर रही है. श्रीगंगानगर में तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है. अलवर, कोटा, जयपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर, फलोदी, बीकानेर, चूरू, करौली और दौसा में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है. मानसून की एंट्री से पहले एक बार फिर गर्मी लोगों के पसीने छुड़ा रही है.
हल्की से मध्यम बारिश के आसार
मौसम विभाग ने अगले 3-4 दिनों तक कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में अलर्ट जारी किया है, जहां तेज मेघगर्जन के साथ मध्यम से तेज बारिश हो सकती है. वहीं जयपुर और भरतपुर संभाग में भी कुछ स्थानों पर बारिश के आसार हैं.
2 जुलाई से बढ़ेंगी बारिश की गतिविधियां
दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान में 2 जुलाई से बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई गई है, जबकि 3 से 5 जुलाई के बीच पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है.
पश्चिमी राजस्थान में गर्मी के आसार
दूसरी ओर, पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर बरकरार रहेगा. जोधपुर और बीकानेर संभाग में तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है.
यह भी पढ़ें: पचपदरा रिफाइनरी परिसर में होगा लोकार्पण समारोह, सीएम भजनलाल ने तैयारियों का लिया जायजा